अमर सिंह को नोएडा से बहुत प्रेम था, शहर को कई बड़े प्रोजेक्ट दिए

अमर सिंह को नोएडा से बहुत प्रेम था, शहर को कई बड़े प्रोजेक्ट दिए

अमर सिंह को नोएडा से बहुत प्रेम था, शहर को कई बड़े प्रोजेक्ट दिए

Tricity Today | अमर सिंह को नोएडा से बहुत प्रेम था

समाजवादी पार्टी के दिग्गज नेताओं में शुमार रहे अमर सिंह का शनिवार की दोपहर सिंगापुर में इलाज के दौरान निधन हो गया है। अमर सिंह समाजवादी पार्टी की सरकारों के वक्त उत्तर प्रदेश में नीति निर्धारकों में शामिल रहे थे। खास बात यह है कि अमर सिंह उन नेताओं में से एक रहे हैं, जिनको नोएडा से बड़ा लगाव था। दरअसल, अमर सिंह नोएडा को मुंबई सरीखा शहर मानते थे। उनका विजन था कि नोएडा उत्तर प्रदेश की आर्थिक राजधानी बन सकता है। राज्य की प्रगति का रास्ता इसी शहर से शुरू हो सकता है।

सीनियर जर्नलिस्ट संतोष सिंह का कहना है कि अमर सिंह के राजनीतिक जीवन की शुरुआत उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वीर बहादुर सिंह से नजदीकी रिश्तों के साथ हुई थी। वीर बहादुर सिंह, नारायण दत्त तिवारी के दूसरे कार्यकाल (1984-1985) बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने थे। नारायण दत्त तिवारी ने अपने पहले कार्यकाल (1976-1977) यानि आपातकाल के वक्त नोएडा शहर की नींव रखी थी। लिहाजा, कांग्रेस की सरकारों के लिए नोएडा शहर की तरक्की मुख्य एजेंडा थी। नोएडा के महत्व को अमर सिंह उसी वक्त से समझ चुके थे। 

संतोष सिंह कहते हैं, धीरे-धीरे अमर सिंह मुंबई में बड़े कारोबारी के तौर पर उभरे। उनके ताल्लुक बॉलीवुड में बहुत गहरे हो चुके थे। दूसरी ओर अमर सिंह सुब्रत राय सहारा और रिलायंस इंडस्ट्रीज के अनिल अंबानी से बेहद नजदीकी रखते थे। अमर सिंह के राजनीतिक गुरु वीर बहादुर सिंह को 1985 से 1988 तक करीब 3 वर्ष तक उत्तर प्रदेश में बतौर मुख्यमंत्री काम करने का अवसर मिला। इस दौरान अमर सिंह राजनीतिक रूप से बेहद मजबूत हो चुके थे। उत्तर प्रदेश में पहली बार मुलायम सिंह यादव वर्ष 1989 में बने थे। यहां से अमर सिंह का पूरी तरह यूपी की राजनीति में दखल हो गया।

सीनियर जर्नलिस्ट विनोद शर्मा का कहना है कि मुलायम सिंह यादव के दूसरे कार्यकाल से अमर सिंह पूरी तरह उत्तर प्रदेश की राजनीति में बड़ा हस्तक्षेप हासिल कर चुके थे। अमर सिंह समाजवादी पार्टी की सरकारों में नीतियां बना रहे थे। इस दौरान उन्होंने नोएडा पर फोकस किया। नोएडा में कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट और उद्यमियों को अमर सिंह लेकर आए। इनमें सहारा समूह और रिलायंस इंडस्ट्रीज शामिल हैं। अमर सिंह के प्रभाव के चलते ही ग्रेटर नोएडा के पास बझेड़ा खुर्द में रिलायंस समूह पावर प्रोजेक्ट लेकर आया था। जिस पर बाद में विश्वनाथ प्रताप सिंह और राज बब्बर के नेतृत्व में बड़ा आंदोलन खड़ा हुआ था। इसके अलावा नोएडा में मेट्रो, आईटी हब, फिल्म सिटी, होटल इंडस्ट्री और मीडिया हब का सूत्रपात करने का श्रेय अमर सिंह को ही जाता है।

समाजवादी पार्टी की सरकारों के दौरान गौतमबुद्ध नगर और गाजियाबाद जिले इतने महत्वपूर्ण व अमर सिंह के दखल वाले होते थे कि यहां कलेक्टर और कप्तान की पोस्टिंग भी उनकी सिफारिशों पर ही की जाती थीं। ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण और नोएडा विकास प्राधिकरण के अधिकारियों की पोस्टिंग अमर सिंह की सहमति के बिना नहीं होती थीं। अमर सिंह के तैयार किए गए रास्ते पर ही पहले समाजवादी पार्टी और फिर कहीं न कहीं बहुजन समाज पार्टी के नीति निर्धारकों ने नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में अपनी प्राथमिकताएं तय की थीं।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.