नोएडा में प्रेस कॉन्फ्रेंस करने पर आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष पर एफआईआर, संजय सिंह ने कहा- योगी जी इतनी जल्दी डर गए

नोएडा में प्रेस कॉन्फ्रेंस करने पर आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष पर एफआईआर, संजय सिंह ने कहा- योगी जी इतनी जल्दी डर गए

नोएडा में प्रेस कॉन्फ्रेंस करने पर आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष पर एफआईआर, संजय सिंह ने कहा- योगी जी इतनी जल्दी डर गए

Google Image | संजय सिंह

आम आदमी पार्टी ने 17 जुलाई को नोएडा मीडिया क्लब में प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन आम आदमी पार्टी के गौतमबुद्ध नगर जिला अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह जादौन ने किया था। प्रेस कॉन्फ्रेंस को आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद और उत्तर प्रदेश के प्रभारी संजय सिंह ने संबोधित किया था। प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करने पर नोएडा पुलिस ने भूपेंद्र सिंह जादौन के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष पर एफआईआर दर्ज होने की जानकारी मिलने के बाद राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने उत्तर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। संजय सिंह ने मंगलवार की सुबह एक ट्वीट किया है। ट्वीट में संजय सिंह ने लिखा, "योगी जी इतनी जल्दी आम आदमी पार्टी से घबरा गए कि मुकदमा लिखना शुरु कर दिया। अपने पुलिस वालों को कुछ सिखाइए। प्रेस वार्ता मेरी थी। मुकदमा मुझ पर होना चाहिए, मेरे कार्यकर्ताओं पर नहीं।" संजय सिंह ने आगे कहा, "उत्तर प्रदेश सरकार क्राइम, करप्शन और कोरोना पर नियंत्रण पाने में नाकाम है। सरकार, नाकामी बताने पर सुधार करने की बजाय लोगों पर अत्याचार कर रही है। अलोकतांत्रिक ढंग से काम करने वाली सरकार है, यह ज्यादा दिन नहीं है। मेरा योगी आदित्यनाथ जी को मशवरा है कि वह उत्तर प्रदेश में क्राइम, करप्शन और कोरोनावायरस पर नियंत्रण करें। हम उनकी प्रशंसा करेंगे।"

दूसरी ओर गौतमबुद्ध नगर के जिला अध्यक्ष भूपेंद्र जादौन ने कहा, "दिल्ली में अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी की सरकार के कार्यों की देश के कोने-कोने में सराहना हो रही है। लोग प्रशंसा करते हैं। उनके कार्यों से प्रभावित होकर आम आदमी पार्टी को एक विकल्प के रूप में देख रहे हैं। उत्तर प्रदेश में पार्टी प्रभारी राज्यसभा सांसद संजय सिंह की सक्रियता और बढ़ती लोकप्रियता से उत्तर प्रदेश के आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश का माहौल है। इसको देखकर योगी सरकार बौखलाहट में है। झूठे मुकदमें लिखकर कार्यकर्ताओं के जोश को दबाना चाहती है, लेकिन आम आदमी पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता सांसद संजय सिंह के संघर्ष के साथ है। सरकार की झूठी एफआईआर और झूठे मुकदमों से डरने वाले नहीं है।"

आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश में अपने संगठन का विस्तार करने के लिए आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में दौरा कर रहे हैं। पार्टी की इकाई खड़ी कर रहे हैं। इसी सिलसिले में 17 जुलाई को उन्होंने नोएडा मीडिया क्लब में एक प्रेस वार्ता की थी। इस प्रेस वार्ता के खिलाफ नोएडा पुलिस ने आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष उपेंद्र जादौन पर एफआईआर दर्ज की है। एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि उन्होंने प्रेस वार्ता करने के लिए पुलिस और प्रशासन से कोई अनुमति नहीं ली थी। इसकी वजह से सोशल डिस्टेंसिंग का उल्लंघन हुआ है। साथ ही जिले में धारा 144 लगी हुई है। उसको भी तोड़ा गया है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.