डीएम बीएन सिंह नोएडा से हटाए गए, उनके खिलाफ जांच का आदेश, छुट्टी नहीं मिलेगी

डीएम बीएन सिंह नोएडा से हटाए गए, उनके खिलाफ जांच का आदेश, छुट्टी नहीं मिलेगी

डीएम बीएन सिंह नोएडा से हटाए गए, उनके खिलाफ जांच का आदेश, छुट्टी नहीं मिलेगी

Tricity Today | IAS BN Singh

गौतम बुद्ध नगर के जिलाधिकारी बीएन सिंह को उत्तर प्रदेश सरकार ने हटा दिया है। उनकी ओर से छुट्टी के प्रार्थना पत्र को नामंजूर कर दिया गया है। शासन ने बीएन सिंह को लखनऊ में राजस्व विभाग में अटैच करने का आदेश जारी किया है। साथ ही उनके खिलाफ जांच भी होगी।

डीएम बीएन सिंह को तत्काल चार्ज छोड़ने का आदेश दिया गया है। अब गौतम बुद्ध नगर के जिलाधिकारी सुहास एलवाई नियुक्त किए गए हैं। शासन ने सुहास एलवाई को तत्काल गौतम बुद्ध नगर के जिलाधिकारी के रूप में कार्यभार ग्रहण करने का आदेश दिया है। उम्मीद है कि सुहास एलवाई मंगलवार की सुबह अपना कार्यभार ग्रहण कर लेंगे।

गौरतलब है कि कोरोना वायरस फैलने के कारण समीक्षा करने आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गौतम बुद्ध नगर के जिलाधिकारी बीएन सिंह को कड़ी फटकार लगाई थी। जिसके बाद जिलाधिकारी ने मुख्य सचिव को पत्र भेजकर गौतम बुद्ध नगर में बने रहने में अक्षमता जताई थी। साथ ही उन्होंने 3 महीने का उपार्जित अवकाश भी मांगा था।

अभी राज्य में आपातकालीन परिस्थिति है। महामारी अधिनियम लागू है। जिसके चलते किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को उपार्जित अवकाश स्वीकृत नहीं किया जा सकता है। लिहाजा, सरकार ने उन्हें छुट्टी नहीं दी है। सिंह को अभी राजस्व विभाग से संबद्ध कर दिया गया है। शासन ने बीएन सिंह के खिलाफ जांच का आदेश भी दिया है।

उन पर अपने कार्य को उचित ढंग से नहीं करने, शासन द्वारा दिए गए आदेशों का पालन नहीं करने, लापरवाही बरतने और अनुशासनहीनता के आरोप लगाए गए हैं। आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार बनने के बाद बीएन सिंह को गौतम बुद्ध नगर का जिलाधिकारी बनाकर भेजा गया था। वह करीब 3 वर्षों से गौतम बुद्ध नगर के जिलाधिकारी थे।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.