दादरी के शेर सिंह हत्याकांड के खिलाफ हुई महापंचायत, विधायक भी पहुंचे, डीसीपी से ये 5 मांग रखी गईं

दादरी के शेर सिंह हत्याकांड के खिलाफ हुई महापंचायत, विधायक भी पहुंचे, डीसीपी से ये 5 मांग रखी गईं

दादरी के शेर सिंह हत्याकांड के खिलाफ हुई महापंचायत, विधायक भी पहुंचे, डीसीपी से ये 5 मांग रखी गईं

Google Image | दादरी के शेर सिंह हत्याकांड के खिलाफ हुई महापंचायत

ग्रेटर नोएडा के दादरी कस्बे में बीते सोमवार को दिनदहाड़े भरे बाजार युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई थी। दादरी कोतवाली क्षेत्र के गांव चिटहरा के निवासी युवक शेर सिंह भाटी की नई आबादी मोहल्ले में कुछ युवकों ने ताबड़तोड़ हमला करके हत्या कर दी थी। इस हत्याकांड के विरोध में शुक्रवार को चिटहरा गांव के शिव मंदिर पर महापंचायत का आयोजन किया गया। पंचायत में सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण एकत्र हुए।

दादरी से भारतीय जनता पार्टी के विधायक मास्टर तेजपाल सिंह नागर और लोनी के विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने भी महापंचायत में भाग लिया। ग्रेटर नोएडा के पुलिस उपायुक्त राजेश कुमार सिंह भी महापंचायत में पहुंचे। लोगों ने इस हत्याकांड में कड़ी कार्रवाई करने और शेर सिंह भाटी के परिवार को आर्थिक सहायता से जुड़ी 5 मांग रखी हैं। लोगों ने एक ज्ञापन पुलिस उपायुक्त को सौंपा है।

महापंचायत के आयोजकों में से एक समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता एडवोकेट श्याम सिंह भाटी ने कहा, गौतमबुद्ध नगर जिले में कानून-व्यवस्था का कोई नाम नहीं बचा है। दिनदहाड़े लोगों को मौत के घाट उतारा जा रहा है। दादरी कस्बे में शेर सिंह भाटी की भरे बाजार निर्ममता से हत्या कर दी गई है। आरोपियों और दादरी कोतवाली में तैनात पुलिस अधिकारियों के बीच ताल्लुकात हैं। इस मामले की गंभीरता से जांच करवाने की आवश्यकता है। पुलिस ने 2 लोगों को गिरफ्तार किया है, लेकिन कड़ा एक्शन नहीं लिया गया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों से नाटक करके वीडियो बनाकर पुलिस ने सोशल मीडिया पर डाली है। पुलिस ने यह दिखाने का प्रयास किया है कि दोनों आरोपियों को कड़ी सजा दी गई है, लेकिन ऐसा कुछ नहीं है। इस हत्याकांड में शामिल गिरफ्तार किए गए दोनों लोगों को थाने में वीआईपी ट्रीटमेंट दिया गया। इसी वजह से महापंचायत का आयोजन करना पड़ा।

श्याम सिंह भाटी एडवोकेट ने बताया कि हम लोगों ने एक ज्ञापन पुलिस उपायुक्त और दादरी के विधायक तेजपाल सिंह को सौंपा है। जिसमें मुख्य रूप से पांच मांगे रखी गई हैं। दादरी कस्बे के चौकी इंचार्ज के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। इस हत्याकांड में उसकी संलिप्तता की जांच भी होनी चाहिए। शेर सिंह भाटी के परिवार को उत्तर प्रदेश सरकार एक करोड़ रुपए की आर्थिक मदद दे। उसकी पत्नी को नौकरी दी जाए। बच्चों की शिक्षा निशुल्क की जाए। शेर सिंह के परिवार को घर बनाकर दिया जाए। दादरी पुलिस इलाके में सक्रिय आपराधिक तत्वों के खिलाफ एक अभियान चलाए और ऐसे लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए।

हत्यारोपियों को कड़ी सजा और शेर सिंह के परिवार को आर्थिक मदद मिलेगी: तेजपाल नागर

महापंचायत में शामिल हुए दादरी के विधायक मास्टर तेजपाल सिंह नागर ने कहा, यह घटना बेहद दुखद है। घटना का वीडियो देखकर लगा कि अपराधियों के मन में डर नहीं था। उन्होंने भरे बाजार एक जवान युवक को मौत के घाट उतार दिया। मैंने इस हत्याकांड में कड़ी कार्यवाही करने के लिए पुलिस कमिश्नर और शासन में बात की है। दोषियों को कड़ी सजा दी जाएगी। पुलिस से कहा गया है कि बाकी फरार आरोपियों को भी जल्दी से जल्दी गिरफ्तार किया जाए। इन लोगों को कड़ी सजा दिलाने के लिए पुलिस गंभीरता से काम करेगी। शेर सिंह भाटी के परिवार को आर्थिक मदद सरकार से दिलवाई जाएगी। महापंचायत में लोनी से भारतीय जनता पार्टी के विधायक नंदकिशोर गुर्जर भी शामिल हुए। नंदकिशोर गुर्जर ने इस हत्याकांड के बाद 2 ट्वीट भी किए थे। जिसमें आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की गई थी।

अपराधियों के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा: डीसीपी

महापंचायत में शामिल लोगों ने ग्रेटर नोएडा के पुलिस उपायुक्त राजेश कुमार सिंह को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान राजेश कुमार सिंह ने लोगों को बताया कि हत्याकांड को लेकर पुलिस बेहद गंभीर है। दो आरोपियों को गिरफ्तार करके गुरुवार को जेल भेजा जा चुका है। बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी भी जल्दी ही हो जाएगी। पुलिस इस हत्याकांड को बेहद गंभीरता से ले रही है। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। अगर किसी पुलिसकर्मी की कोई भी संलिप्तता इस मामले में पाई गई तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

डीसीपी ने लोगों को आश्वासन दिया कि उनकी ओर से जताई गई आशंकाओं पर गंभीरता से जांच की जाएगी। डीसीपी ने कहा कि पूरे इलाके में अपराधियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसे और प्रभावी ढंग से चलाया जाएगा। पुलिस की पूरी कोशिश है कि आम आदमी को कोई परेशानी नहीं होने दी जाए। आपराधिक घटनाओं को रोकने और खुलासा करने के लिए पुलिस दिन रात काम कर रही है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.