नोएडा प्राधिकरण कार्यालय पर फिर पहुंची सफाई कर्मचारियों की भीड़, धरना शुरू

नोएडा प्राधिकरण कार्यालय पर फिर पहुंची सफाई कर्मचारियों की भीड़, धरना शुरू

नोएडा प्राधिकरण कार्यालय पर फिर पहुंची सफाई कर्मचारियों की भीड़, धरना शुरू

Tricity Today | नोएडा प्राधिकरण कार्यालय पर फिर पहुंची सफाई कर्मचारियों की भीड़, धरना शुरू

नोएडा विकास प्राधिकरण के खिलाफ आंदोलन कर रहे सफाई कर्मचारी सोमवार को दिन निकलते ही एक बार फिर सेक्टर-6 में प्राधिकरण मुख्यालय पर जा बैठे। सैकड़ों की संख्या में सफाई कर्मचारी प्राधिकरण कार्यालय के बाहर धरना दे रहे हैं। जोरदार नारेबाजी चल रही है। शनिवार को हंगामे के बाद एक दिन के लिए धरना स्थगित कर दिया गया था। रविवार को शांति रही। सोमवार को प्राधिकरण कार्यालय शुरू हुआ तो सफाई कर्मचारी एक बार फिर प्राधिकरण पर जा डटे हैं।

आपको बता दें कि ठेकेदारी प्रथा खत्म करने और विकास प्राधिकरण में बतौर स्थाई नियुक्ति की मांग करते हुए करीब 3000 सफाई कर्मचारी एक महीने से आंदोलनरत हैं। कर्मचारियों का धरना प्रदर्शन चल रहा है। जिसके चलते शुक्रवार को पुलिस ने 6 सफाई कर्मचारियों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था। लाठीचार्ज भी किया गया था। दरअसल, सफाई कर्मचारियों ने विरोध करते हुए उग्र प्रदर्शन किया था। शहर का कूड़ा एकत्र करके विकास प्राधिकरण और उद्योग मार्ग पर चला दिया था। पुलिस ने ऐसा नहीं करने की चेतावनी दी थी। इसके बावजूद सफाई कर्मचारी नहीं माने थे।

सफाई कर्मचारियों का जबरन धरना खत्म करने और जेल भेजने की जानकारी मिलने के बाद आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर रावण शनिवार को नोएडा पहुंचे थे। चंद्रशेखर ने प्राधिकरण को चेतावनी दी थी कि अगर सफाई कर्मचारियों पर ज्यादती और जबरदस्ती की गई तो शहर को बंद करवा देंगे। चंद्रशेखर ने विकास प्राधिकरण पर अन्याय और शोषण करने का आरोप भी लगाया है। दूसरी ओर विकास प्राधिकरण का कहना है कि सफाई कर्मचारियों की मांगें नाजायज हैं। सफाई कर्मचारी प्लेसमेंट एजेंसियों में काम करते हैं। इन्हें विकास प्राधिकरण में नौकरी देना संभव नहीं है। सफाई कर्मचारियों की जायज मांगों को माना गया है। उनसे बार-बार बात करके समस्या के समाधान की कोशिश की जा रही है। सफाई कर्मचारी जबरन और अवैधानिक रूप से प्राधिकरण कार्यालय के बाहर जमा हैं।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.