ग्रेटर नोएडा मेट्रो ट्रांसजेंडर फ्रेंडली होगी, सेक्टर-50 पिंक स्टेशन ट्रांसजेंडर्स को समर्पित, एनएमआरसी ने शहर के लोगों से मांगे सुझाव

ग्रेटर नोएडा मेट्रो ट्रांसजेंडर फ्रेंडली होगी, सेक्टर-50 पिंक स्टेशन ट्रांसजेंडर्स को समर्पित, एनएमआरसी ने शहर के लोगों से मांगे सुझाव

ग्रेटर नोएडा मेट्रो ट्रांसजेंडर फ्रेंडली होगी, सेक्टर-50 पिंक स्टेशन ट्रांसजेंडर्स को समर्पित, एनएमआरसी ने शहर के लोगों से मांगे सुझाव

Tricity Today | प्रतीकात्मक फोटो

मौजूदा महामारी के दौर में समाज के प्रत्येक वर्ग को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन ट्रांसजेंडर समाज के लिए और ज्यादा बुरा वक्त है। समाज के इस वर्ग को मुख्यधारा में लाने के लिए नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने बड़ी पहल शुरू की है। नोएडा की मुख्य कार्यपालक अधिकारी और एनएमआरसी की प्रबंध निदेशक ऋतु महेश्वरी ने शहर के निवासियों, गैर सरकारी संगठनों और सामाजिक संस्थानों से सुझाव मांगे हैं। वह जानना चाहती हैं कि ट्रांसजेंडर को किस तरह एनएमआरसी में समायोजित किया जाए। साथ ही एक्वा लाइन मेट्रो कौन से उपाय करें जिनसे इसे ट्रांसजेंडर फ्रेंडली बनाया जा सके।

अब नोएडा मेट्रो रेल कारपोरेशन ने एक नई पहल की शुरुआत की है। ट्रांसजेंडर लोगों की समाज में भूमिका को बढ़ावा देने के लिए नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्वा लाइन मेट्रो के सेक्टर 50 स्टेशन को ट्रांसजेंडरो को समर्पित किया है। इस स्टेशन पर ट्रांसजेंडर लोगों को विशेष सुविधा के साथ-साथ रोजगार भी दिया जाएगा।

पहले महिलाओं को समर्पित किया गया था पिंक मेट्रो स्टेशन
एक्वा मेट्रो लाइन के सेक्टर 50 मेट्रो स्टेशन को महिलाओं के लिए पिंक बनाया गया था। इसका शुभारंभ 8 मार्च 2020 को किया गया था। इस स्टेशन पर महिलाओं के लिए स्तनपान से लेकर मेक-अप इत्यादि की सुविधाएं हैं। इसके साथ ही यहां पर काफी संख्या में महिला कर्मचारी भी कार्यरत हैं। भारत के कैबिनेट सेक्रेटरी की पत्नी और यूपी के चीफ सेक्रेटरी की पत्नी ने विश्व महिला दिवस पर यह मेट्रो स्टेशन महिलाओं को समर्पित किया था।

अब पिंक स्टेशन ट्रांसजेंडर को समर्पित किया गया
अब इस स्टेशन को  नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने ट्रांसजेंडर समुदाय को समर्पित करने का फैसला किया है। जल्द ही इसकी शुरुआत की जाएगी। अधिकारियों का दावा है कि इस समुदाय के लिए उत्तर भारत में किसी भी मेट्रो सिस्टम में पहली बार ऐसा किया जा रहा है। अभी तक इस स्टेशन को पिंक स्टेशन घोषित किया गया था, लेकिन अब इसमें बदलाव करके ट्रांसजेंडर समुदाय को समर्पित किया जाएगा।

नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन की प्रबंध निदेशक ऋतु माहेश्वरी ने कहा, "वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार भारत में 4.90 लाख ट्रांसजेंडर हैं। इनमें से 30-35 हजार एनसीआर क्षेत्र में रहते हैं। यह ट्रांसजेंडर स्टेशन पिंक स्टेशन की तर्ज पर होगा। अब सेक्टर-50 स्टेशन ट्रांसजेंडर समुदाय को समर्पित होगा। हालांकि, यह सभी प्रकार के यात्रियों के लिए खुला रहेगा। इस स्टेशन पर बने शौचालयों के स्ट्रक्चर में बदलाव किया जाएगा। इसके अलावा ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए अलग सुरक्षा जांच पर विचार किया जा रहा है। इस मेट्रो स्टेशन का कामकाज संभालने वाले स्टाफ में कुछ ट्रांसजेंडर को भी नियुक्त किया जाएगा।"

ट्रांसजेंडर को स्वास्थ्य और शिक्षा देकर उन्हें समाज की मुख्य धारा में शामिल करने की जद्दोजहद में लगी संस्था बसेरा की अध्यक्ष रिजवाना उर्फ रामकली ने इस नई पहल का स्वागत किया है। वह कहती हैं कि ट्रांसजेंडर समाज के लोगों की समाज में समान स्वीकार्यता और मान्यता दिलाने का प्रयास कर रही हैं। वह चाहती हैं कि किन्नर समाज के लोग शिक्षित होकर काम करें और सम्मान के साथ जिंदगी गुजारें।

शहर के लोगों से भी एनएमआरसी ने सुझाव मांगे
नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन की प्रबंध निदेशक ऋतु महेश्वरी ने एक्वा लाइन मेट्रो को ट्रांसजेंडर फ्रेंडली बनाने के लिए शहर के लोगों से भी सुझाव मांगे हैं। गैर सरकारी संगठन और शहर की सामाजिक संस्थाएं भी इस विषय पर अपने सुझाव दे सकती हैं। जो सुझाव बेहतर होंगे उन्हें समाहित करके नई व्यवस्था लागू की जाएगी। ऋतु महेश्वरी चाहती हैं कि एक्वा लाइन मेट्रो के यात्री, प्रबंधन और कर्मचारी ट्रांसजेंडर के प्रति समान भाव रखें। यदि कोई ट्रांसजेंडर हमारे बीच में काम करे या यात्रा करे तो हमें कुछ अलग महसूस करने की आवश्यकता नहीं होनी चाहिए।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.