चंद्रशेखर रावण पर कड़ी कार्रवाई के लिए राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष ने यूपी के डीजीपी को चिट्ठी भेजी

चंद्रशेखर रावण पर कड़ी कार्रवाई के लिए राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष ने यूपी के डीजीपी को चिट्ठी भेजी

चंद्रशेखर रावण पर कड़ी कार्रवाई के लिए राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष ने यूपी के डीजीपी को चिट्ठी भेजी

Tricity Today | चंद्रशेखर रावण

आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और भीम आर्मी के मुखिया चंद्रशेखर रावण पर कड़ी कार्रवाई करने के लिए राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक को चिट्ठी भेजी है। गुरुवार को चंद्रशेखर रावण के पुराने ट्वीट वायरल हो रहे थे, जिनमें कई महिलाओं पर बेहद आपत्तिजनक और अपशब्दों वाली टिप्पणी की गई हैं। इसे लेकर गुरुवार को देशभर से लोगों ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।

राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक एचसी अवस्थी को चिट्ठी लिखी है। रेखा शर्मा ने मांग की है कि आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर रावण पर कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने महिलाओं का सार्वजनिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर घोर अपमान किया है। रेखा शर्मा ने पत्र में लिखा है कि एक सभ्य समाज में राजनीतिक पृष्ठभूमि के व्यक्ति से ऐसी अपेक्षा नहीं की जा सकती है। जिस तरह की अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल ट्वीट्स में किया गया है, उससे साफ जाहिर होता है कि आरोपी की प्रवृत्ति आपराधिक है। वह महिला विरोधी हैं। ऐसे व्यक्ति के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जानी नितांत आवश्यक है।

आपको बता दें कि गुरुवार की सुबह यह मामला सोशल मीडिया पर सामने आया। जिसके बाद टि्वटर, फेसबुक, इंस्टाग्राम और तमाम दूसरे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर यह मुद्दा छा गया। जिन महिलाओं के खिलाफ इस तरह के अभद्र बयान ट्वीट किए गए थे, उन्हीं महिलाओं ने आगे आकर यह जानकारी दी है। ट्वीट की भाषा इतनी आपत्तिजनक है कि हम उन्हें यहां प्रकाशित नहीं कर सकते हैं। हालांकि यह मामला सामने आने के बाद चंद्रशेखर ने अपना बयान जारी किया। उन्होंने सफाई दी है। उनका कहना है कि जिन तारीखों में यह ट्वीट किए गए हैं, उस वक्त वह जेल में बंद थे। सहारनपुर में हुए जातीय दंगों के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया था। ऐसे में यह ट्वीट उन्होंने नहीं किए हैं। ट्वीट किसी अन्य व्यक्ति ने किए हैं। 

चंद्रशेखर ने इसके बावजूद माफी मांगी है। उन्होंने कहा है कि वह महिलाओं का बहुत सम्मान करते हैं और कभी ऐसा करने के बारे में सोच भी नहीं सकते हैं। दूसरी ओर उत्तर प्रदेश पुलिस ने सहारनपुर पुलिस को मामले में जांच करने का आदेश दे दिया है। सहारनपुर पुलिस की ओर से ट्विटर पर बताया गया है कि साइबरसेल पूरे मामले की जांच कर रही है। हालांकि अभी तक सहारनपुर पुलिस की ओर से इस मामले को लेकर कोई स्थिति साफ नहीं की गई है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.