गौतम बुद्ध नगर में अब हॉटस्पॉट की संख्या बढ़कर 32 हो गई है। जिला प्रशासन ने सभी हॉटस्पॉट को 3 मई की रात 12:00 बजे तक के लिए सील कर रखा है। इन आवासीय क्षेत्रों से आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित है। आवश्यक वस्तुओं की डोर स्टेप डिलीवरी खुद जिला प्रशासन और विकास प्राधिकरण कर रहे हैं। नोएडा में सबसे ज्यादा हॉटस्पॉट हैं। उसके बाद ग्रेटर नोएडा और सबसे कम हॉटस्पॉट ग्रेटर नोएडा वेस्ट में हैं।
गौतम बुद्ध नगर के जिलाधिकारी सुहास एलवाई ने बुधवार की शाम रिपोर्ट जारी कर बताया कि अब नोएडा, ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट में हॉटस्पॉट की संख्या 32 है। इनमें से 19 नोएडा शहर में हैं। 7 हॉटस्पॉट ग्रेटर नोएडा शहर में है और ग्रेटर नोएडा वेस्ट में 6 हॉटस्पॉट हैं। डीएम ने बताया कि सभी हॉटस्पॉट में आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित है। इन हॉटस्पॉट में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति जिला प्रशासन और विकास प्राधिकरण कर रहे हैं। अब तक जिला प्रशासन की कंटेनमेंट टीमें 15 लाख से ज्यादा लोगों की स्क्रीनिंग कर चुकी हैं।