नोएडा भाजपा के वरिष्ठ नेता ललित मोहन शर्मा की हादसे में मौत, पार्टी का झंडा ओढ़ाकर विदाई दी गई

नोएडा भाजपा के वरिष्ठ नेता ललित मोहन शर्मा की हादसे में मौत, पार्टी का झंडा ओढ़ाकर विदाई दी गई

नोएडा भाजपा के वरिष्ठ नेता ललित मोहन शर्मा की हादसे में मौत, पार्टी का झंडा ओढ़ाकर विदाई दी गई

Tricity Today | नोएडा भाजपा के वरिष्ठ नेता ललित मोहन शर्मा की हादसे में मौत, पार्टी का झंडा ओढ़ाकर विदाई दी गई

भारतीय जनता पार्टी के तीन बार मंडल अध्यक्ष रहे और वरिष्ठ नेता ललित मोहन शर्मा की एक दुखद हादसे में सोमवार की सुबह मौत हो गई। उन्हें महामाया फ्लाईओवर के पास किसी वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें जेपी अस्पताल में गंभीर स्थिति में दाखिल कराया गया था। जहां उनका ऑपरेशन किया गया। रात 11:00 बजे अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और उनकी मौत हो गई।

नोएडा महानगर भाजपा के मीडिया प्रभारी विनोद शर्मा ने बताया कि डॉक्टरों के काफी प्रयास करने के बावजूद ललित मोहन शर्मा की तबीयत में कोई सुधार नहीं हुआ। मंगलवार को सांसद डॉ महेश शर्मा, विधायक पंकज सिंह, जिला अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने ललित मोहन शर्मा को पार्टी के सिपाही के तौर पर पार्टी का झंडा ओढ़ाकर अंतिम विदाई दी।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और क्षेत्रीय अध्यक्ष अश्वनी त्यागी से संस्तुति लेने के बाद यह परंपरा पहली बार कार्यकर्ता के सम्मान के रूप में शुरू की गई है। इस मौके पूर्व केंद्रीय मंत्री और गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ महेश शर्मा ने कहा कि ललित मोहन हमारी पार्टी के‌ वह कर्मठ सिपाही थे, जिन्होंने नोएडा में भारतीय जनता पार्टी को स्थापित करने में अहम भूमिका निभाई थी। सांसद ने कहा, ललित मोहन जी भारतीय जनता पार्टी के समर्पित सिपाही थे। उनके योगदान को पार्टी कभी नहीं भुला सकती है। 

नोएडा विधायक पंकज सिंह ने कहा कि ललित मोहन जी न सिर्फ एक अच्छे नेता थे बल्कि बहुत अच्छे इंसान भी थे। उन्हें जो भी काम दिया जाता था, वह बिना कोई शिकायत किए उसे पूरा करते थे। हमेशा पार्टी के प्रति सच्ची निष्ठा रखते हुए कार्य करते रहे। उनके जाने से पार्टी को बहुत बड़ी क्षति हुई है। उनकी जगह भर पाना आसान नहीं होगा। उनके परिवार के प्रति मैं संवेदना व्यक्त करते हुए यह विश्वास दिलाता हूं कि भाजपा परिवार सदैव उनके सुख-दुख में साथ रहेगा।

जिला अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने बताया कि भाजपा के कर्मठ कार्यकर्ता के रूप में और पूर्व मण्डल अध्यक्ष पद पर रहते हुए उन्होंने राष्ट्र व जनहित के अनगिनत कार्यों में अपना योगदान दिया। अभी कोरोना वायरस की वैश्विक महामारी में भारतीय जनता पार्टी ने नोएडा में 52 दिन मोदी किचन चलाई थी। जरूरतमंदों की मदद की गई थी। उसमें ललित मोहन शर्मा का बहुत बड़ा योगदान रहा। वह हमारी यादों में सदैव विराजमान रहेंगे। भारतीय जनता पार्टी नोएडा महानगर परिवार इस दुख की घड़ी में ललित मोहन जी के परिवार पर साथ है। ईश्वर से दिवंगत पुण्यात्मा की शांति और परिवार जनों को संबल प्रदान करने के लिए प्रार्थना करता हूं। 

ललित मोहन शर्मा की अंतिम यात्रा में जिला अध्यक्ष मनोज गुप्ता, जिला महामंत्री चंदगीराम यादव, गणेश जाटव, उमेश त्यागी, डिंपल आनंद, योगेंद्र चौधरी, संजय बाली, युद्धवीर चौहान, महेश अवाना, मनीष शर्मा, विनोद शर्मा, सुरेश कृष्णन , गिरीश कोटनाला, चमन अवाना, मनोज चौहान, पंकज झा, गोपाल गौड़, सत्येंद्र नागर, पूनम सिंह, बबलू यादव, अशोक मिश्रा, शीतल, ऋषि शुक्ला, धर्मेंद्र चौहान, नवीन मिश्रा, प्रशांत शर्मा, नमित वेद, नरेश शर्मा, मनोज मिश्रा, गोविंद कोरंगा, राम मेहर कौशिक, सत्य नारायण महावर, मनीष चौहान, विनोद पारीक, तन्मय शंकर, आदि सैकड़ों की संख्या में भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.