उसे ऐसी सजा मिले कि कोई दूसरा आशु जाट बनने की कोशिश न करे, गौरव चंदेल की पत्नी प्रीति चंदेल से बातचीत

उसे ऐसी सजा मिले कि कोई दूसरा आशु जाट बनने की कोशिश न करे, गौरव चंदेल की पत्नी प्रीति चंदेल से बातचीत

उसे ऐसी सजा मिले कि कोई दूसरा आशु जाट बनने की कोशिश न करे, गौरव चंदेल की पत्नी प्रीति चंदेल से बातचीत

Tricity Today | गौरव चंदेल की पत्नी प्रीति चंदेल

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के निवासी गौरव चंदेल की हत्या इस साल 5 जनवरी की रात नोएडा में पृथला गोल चक्कर के पास कर दी गई थी। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुख्यात मिर्ची गैंग के सरगना आशु जाट ने अपनी पत्नी और एक गुर्गे के साथ मिलकर कार लूट के दौरान गौरव चंदेल के सिर में गोली मारी थी। शनिवार को मुंबई में भेष बदलकर रहते हुए आशु जाट पकड़ा गया है। आशु जाट की गिरफ्तारी पर गौरव चंदेल की पत्नी प्रीति चंदेल ने ट्राइसिटी टुडे से विस्तार से बातचीत की। प्रीति चंदेल ने पुलिस, पब्लिक, मीडिया, क्राइम और आशु जाट पर पूछे गए सवालों का खुलकर जवाब दिए हैं।

प्रीति चंदेल ने सबसे पहले कहा, आशु जाट पकड़ा गया है। उन्हें बहुत खुशी है। वह चाहती हैं कि उसे ऐसी सख्त सजा दी जाए कि कोई दूसरा आशु जाट बनने की कोशिश नहीं करें। उसने जिस तरह से दूसरे लोगों के साथ जघन्य वारदातों को अंजाम दिया है, उसे भी उस दर्द का एहसास होना चाहिए। प्रीति का कहना है कि वह मुंबई से उसके नोएडा आने का इंतजार कर रही हैं। हालांकि, वह यह तय नहीं कर पाई हैं कि वह आशु जाट से मिलना चाहेंगी या नहीं।

आशु जाट की गिरफ्तारी के बारे में नोएडा पुलिस ने बताया
गौरव चंदेल की पत्नी ने बताया कि शनिवार शाम करीब साढ़े छह बजे उन्हें नोएडा पुलिस से इस बारे में जानकारी मिली। उन्होंने कहा, जो गौरव चंदेल के साथ हुआ, आशु जाट के साथ हो तब उनके परिवार को संतुष्टि मिलेगी। प्रीति चंदेल कहती हैं कि पिछले 8-9 महीने उन्होंने और उनके परिवार ने बेहद दर्द भरे बिताए हैं। उन्हें तो लगने लगा था कि शायद आशु जाट अब नहीं पकड़ा जाएगा, लेकिन बार-बार गौतमबुद्ध नगर पुलिस की ओर से सकारात्मक रुख अपनाया गया। जिसकी वजह से उनके मन में भी एक आशा कायम रही। अंततः शनिवार को जब आशु की गिरफ्तारी के बारे में पुलिस ने उन्हें बताया तो उन्हें बेहद खुशी हुई है।

नेताओं के वादे इस मामले में भी पूरे नहीं हुए
प्रीति चंदेल ने कहा, जैसा नेता अमूमन चुनाव और पॉलिटिकल रैली में करते हैं, ठीक ऐसा ही उन्होंने गौरव चंदेल की हत्या में भी किया है। नेताओं के किए गए वादे पूरे नहीं हुए हैं। प्रीति कहती हैं कि मुझे इस बात का मलाल है, लेकिन नेता तो नेता होते हैं। इसलिए कभी ज्यादा दुख नहीं हुआ है। आपको बता दें कि प्रीति चंदेल से मुलाकात करने के लिए भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस और समाजवादी पार्टी समेत तमाम नेता पहुंचे थे। उनसे सहयोग, समर्थन और मदद देने के तमाम वादे किए थे। प्रीति चंदेल उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करना चाहती थीं। मुख्यमंत्री की ओर से उन्हें मुलाकात का समय नहीं मिला। इसे लेकर भी यूपी चंदेल दुख जाहिर किया है।

ग्रेटर नोएडा आने का फैसला बहुत गलत साबित हुआ है
यह बात प्रीति चंदेल पूर्व में भी कह चुकी हैं। उन्होंने एक बार फिर अपनी बात को दोहराया है। प्रीति चंदेल का कहना है कि वह गौरव को लेकर ग्रेटर नोएडा आई थीं। गौरव ग्रेटर नोएडा आकर नहीं रहना चाहते थे। जब हम लोग इस शहर में बसने का प्लान बना रहे थे तो लोगों ने हमें कहा था कि वह कानून व्यवस्था बेहद खराब है। आदमी के जीवन की कोई कीमत नहीं है, लेकिन हम लोगों ने ग्रेटर नोएडा आकर बसने का फैसला ले लिया। जो हमें बहुत भारी पड़ा है। प्रीति चंदेल ने कहा कि जो हादसा उनके साथ हुआ है, उसके बाद शहर में कभी भी सुरक्षित महसूस नहीं करेंगी। जीवन की एक बड़ी भूल थी कि ग्रेटर नोएडा शिफ्ट हुई। उन्होंने सरकार से अपील करते हुए कहा कि जो उनके पति के साथ किया गया, वैसी सजा मुख्य आरोपी आशु जाट को दी जाए।

पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह की हमेशा आभारी रहूंगी
प्रीति चंदेल ने कहा, गौतमबुद्ध नगर के पुलिस कमिश्नर आलोक कुमार सिंह की वह सदैव आभारी रहूंगी। गौरव की हत्या के बाद से लेकर अब तक उन्होंने मेरे परिवार की सुरक्षा का बहुत ख्याल रखा है। पिछले 8 महीनों से हमारे साथ दो गनर साये की तरह रहे हैं। वह निरंतर मेरे संपर्क में रहे और मुझे धैर्य बंधाते रहे। मैं तो यह उम्मीद छोड़ चुकी थी कि आशु जाट कभी गिरफ्तार होगा। लेकिन पुलिस कमिश्नर ने उम्मीद नहीं छोड़ी थी। अंततः उनके प्रयास और उम्मीद रंग लाए हैं। प्रीति चंदेल ने कहा कि पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह ने परिवार के एक सदस्य की तरह उन्हें हमेशा ढांढस बंधाया है।

शहर की सुरक्षा पर ध्यान दें पुलिस और सरकार
प्रीति चंदेल ने एक सवाल के जवाब में कहा, उत्तर प्रदेश सरकार और गौतमबुद्ध नगर पुलिस को नोएडा, ग्रेटर नोएडा वेस्ट व ग्रेटर नोएडा शहर की सुरक्षा पर और ध्यान देना चाहिए। यह उम्मीदों के शहर हैं। उत्तर प्रदेश ही नहीं देश का अमूमन हर कारोबारी और पेशेवर यहां आकर बसना चाहता है। अगर यहां के सुरक्षा इंतजाम बेहतर होंगे तो लोगों को हमारे जैसे बुरे समय का सामना नहीं करना पड़ेगा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट में सीसीटीवी कैमरे, पुलिस की निगरानी और ज्यादा संसाधनों की जरूरत है। मुझे जानकारी दी गई थी कि शहर में सीसीटीवी की निगरानी बढ़ाने के लिए प्रस्ताव सरकार को भेजा गया है। इस पर सरकार को जल्दी और सकारात्मक फैसला लेना चाहिए। मैं केवल यही मांग करती हूं कि जैसा हादसा मेरे परिवार के साथ हुआ, ऐसा किसी दूसरे के साथ अब नहीं होना चाहिए।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.