नोएडा की युवती से मेरठ में रेप, डेढ़ महीने बाद पति को दी जानकारी, एफआईआर

नोएडा की युवती से मेरठ में रेप, डेढ़ महीने बाद पति को दी जानकारी, एफआईआर

नोएडा की युवती से मेरठ में रेप, डेढ़ महीने बाद पति को दी जानकारी, एफआईआर

Google Image | प्रतीकात्मक फोटो

नोएडा की एक युवती के साथ मेरठ में करीब डेढ़ महीने पहले रेप की वारदात हुई। डेढ़ महीने तक युवती ने अपने पति को इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी, लेकिन वह बेहद परेशान रही और इस घटना को छुपा नहीं पाई। अब युवती ने अपने पति को यह जानकारी दी है। जिसके बाद मेरठ में एफआईआर दर्ज करवाई गई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

मेरठ पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, नोएडा की केंद्रीय विहार हाउसिंग सोसायटी में रहने वाली एक युवती की शादी मेरठ में हुई है। तीन जुलाई को वह नोएडा से मेरठ गई थी। उसने भैंसाली रोडवेज बस अड्डे पर उतरने के बाद अपने पति को फोन किया। युवती मेरठ के लिए अनजान है। लिहाजा, उसे घर का रास्ता सही से मालूम नहीं था। इसी बीच उसका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया और पति से संपर्क टूट गया। युवती ने एक स्कूटी सवार युवक से मदद मांगी।

युवती का कहना है कि मेरठ में उसकी ससुराल गांधी आश्रम के पास है। स्कूटी सवार ने उसे आश्वासन दिया कि वह उधर ही जा रहा है और उसे उसके घर छोड़ देगा। स्कूटी सवार पर भरोसा करके लड़की ने लिफ्ट ले ली। आरोप है कि स्कूटी सवार उसे गांधी आश्रम ले जाने की बजाय अपनी एक महिला मित्र के घर सफीपुर डोगरा बस्ती में ले गया। वहां युवक और उसकी महिला मित्र ने उसे कोल्ड ड्रिंक में कोई नशीली चीज मिलाकर पिला दी। वह बेहोश हो गई। इसके बाद उसके साथ रेप किया गया।

युवती का कहना है कि उसे पूरी रात उसी घर में बंधक बनाकर रखा गया। अगले दिन वह मौका पाकर वहां से भाग निकली और अपने पति के पास पहुंच गई। उसने करीब डेढ़ महीने तक इस पूरी वारदात के बारे में अपने पति को कोई जानकारी नहीं दी। उसका कहना है कि तमाम कोशिश करने के बावजूद वह अंदर ही अंदर इस वारदात से परेशान रही और अंततः अब अपने पति को जानकारी दी। इसके बाद दोनों पुलिस के पास पहुंचे। 

मेरठ की सदर थाना पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि युवती के आरोपों की जांच की जा रही है। जल्दी ही वास्तविकता का पता लग जाएगा। उसके बाद कार्यवाही की जाएगी। हालांकि, पुलिस को इस पूरे प्रकरण में कई झोल नजर आ रहे हैं। मेरठ पुलिस आरोपी स्कूटी सवार युवक और उसकी महिला मित्र की तलाश कर रही है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.