नोएडा और ग्रेटर नोएडा का बहुत शोषण किया गया है लेकिन अब विकास होगा, पढ़िए योगी आदित्यनाथ का पूरा भाषण

नोएडा और ग्रेटर नोएडा का बहुत शोषण किया गया है लेकिन अब विकास होगा, पढ़िए योगी आदित्यनाथ का पूरा भाषण

नोएडा और ग्रेटर नोएडा का बहुत शोषण किया गया है लेकिन अब विकास होगा, पढ़िए योगी आदित्यनाथ का पूरा भाषण

Tricity Today | Yogi Adityanath

नोएडा के सेक्टर-108 में नवनिर्मित पुलिस आयुक्त कार्यालय का उद्घाटन करने आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, नोएडा और ग्रेटर नोएडा का पिछली सरकारों के कार्यकाल में बहुत शोषण किया गया है। इस शहर के लोगों को बुरी तरह लूटा गया है। लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। अब विकास होगा। सीएम ने कहा, गौतमबुद्ध नगर में पुलिस आयुक्त प्रणाली लागू होने के लिए आप सभी को बधाई देता हूं।

योगी आदित्यनाथ ने गौतमबुद्ध नगर और लखनऊ में पुलिस कमिश्नर सिस्टम लागू होने के बाद आईएएस और आईपीएस अधिकारियों के बीच खींचतान की खबरों पर विराम लगाते हुए कहा, समय के अनुरूप हम सभी को खुद को बदलने की आदत डालनी पड़ेगी। यह आज की जरूरत है कि बदलते परिवेश में लकीर का फकीर बनने की बजाय किसी व्यवस्था को केवल अधिकारों की लड़ाई तक सीमित नहीं रखें। बेहतर व्यवस्था, स्मार्ट सिटी, स्मार्ट विलेज और सुरक्षा के लिए पुलिस आयुक्त प्रणाली प्रदेश के दो शहरों में लागू की गई है।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा, मुझे यह खुशी है कि इस व्यवस्था को आगे बढ़ाने के लिए नोएडा प्राधिकरण ने यह शानदार भवन दिया है। मैं नोएडा की इस टीम को अच्छे काम के लिए बधाई देता हूं। सीएम ने कहा, उत्तर प्रदेश बदल रहा है। यह बदलाव केवल भाषणों तक नहीं है। प्रत्यक्ष रूप से देखने को मिल रहा है। प्रत्येक क्षेत्र में बदलाव आया है। यह बात वह लोग करते हैं जो बाहर आवागमन करते हैं। वह दूसरे राज्यों से अब यूपी की तुलना करते हैं।

सीएम ने पुलिस को क्रेडिट देते हुए कहा, इस सबके पीछे पुलिस की बड़ी महत्वपूर्ण भूमिका है। यूपी में पुलिस की भर्ती नहीं हो पा रही थी। भर्ती के मामले हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में लंबित थे। हमने अपनी पूरी भर्ती प्रक्रिया कोर्ट के सामने रख दी। पिछले दो वर्षों में 1.37 लाख पुलिस कर्मियों की भर्ती कर चुके हैं। प्रदेश में 23 करोड़ लोगों की सुरक्षा के लिए केवल 1.30 लाख पुलिस बल था। अब 1.37 लाख पुलिस और आई है। हमने जब सरकार बनाई थी तो पुलिस की संख्या दोगुना करने और बुनियादी क्षमता बढ़ाने का लक्ष्य तय किया था।

मुख्यमंत्री यागी आदित्यनाथ ने कहा, अब यह सोचना है कि स्मार्ट पुलिससिंग को कैसे आगे बढ़ाना है। नोएडा में एक साइबर थाना था। पता नहीं कैसे सांस ले पा रहा था। अब दो थाने हैं। हर मंडल में फोरेंसिक लैंब बनाएंगे। पुलिस यूनिवर्सिटी बनाएंगे। इन सबके लिए इसी बजट में पैसा दे दिया गया है। स्मार्ट एंड सेफ सिटी में हमारे पास पैसे की कमी नहीं लेकिन हम अपनी परियोजना नहीं बना पा रहे हैं। अपराध करने का ढंग बदला है। उसके अनुरूप हमें पुलिस को बदलना पड़ेगा। हमें पुरातन और नवीन के बीच सामंज्स्य बानना पड़गा।

सीएम ने आगे कहा, लंबे अरसे से कमिश्नर प्रणाली की मांग की जा रही थी। लेकिन, यूपी की सरकारों में इच्छाशक्ति का अभाव था। यह कहीं भी अधिकारों के मध्य द्वंद्व नहीं है। यह आम आदमी की सुरक्षा का फैसला है।

सीएम ने कहा, नोएडा अभिशप्त था। यहां सीएम नहीं आते थे। अब इस रुढ़िवाद को समाप्त करना होगा। नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण के नाम पर शोषण हुआ है। लोगों के साथ अन्याय किया गया है। बहुत बुरी तरह से इन शहरों का शोषण किया गया है। हम पिछली बातों पर जाना नहीं चाहते हैं। यह कमिश्नर प्रणाली इन शहरों को बड़ा फायदा देगी। यह ब्रिटिश पुलिस नहीं है। यह भारतीय पुलिस है। हमारा आम आदमी, सीनियर सिटीजन और महिला से सीधा संपर्क होना चाहिए।

योगी आदित्यनाथ ने कहा, नोएडा में लड़कियों और महिलाएं बहुत बड़ी संख्या में काम करती हैं। हमें कोशिश करनी है कि उनके सामने सुरक्षा की कोई परेशानी नहीं हो। बेहतर पेट्रोलिंग के माध्यम से उन्हें सुरक्षा का बेहतर माहौल देने के लिए प्रयास करने चाहिएं। महिलाएं और बालिकाएं खुद को सुरक्षित महसूस करें।

सीएम ने आगे कहा कि लोकतंत्र में चुने गए प्रतिनिधि, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारीमिलकर काम करें तो परिणाम शानदार आएंगे। मैंने देखा है, जब जेवर एयरपोर्ट के लिए काम शुरू किया था तो बड़ा संशय था। यह वही क्षेत्र है, जहां भट्टा पारसौल की घटना हुई थी। जहां बहुत बड़ी-बड़ी शर्मसार करने वाली वारदात हुई थीं। मैंने किसानों से निवेदन किया था कि आपको निर्णय लेना है। इस परेशानी से बचने के लिए विकास ही विकल्प है। आपको इस बदनामी से मुक्ति मिल जाएगी। मैंने उनसे कहा था कि विकास का कोई विकल्प नहीं होता है। जेवर के किसानों से कहा था कि आनपे तो अपना जीवन काट लिया है, अब आपकी नई पीढ़ी को देखना है। परिणाम सामने आया। किसान आए मेरे घर। उन्होंने जमीन दी और कहा कि आप एयरपोर्ट बनाएं। यह सकारात्मकता है। ऐसा देश में पहली बार हुआ होगा कि किसान खुद चलकर सीएम के पास आए और अपनी जमीनों के कागजात सौंप दिए।

योगी आदित्यनाथ ने अपना संकल्प दोहराते हुए कहा, हम 23 करोड़ लोगों की सुरक्षा और समृद्धि के लिए प्रदेश को आगे बढ़ा रहे हैं। जो भी सरकार को कदम उठाने पड़ेंगे उठाए जाएंगे। लोगों की सुरक्षा और विकास ही मेरे लिए सर्वोपरि हैं। सरकार इसके लिए हर संभव काम करेगी।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.