नोएडा में 1 अगस्त से कूड़ा उठाने के नियम बदले, अगर लापरवाही बरती तो कूड़ा नहीं उठाएंगे प्राधिकरण के कर्मचारी

नोएडा में 1 अगस्त से कूड़ा उठाने के नियम बदले, अगर लापरवाही बरती तो कूड़ा नहीं उठाएंगे प्राधिकरण के कर्मचारी

नोएडा में 1 अगस्त से कूड़ा उठाने के नियम बदले, अगर लापरवाही बरती तो कूड़ा नहीं उठाएंगे प्राधिकरण के कर्मचारी

Google Image | प्रतीकात्मक फोटो

नोएडा विकास प्राधिकरण ने आने वाले 1 अगस्त से शहर में कूड़ा उठाने के नियमों में बड़ा बदलाव कर दिया है। अगर आपने प्राधिकरण के नए नियमों का पालन नहीं किया तो कर्मचारी आपके घर से कूड़ा लेकर नहीं जाएंगे। विकास प्राधिकरण की मुख्य कार्यपालक अधिकारी ऋतु महेश्वरी ने इसके लिए बाकायदा विस्तृत दिशानिर्देश जारी किए हैं।

नोएडा के निवासियों को अब अपने घरों में तीन तरह के डस्टबिन रखने होंगे। इनमें एक डस्टबिन हरा, दूसरा नीला और तीसरा लाल रंग का होगा। तीनों डस्टबिन में घर से निकलने वाला कूड़ा अलग-अलग ढंग से रखना होगा। यह व्यवस्था 1 अगस्त से लागू हो जाएगी। अगर लोगों ने ऐसा नहीं किया तो उनके घर से विकास प्राधिकरण के कर्मचारी कूड़ा लेकर नहीं जाएंगे। 

शहर के लोगों को हरे डस्टबिन में घर से निकलने वाला गीला कूड़ा रखना होगा। इस कूड़े में सब्जी फल और अंडे के छिलके रखे जाएंगे। मांस, मछली की हड्डियां और बचा हुआ खाना हरे डस्टबिन में रखना होगा। नीले रंग के डस्टबिन में सूखा कूड़ा रखा जाएगा। इसमें कागज, रद्दी, इस्तेमाल किए हुए रैपर, बोतल और केन शामिल हैं। 

तीसरी डस्टबिन लाल रंग की होगी। इसमें मेडिकल वेस्ट और गैर बायोडिग्रेडेबल कूड़ा रखना होगा। मसलन, घर से निकलने वाले रेजर, कैंची, बल्ब और शीशे का सामान लाल रंग के डस्टबिन में रखा जाएगा। नोएडा विकास प्राधिकरण की मुख्य कार्यपालक अधिकारी ऋतु माहेश्वरी ने कहा, "शहर में स्वच्छता और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए यह फैसला लिया गया है। विकास प्राधिकरण के कर्मचारी 1 अगस्त से केवल सेग्रीगेटेड यानी अलग-अलग किया गया कूड़ा ही उठाएंगे। घरों से निकलने वाले कचरे को अलग-अलग डस्टबिन में रखकर कर्मचारियों को देना होगा। अगर ऐसा नहीं किया जाएगा तो कर्मचारी कूड़ा लेकर नहीं जाएंगे।"

आपको बता दें कि नोएडा विकास प्राधिकरण शहर में स्वच्छता पर विशेष जोर दे रहा है। पिछले 2 साल से विकास प्राधिकरण स्वच्छ भारत अभियान के तहत रेटिंग सुधारने की कोशिश कर रहा है। जिसके बेहद सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। इस साल स्वच्छ भारत अभियान के तहत शहर की रैंकिंग सुधरी है। साथ ही कचरा प्रबंधन के मामले में नोएडा शहर को केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय ने 3 स्टार रेटिंग दी है। अब विकास प्राधिकरण स्थिति को और ज्यादा बेहतर बनाने के लिए नई योजनाएं बना रहा है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.