Greater Noida: डीएम को ज्ञापन देने जा रहे ब्राह्मण समाज के लोगों से पुलिस की नोंकझोंक, कई को हिरासत में लिया गया

Greater Noida: डीएम को ज्ञापन देने जा रहे ब्राह्मण समाज के लोगों से पुलिस की नोंकझोंक, कई को हिरासत में लिया गया

Greater Noida: डीएम को ज्ञापन देने जा रहे ब्राह्मण समाज के लोगों से पुलिस की नोंकझोंक, कई को हिरासत में लिया गया

Tricity Today | डीएम को ज्ञापन देने जा रहे ब्राह्मण समाज के लोगों से पुलिस की नोंकझोंक, कई को हिरासत में लिया गया

उत्तर प्रदेश में हो रही हत्याओं के खिलाफ अखिल भारतीय ब्राह्मण महासंघ के बैनर तले ब्राह्मण समाज के लोग सोमवार की सुबह ग्रेटर नोएडा में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपने जा रहे थे। इन लोगों को सूरजपुर के एसएचओ ने रास्ते में रोक लिया और कलेक्ट्रेट जाने से मना किया। इस पर ब्राह्मण समाज के लोगों ने पुलिस को बताया कि वे लोग शांति पूर्वक डीएम को ज्ञापन देना चाहते हैं। पुलिस ने लोगों को जानकारी दी कि जिले में धारा 144 लागू है, ऐसे में प्रदर्शन नहीं किया जा सकता है। पुलिस ने कलेक्ट्रेट के गेट बंद कर दिए। इसके चलते पुलिस और लोगों के बीच नोकझोंक हुई।

ब्राह्मण संघ ने ज्ञापन सौंपा और लोग वापस लौट गए
ब्राह्मण महासंघ ने एसडीएम को अपना ज्ञापन सौंपा। इन लोगों ने गाजियाबाद में पत्रकार विनय जोशी के हत्यारोपियों के खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाने और परिवार को 50 लाख रुपए आर्थिक सहायता देने की मांग की। उत्तर प्रदेश में हो रही ब्राह्मण समाज के लोगों की हत्याओं को रोकने की मांग की। जिन ब्राह्मण परिवारों में हत्याएं हुई हैं, उन्हें आर्थिक मदद देने की मांग की है।

बाद में पुलिस ने कई युवकों को घरों से उठा लिया
अखिल भारतीय ब्राह्मण महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रमोद शर्मा का कहना है कि कलेक्ट्रेट पर एसडीएम को शांतिपूर्ण ढंग से ज्ञापन देने के बाद सभी लोग वापस अपने घर लौट गए थे। इसके बाद सूरजपुर के एसएचओ फोर्स लेकर हम लोगों के घर पहुंचे और कई लोगों को जबरन अवैध रूप से उठाकर लाए हैं। प्रमोद कुमार शर्मा का कहना है कि यही व्यवहार पूरे उत्तर प्रदेश में ब्राह्मण समाज के लोगों के साथ किया जा रहा है। हमारे समाज के लोगों की हत्याएं की जा रही हैं। अगर कोई इन हत्याओं के खिलाफ आवाज उठाना चाहता है तो उसे पुलिस से कुचलवा दिया जाता है। अगर पुलिस हम लोगों को जेल भेजना चाहती है तो भेज दे, लेकिन कोई एक-दो लोग जेल नहीं जाएगा। ब्राह्मण समाज के हजारों लोग जेल जाने के लिए तैयार हैं।

जिले के ब्राह्मणों में शुरू हुई सक्रियता
ब्राह्मण महासंघ के पदाधिकारियों की गिरफ्तारी की जानकारी मिलने के बाद गौतमबुद्ध नगर में ब्राह्मण समाज के लोग सक्रिय हो गए हैं। दादरी, दनकौर, नोएडा और ग्रेटर नोएडा में लोग इकट्ठे हो रहे हैं। जिला बार एसोसिएशन और कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन में भी मैसेज भिजवाया गया है। जिला बार एसोसिएशन के पूर्व सचिव ललित शर्मा एडवोकेट और कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष अतुल शर्मा एडवोकेट सूरजपुर थाने पहुंचे हैं। इन लोगों का कहना है कि अगर लोकतंत्र में अपनी बात कहना कानूनन अपराध है तो हम लोग भी अपनी बात कहने के लिए यहां आए हैं। हमें भी पुलिस को गिरफ्तार कर लेना चाहिए।

भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष शिवम शर्मा का कहना है कि अपनी बात कहने का सभी को पूरा अधिकार है। पुलिस ने गलत तरीके से ब्राह्मण समाज के युवकों को घरों से उठाया है। इन्हें तत्काल रिहा किया जाना चाहिए। भारत जनता पार्टी के पूर्व जिला उपाध्यक्ष पंडित अनिल शर्मा ने कहा, जानकारी मिली है कि ब्राह्मण समाज के लोग शांतिपूर्ण ढंग से अपना ज्ञापन देने जा रहे थे। पुलिस ने बिना वजह अव्यवस्था पैदा की। जब लोगों ने अपनी बात रखनी चाहिए तो पुलिस की ओर से अभद्रता की गई। ऐसा नहीं किया जाना चाहिए।

नोएडा महानगर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष पंडित कृपाराम शर्मा का कहना है कि यह ज्यादती है। इसी तरह पूरे प्रदेश में ब्राह्मणों पर जुल्म किए जा रहे हैं। आवाज उठाने पर हत्याएं की जा रही हैं। मुकदमे दर्ज करके जेल भेजा जा रहा है। ग्रेटर नोएडा में भी सोमवार को यही घटना देखने को मिली है। ब्राह्मण समाज के लोग शांतिपूर्वक अपनी बात रखने के लिए डीएम से मिलने जा रहे थे। पुलिस ने लोगों के साथ बदतमीजी की। विरोध करने पर लाठीचार्ज की धमकी दी। लोग ज्ञापन सौंपकर अपने घर वापस लौट गए तो फिर उन्हें घरों से उठाकर थाने में बंद कर दिया गया है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.