Noida: राशन की लाइन में लगी महिलाओं को लाठियों से पीटने वाला दरोगा सस्पेंड

Noida: राशन की लाइन में लगी महिलाओं को लाठियों से पीटने वाला दरोगा सस्पेंड

Noida: राशन की लाइन में लगी महिलाओं को लाठियों से पीटने वाला दरोगा सस्पेंड

Tricity Today | राशन की लाइन में लगी महिलाओं को लाठियों से पीटने वाला दरोगा सस्पेंड

लॉकडाउन के कारण दाने-दाने को मोहताज गरीब लोगों के प्रति सहानुभूति की बजाय अगर कोई डंडे बरसाए तो उसे क्या कहेंगे? ऐसी ही एक घटना शुक्रवार को नोएडा में देखने के लिए मिली थी। जब एक सब इंस्पेक्टर ने राशन लेने के लिए लाइन में लगी महिलाओं पर लाठियां भांजी। भीड़ में मौजूद महिलाओं ने इस घटना का वीडियो बना लिया था। शाम तक यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। जिसके बाद पुलिस कमिश्नर ने सब इंस्पेक्टर को सस्पेंड कर दिया है।

लॉकडाउन के बीच घर बैठे गरीब लोग बहुत ज्यादा परेशान हैं। सरकारी राशन की दुकान से मिलने वाला राशन बड़ा सहारा है। महिलाएं दिनभर चिचिलाती धूप में लाइन लगकर यह राशन ले रही हैं। नोएडा में शुक्रवार को ऐसी ही गरीब महिलाओं की लाइन पर सेक्टर-19 में नोएडा पुलिस के एक दारोगा ने डंडा चलाया। दारोगा ने महज लाइन सीधी करवाने के लिए कई महिलाओं को डंडे से पीटा। दारोगा की यह दबंगई और हनक का राशन लेने गई दो महिलाओं ने वीडियो बना लिया। शाम तक यह वीडियो वायरल हो गया। जिसने नोएडा पुलिस की फजीहत कर दी। इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने तत्काल दारोगा का सस्पेंड कर दिया। विभागीय जांच का आदेश भी दिया है।

मामला कुछ इस तरह है
नोएडा में सेक्टर-19 पुलिस चौकी के इंचार्ज सौरभ लाइन में लगी महिलाओं पर लाठी चलाने लगे। घटना शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे के आस-पास की बताई जा रही है। पिछले कई दिनों से मई महीने का राशन शहर में बांटा जा रहा है। राशन लेने वालों के बीच सोशल डिस्टेंस का पालन करवाने के लिए राशन की दुकान पर पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई जा रही है। इसके साथ ही संबधित थाना और चौकी इंचार्ज की जिम्मेदारी होती है कि वह निगरानी करें। सेक्टर-19 में जहां राशन बंट रहा था, वहां चौकी इंचार्ज सौरभ शर्मा टीम के साथ पहुंचे थे।

आरोप है कि सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करवाने के नाम पर दारोगा ने कई महिलाओं को डंडे से पीटकर लाइन से बाहर निकाल दिया। जिसके बाद महिलाओं के बीच अफरा-तफरी मच गई। जब सौरभ शर्मा महिलाओं पर लाठियां भांज रहे थे तो वहीं मौजूद दो महिलाओं ने अपने मोबाइल के कैमरे से उनका वीडियो शूट कर लिया। इसके बाद महिलाओं ने यह वीडियो व्हाट्सएप पर भेजना शुरू कर दिया। थोड़ी देर बाद ही पूरे शहर में लोगों के बीच यह वीडियो पहुंच गया।

नोएडा पुलिस की मानवीय छवि को नुकसान हुआ
शाम आठ बजे तक यह वीडियो टि्वटर और फेसबुक पर भी वायरल हो गया। कई खबरिया चैनलों ने पुलिस को असंवेदनशील बताते हुए खबरें दिखानी शुरू कर दीं। इसके बाद नोएडा पुलिस को मामले में फजीहत होती नजर आने लगी। दरअसल, पूरे लॉकडाउन पीरियड के दौरान नोएडा पुलिस का मानवीय चेहरा उभरकर सामने आया है। पुलिस लोगों की हर मुसीबत में मदद कर रही है। छोटी बड़ी जरूरतों को पूरा करने के लिए सैकड़ों मील का सफर किया है। पुलिस दवाएं और सामान पहुंचा रही है। ऐसे में सौरभ शर्मा की यह गलती पूरे पुलिस महकमे की छवि को खराब करने के लिए पर्याप्त थी। 

लिहाजा, पुलिस कमिश्नर के आदेश पर सौरभ शर्मा को तत्काल निलंबित कर दिया गया। उनके खिलाफ विभागीय जांच का आदेश भी दे दिया गया है। पुलिस कमिश्नर कार्यालय की ओर से बयान जारी कर कहा गया है कि किसी भी पुलिसकर्मी का अमानवीय व्यवहार कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.