सुदीक्षा के परिजनों से मिले अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारी

सुदीक्षा के परिजनों से मिले अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारी

सुदीक्षा के परिजनों से मिले अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारी

Tricity Today | सुदीक्षा के परिजनों से मिले अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारी

ग्रेटर नोएडा के डेरी स्केनर गांव में सुदीक्षा भाटी के घर मिलने वालों और संवेदना व्यक्त करने आने वाले लोगों का ताता लगा हुआ है। इसी श्रृंखला में बुधवार की दोपहर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं पदाधिकारियों ने सुदीक्षा के परिजनों से मुलाकात की। एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने मेधावी छात्रा सुदीक्षा भाटी के घर जाकर श्रद्वांजलि अर्पित की।जनप्रतिनिधियों से मिलकर त्वरित कारवाई की मांग की है।

मेधावी छात्रा सुदीक्षा भाटी की अकस्मात मृत्यु पर एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने उनके पैतृक गांव जाकर परिवार के सदस्यों से मिलकर गहरी संवेदना व्यक्त की। प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मिलकर दोषियों पर अतिशीघ्र कठोर कार्यवाही करने की मांग की है। प्रदेश मीडिया संयोजक दीक्षांत सूर्यवंंशी ने कहा, "यह घटना बहुत ही दुखदाई है। अभाविप सुदीक्षा भाटी जी के परिवार के साथ खड़ी है और सरकार से मांग करती है कि सुदीक्षा के परिवार को जल्द से जल्द न्याय मिले। इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति ना हो, इसके लिए सरकार कड़े कदम उठाए।"

दीक्षांत ने कहा, "हम निरंतर जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों से मिलकर दोषियों पर त्वरित कारवाई की मांग कर रहे हैं। आज हमने स्थानीय विधायक तेजपाल नागर से भेंट करके जल्द से जल्द सुदीक्षा भाटी को न्याय दिलाने की मांग की है। इस मामले को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की बुलंदशहर शाखा वहां के पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से मिल रही है। बुलंदशहर पुलिस से निष्पक्ष और त्वरित कार्रवाई की मांग की गई है। इस संबंध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की ओर से प्रदेश सरकार को भी पत्र भेजा गया है।"

जिला संयोजक पिंटू कौशिक ने कहा कि मेधावी छात्रा सुदीक्षा भाटी की अकस्मात मृत्यु पर अभाविप गहरी संवेदना व्यक्त करती है। शरारती तत्वों के कुकृत्यों के कारण देश ने एक मेधावी बेटी को खो दिया है। ये बेहद दुखद और शर्मनाक है । इस दुखद घटना की अभाविप निंदा करती है। इस घटना के जिम्मेदार मनचलों पर शीघ्र कड़ी कार्रवाई की मांग करती है। सुदीक्षा भाटी के परिवार से मिलने वालों में अभय सिंह, कुलदीप भाटी, गोपाल गुप्ता, मंयक नौटियाल, अनुज चौधरी आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

आपको बता दें कि सोमवार की सुबह डेरी स्केनर गांव की रहने वाली सुदीक्षा भाटी बुलंदशहर के औरंगाबाद क्षेत्र में अपने मामा के घर जा रही थी। सुदीक्षा अपने चाचा के साथ मोटरसाइकिल पर सवार थी। सुदीक्षा के चाचा सतेंद्र भाटी ने मंगलवार की सुबह मीडिया को बताया है कि वह लोग जब औरंगाबाद कस्बे के पास पहुंचे तो बुलेट बाइक पर सवार दो मनचलों ने छेड़खानी की। जिसके कारण उनकी मोटरसाइकिल का संतुलन बिगड़ गया और वह लोग हादसे का शिकार हो गए। इस हादसे में सुदीक्षा को गंभीर चोट आई और अस्पताल में उनकी मौत हो गई। इस मामले में बुलंदशहर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। हादसे के लिए जिम्मेदार युवकों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। 

हालांकि, बुलंदशहर पुलिस ने इस बात से साफ इनकार किया है कि सुदीक्षा भाटी के साथ मनचलों ने छेड़खानी की थी। पुलिस का कहना है कि सड़क पर ट्रैफिक ज्यादा होने के कारण हादसा हुआ है। पुलिस का यह भी कहना है कि सुदीक्षा भाटी के साथ उनके चाचा नहीं थे। वह अपने छोटे भाई के साथ मामा के घर जा रही थी। सुदीक्षा एक होनहार छात्रा थी। वर्ष 1998 में उन्होंने सिकंदराबाद के विद्याज्ञान स्कूल से 12वीं सीबीएसई एग्जाम 98% अंकों के साथ टॉप किया था। इसके बाद उन्हें अमेरिका से 3.83 करोड रुपए की स्कॉलरशिप मिली थी। वह अमेरिका के बॉबसन कॉलेज से एंटरप्रेन्योरशिप में ग्रेजुएशन कर रही थी। फिलहाल कोरोना वायरस संक्रमण के चलते जून में अमेरिका से अपने घर वापस लौट आई थी। उन्हें 20 अगस्त को अमेरिका वापस जाना था।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.