नोएडा और ग्रेटर नोएडा में छठ पूजा की तैयारियां पूरी, रजिस्ट्रेशन के बाद ही सरोवर में मिलेगा प्रवेश

नोएडा और ग्रेटर नोएडा में छठ पूजा की तैयारियां पूरी, रजिस्ट्रेशन के बाद ही सरोवर में मिलेगा प्रवेश

नोएडा और ग्रेटर नोएडा में छठ पूजा की तैयारियां पूरी, रजिस्ट्रेशन के बाद ही सरोवर में मिलेगा प्रवेश

Tricity Today | नोएडा और ग्रेटर नोएडा में छठ पूजा की तैयारियां पूरी

नोएडा, ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट में छठ पर्व की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। तीनों शहर में छठ पर्व आयोजन समितियां दिन-रात काम कर रही हैं। दूसरी और गौतमबुद्ध नगर जिला प्रशासन, पुलिस और विकास प्राधिकरण ने भी इंतजाम पुख्ता कर लिए हैं। गुरुवार को पुलिस कमिश्नर आलोक कुमार सिंह ने तैयारियों का जायजा लेने के लिए अफसरों के साथ बैठक की है। दूसरी ओर जिलाधिकारी ने प्रशासनिक अफसरों को श्रद्धालुओं के लिए हर संभव इंतजाम करने का आदेश दिया है। हालांकि, उत्तर प्रदेश सरकार, पुलिस और प्रशासन ने व्रतियों से अपील की है कि वह घर में ही छठ पर्व का उल्लास मनाएं। अगर अपरिहार्य हो तो सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन करते हुए सरोवर तक जाएं।

सूर्य की उपासना का महापर्व छठ पूजा पूरे देश में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। चार दिन चलने वाले इस महापर्व में पहले दिन नहाए खाए, दूसरे दिन खरना, तीसरे दिन संध्या अर्घ्य और चौथे दिन सुबह अर्घ्य दिया जाता है। कोरोना महामारी के कारण सरकारी नियमों का अनुपालन करते हुए ग्रेटर नोएडा वेस्ट में भी छठ पूजा की तैयारी जोरों से चल रही हैं। गौड़ सिटी छठ पूजा समिति इस वर्ष अपना पंचम छठ महोत्सव मना रही है। गौड़ सिटी में छठ पूजा लेक व्यू पार्क में होगी। व्रतियों की सुविधा के लिए समिति के सदस्य प्रत्येक वर्ष झील की सफाई करते हैं। 

गौड़ सिटी छठ पूजा समिति इस बार भी व्रतियों की सुविधा के लिए कार्यरत है। कोरोना महामारी को देखते हुए सरकारी अनुदेश के अनुसार पूजा का आयोजन किया जाएगा। निवासियों से भी अनुरोध किया गया है कि वह कम संख्या में छठ घाट पर आएं। इसके लिए व्रतियों का रजिस्ट्रेशन किया गया है। बिना रजिस्ट्रेशन किसी भी व्रती को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट का सबसे बड़ा छठ महोत्सव गौड़ सिटी छठ पूजा समिति द्वारा ही कराया जाता है, लेकिन इस बार सरकारी आदेश के अनुसार छठ पूजा को सूक्ष्म रूप में करवाया जाएगा। कोरोना महामारी से बचने के लिए समिति द्वारा व्रतियों एवं उनके परिवार वालों के लिए मास्क का भी वितरण किया जा रहा है।
 
व्रतियों से सरकारी अनुदेश का पालन करने, मास्क लगाकर छठ घाट पर आने और समिति के निर्देशों के अनुसार ही छठ पूजा में सहयोग देने की अपील भी की गई है। छठ घाट को सुंदर लाइटों से सुसज्जित किया गया है। कल छठ घाट पर गन्ने से सज्जा की जाएगी। हरिद्वार से लाए हुए गंगाजल को कल सुबह छठ घाट की झील में प्रवाहित किया जाएगा। गुलाब के फूलों से छठ घाट के पानी को भी सुसज्जित किया जाएगा।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.