अमर सिंह की मौत से गम में डूबीं जयाप्रदा, लिखा- हमें छोड़कर कैसे जा सकते हैं

अमर सिंह की मौत से गम में डूबीं जयाप्रदा, लिखा- हमें छोड़कर कैसे जा सकते हैं

अमर सिंह की मौत से गम में डूबीं जयाप्रदा, लिखा- हमें छोड़कर कैसे जा सकते हैं

Tricity Today | अमर सिंह की मौत से गम में डूबीं जयाप्रदा

राज्यसभा सांसद और समाजवादी पार्टी के दिग्गज नेताओं में शुमार रहे अमर सिंह का शनिवार की दोपहर बाद सिंगापुर में निधन हो गया। अमर सिंह लंबे अरसे से बीमार थे और करीब 6 महीने से सिंगापुर में इलाज करवा रहे थे। अमर सिंह को किडनी से जुड़ी बीमारी थी और इसकी पूर्व में सर्जरी करवा चुके थे। दरअसल, अमर सिंह को वर्ष 2013 में किडनी की बीमारी का पता चला था। जिसके बाद से वह किडनी ट्रांसप्लांट के सहारे जीवन यापन कर रहे थे। शनिवार को उनकी मौत के बाद उद्योग, राजनीति और बॉलीवुड जगत में लोगों ने दुख जाहिर किया है।

उनकी सबसे करीबी माने जाने वाली बॉलीवुड एक्ट्रेस जयाप्रदा ने इंस्टाग्राम पर एक लंबा शोक संदेश लिखा है। जयप्रदा ने अपनी पोस्ट में लिखा, "अमर सिंह जी के निधन की खबर सुनते ही मुझे दुख पहुंचा है। ठाकुर अमर सिंह एक राजनेता के साथ-साथ सामाजिक व्यक्ति थे। वह दूसरों के दुख को अपना दुख समझते थे। भारतीय राजनीति में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही थी। जिसकी पूर्ति कोई नहीं कर सकता है।"

जयाप्रदा ने अपनी पोस्ट में आगे लिखा, "अमर सिंह साहब मेरे राजनीतिक मार्गदर्शक और गॉडफादर थे। मेरे दुख की घड़ी में हर पल उन्होंने मेरा साथ दिया था। हमेशा समाज की सेवा करने के लिए मुझे उन्होंने प्रेरित किया। आज मैं राजनीति में उन्हीं की वजह से जिंदा हूं। अमर सिंह साहब आज हमारे बीच में नहीं रहे। यह जानकर मुझे यकीन नहीं होता है। मुझे विश्वास नहीं हो पा रहा है कि वह हमें छोड़ कर कैसे जा सकते हैं? मैं बहुत दुख और तकलीफ में हूं। मेरे पास शब्द नहीं हैं। मैं भगवान से उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करती हूं। मैं दुख की इस घड़ी में उनके परिवार के साथ हूं। ईश्वर हमें इस दुख को सहने की शक्ति दें।"

आपको बता दें कि जयाप्रदा को अमर सिंह ही समाजवादी पार्टी की राजनीति में लेकर आए थे। जयाप्रदा ने समाजवादी पार्टी के टिकट पर रामपुर से चुनाव लड़ा और वह सांसद निर्वाचित हुई थीं। एक वक्त था जब जयप्रदा और अमर सिंह समाजवादी पार्टी के ग्लैमरस फेस बन चुके थे। अमर सिंह, अमिताभ बच्चन और उनकी पत्नी जया बच्चन को समाजवादी पार्टी में लेकर आए। अमर सिंह ने जया बच्चन और जया प्रदा को लोकसभा और राज्यसभा तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

शनिवार को अमर सिंह के निधन पर समाजवादी पार्टी के मुखिया और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस की अध्यक्ष सोनिया गांधी समेत तमाम दिग्गज राजनेताओं ने अफसोस व्यक्त किया है। अखिलेश यादव ने अमर सिंह को मार्गदर्शक बताया। नरेंद्र मोदी ने लिखा कि उन्होंने देश की महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाओं को बेहद निकट से देखा था। सोनिया गांधी ने भी अमर सिंह की मृत्यु को अपूरणीय क्षति करार दिया है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.