Twitter Timeline: विधायक जी! भाई को सांप ने काट लिया है, वह मर गया है, मुझे बलिया जाना है, मेरी मदद कीजिए

Twitter Timeline: विधायक जी! भाई को सांप ने काट लिया है, वह मर गया है, मुझे बलिया जाना है, मेरी मदद कीजिए

Twitter Timeline: विधायक जी! भाई को सांप ने काट लिया है, वह मर गया है, मुझे बलिया जाना है, मेरी मदद कीजिए

Tricity Today | Pankaj Singh Twitter Timeline

लॉकडाउन में आम आदमी और जनप्रतिनिधियों के बीच संवाद का माध्यम सोशल मीडिया बना हुआ है। इसमें ट्वीटर ने बड़ी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। ट्वीटर एक तरह से लाइफ लाइन बन गया है। ट्वीटर के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर राज्यों के मुख्यमंत्री और सांसद-विधायक लोगों की समस्याएं सुलझा रहे हैं। ट्राईसिटी टुडे डॉट कॉम ने Twitter Timeline नाम से एक सीरीज शुरू की है। जिसमें हम रोजाना किसी एक जनप्रतिधि के ट्वीटर हैंडल की 24 घण्टों के दौरान गतिविधियों पर ध्यान केंद्रित करेंगे। देखेंगे कि किस तरह विधायक, सांसद और मंत्री आम आदमी की परेशानी का समाधान कर रहे हैं। आज हम इसकी शुरुआत हाईटेक सिटी नोएडा के विधायक पंकज सिंह से कर रहे हैं। वह और उनकी टीम कैसे समस्याओं पर संज्ञान लेते हैं और फिर समाधान करते हैं, यह हम आज आपको बताएंगे।

सात साल के बच्चे को दूध नहीं मिल रहा

15 मई, दोपहर 2:18 बजे

सौरभ तिवारी नाम के यूजर ने अपना मोबाइल नम्बर लिखते हुए और नोएडा के भंगेल का पता बताते हुए लिखा, "नमकीन वाली गली वी-मर्ट के सामने वाली में रहता हूं। घर में हम 4 लोग हैं, जिसमें 7 महीने का बच्चा भी है। उसके लिए दूध की भी दिक्कत है। कृपया हमारी सहायता करें आपका आभारी रहूंगा विधायक पंकज सिंह जी। कृपया करके आप इनकी मदद करवाएं।" विधायक के ट्वीटर हैंडल से 9 मिनट बाद मदद का आश्वासन दिया गया है।


विधायक जी, हम लोगों के पास राशन नहीं है

15 मई, सुबह 11:10 बजे

हिमांशु पोरवाल ने पंकज सिंह को टैग करके ट्वीट किया, "माननीय विधायक जी हम गली नम्बर 22 सदरपुर कॉलोनी सेक्टर-45 में हैं। हम लोगों के पास राशन नहीं है। हमें कहीं से भी कोई सहायता नहीं मिल रही है, बहुत परेशान हैं। कृपया मदद करें।

पंकज सिंह के आधिकारिक ट्वीटर हैंडल से मदद का आश्वासन दिया गया। दोपहर 1:12 बजे हिमांशु पोरवाल का दूसरा ट्वीट आया, "माननीय विधायक जी व उनके सहयोगी की मदद से समय पर तत्काल रूप से राशन प्राप्त हुआ। इसके लिए उनको व सहयोगियों को अपने व समस्त परिवार की और से दिल से आभार व्यक्त करते हैं।"

 

15 मई, दोपहर 1:16 बजे

शुभम चौधरी ने ट्वीट किया है। लिखा, "माननीय पंकज सिंह जी ये कुछ लोग हैं, जो मजदूरी करके अपना जीवन यापन करते थे। लॉकडाउन होने के कारण यह फंस गए हैं। आपसे निवेदन है की इन्हे सूखा राशन उपलब्ध कराने की कृपा करे।" पंकज सिंह की ओर से 2:03 बजे जवाब दिया गया, "राशन उपलब्ध कराने के लिए इन लोगों से सम्पर्क किया जा रहा है।"

15 मई, दोपहर 12:51 बजे
सचिन भाटी ने ट्वीट किया है। लिखा, "पंकज भैया निवेदन है, आज सालारपुर गांव में करीब 20 परिवारों से समस्या सुनी। जिनमें 6 लोगों को राशन की वजह से बहुत परेशानी है। भैया से विनती है कि इन सभी को राशन की मदद मिले। पंकज भैया जिंदाबाद।"  सचिन भाटी ने जरूरतमंद लोगों के नाम और मोबाइल नम्बरों की लिस्ट ट्वीट के साथ अटैच की है। इस पर पंकज सिंह की ओर से 1:24 बजे जवाब दिया है, "सम्पर्क करके राशन उपलब्ध करवा दिया जाएगा।"


15 मई, दोपहर 12:32 बजे
राहुल रोहतकी नाम के यूजर ने ट्वीट किया। लिखा, "ग्राम बरौला के 3 लोगों की मदद ओर करें, जो नौकरी छूटने के कारण फंसे हैं। किराया व राशन की दिकत है। विधायक भैया ने पहले भी मदद की थी, उमीद है एक बार फिर इन लोगों को 15 दिन का राशन मुहैया करवाएंगे।" ट्वीट में परेशान लोगों के नाम और मोबाइल नम्बर लिखे गए हैं। इस ट्वीट ओर 5 मिनट बाद ही पंकज सिंह का जवाब आया, "सम्पर्क कर राशन उपलब्ध करवा दिया जाएगा।"

मेरी छोटी बहन की अभी डेथ हो गई है, मैं अपने घर जाना चाहता हूं

15 मई, रात 1:20 बजे

सिविल इंजीनियर आकाश ने ट्वीट किया। उन्होंने बताया, " मेरी छोटी बहन की अभी डेथ हो गई है। मेरा होम टाउन बिहार में गोपालगंज है। मैं इस वक्त गाजियाबाद के वसुंधरा में हूं। मेरा भाई नोएडा में है। मैं अपने भाई के साथ अपने घर गोपालगंज जाना चाहता हूं। अगर मेरे लिए आप सहायता उपलब्ध करवा देंगे तो मैं आपका आभारी रहूंगा।" आकाश ने यह ट्वीट दिल्ली के भाजपा नेता तजिंदर पाल सिंह बग्गा को टैग करके किया था। इस पर सुबह 10:44 बजे पंकज सिंह की ओर से जवाब दिया गया, "आकाश आप बिल्कुल निश्चिंत रहें। हर संभव मदद का प्रयास करूंगा। मैं दुख की इस घड़ी में आपके परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं।" 

 

मां की अस्पताल में भर्ती नहीं किया जा रहा है

14 मई, रात 11:23 बजे

लव पाठक गोपाल जी नामक व्यक्ति ने मथुरा से ट्वीट किया, "राधे राधे मथुरा में नियती हॉस्पिटल में मेरी माँ को एडमिट नहीं कर रहे हैं। आपसे अनुरोध हैं इस लॉकडाउन के दौरान मदद करें। उन्हें कोविड-19 नहीं है। मेरे पास पूरी रिपोर्ट है, आपसे मदद की आशा है।"  पंकज सिंह ने इस ट्वीट पर मथुरा के जिलाधिकारी, मथुरा पुलिस और डायल 112 को टैग करके संज्ञान लेने और मदद करने का निर्देश दिया। जिस पर तत्काल डायल 112 ने लव पाठक से संपर्क किया और उनकी मां को अस्पताल में एडमिट करवाया गया है।

माता-पिता बुजुर्ग हैं और देखभाल करने वाला कोई नहीं

14 मई, दोपहर 2:06 बजे

बरुण सिंह नाम के ट्विटर यूजर ने ट्वीट किया और लिखा, "भैया प्रणाम मेरे मित्र के माता और पिता बहुत बुजुर्ग हैं। उनकी तबीयत बहुत ज्यादा खराब है। कोई देखरेख करने वाला नहीं है। नोएडा से अरवल बिहार तक जाने के लिए पास की सख्त आवश्यकता है। कृपया कर पास दिलवा कर उनकी मदद करें आपकी कृपा होगी।" रात 10:52 पर पंकज सिंह की ओर से इस पर जवाब आया कि आपके मित्र का पास बनवा दिया गया है।

पिताजी हाथरस में बीमार हैं और बेटे को नोएडा से आना है, पास चाहिए

14 मई, रात 8:17 बजे

कपिल मोहन गौड़ एडवोकेट नाम के यूजर ने पंकज सिंह के कार्यालय को टैग करते हुए ट्वीट किया। उन्होंने लिखा, "बड़े भाई विधायक पंकज जी, ये मेरे दोस्त का epass नम्बर है, इसके पिताजी हाथरस में बहुत बीमार हैं। केअर करने को कोई नही है। इसको नोयडा से आना है, जिससे ये हाथरस आकर उनको सही मेडिकल ऐड दे। प्लस आप सबकी मदद करते हैं, इसकी मदद करवाने की कृपा करें।" इस ट्वीट के जवाब में पंकज सिंह की ओर से लिखा गया हर संभव मदद करने का प्रयास करूंगा। कृपया संपर्क नंबर साझा करें।

 

ट्रेन का कन्फर्म टिकट है लेकिन नोएडा में मैं कंटेनमेंट जोन में फंसा हूं

14 मई, रात 8:54 बजे

अंकित सोधिया नाम के यूज़र ने पंकज सिंह को टैग किया और लिखा, "मैं आपसे मदद चाहता हूं। मेरे माता-पिता मध्य प्रदेश में रह रहे हैं और स्वस्थ नहीं हैं। मुझे नोएडा से मध्य प्रदेश की यात्रा करनी है। मेरे पास रविवार को ट्रेन का कंफर्म टिकट भी है। लेकिन हमारी सोसाइटी सील है और हमें बाहर निकलने का की अनुमति नहीं दी जा रही है। कृपया सहायता करें।" अंकित सुधिया ने ट्वीट के साथ नई दिल्ली से भोपाल जंक्शन तक की यात्रा का टिकट भी अटैच किया है। इस पर पंकज सिंह की ओर से आश्वासन दिया गया कि वह हर संभव मदद करेंगे।

मां और पत्नी की तबियत खराब है, प्रतापगढ़ कैसे जाऊं

13 मई, रात 9:10 बजे

विवेक चौहान ने पंकज सिंह को ट्वीट किया। "माननीय पंकज सिंह जी शिवकांत गिरी, जो कुलेसरा ग्रेटर नोएडा में रहते हैं। अपने घर प्रतापगढ़ जाना चाहते हैं क्योंकि उनकी मां की तबीयत बहुत ज्यादा खराब है। इनकी पत्नी को भी परेशानी है। जिस कारण इनका अपने घर जाना अति आवश्यक है।" 14 मई को शाम 8:00 बजे पंकज सिंह की ओर से विवेक चौहान को जवाब लिखा गया। "विवेक जी शिव कांत जी का पास बनवा दिया गया है। प्रभु से प्रार्थना करता हूं कि उनकी माताजी जल्दी से जल्द स्वस्थ हों।"

 

मेरी मां 64 वर्ष की हैं और 45 दिनों से मथुरा में अकेली हैं

13 मई, रात 8:13 बजे

मुक्ता शर्मा नाम की ट्विटर यूजर ने पंकज सिंह को ट्वीट किया और लिखा, "सर मेरी मां की उम्र 64 वर्ष है और वह पिछले 45 दिनों से मथुरा में अकेली रह रही हैं। उनकी देखभाल करने के लिए वहां कोई भी नहीं है। मेरे पिताजी नोएडा में फस गए हैं। कृपया मेरे पिताजी को मथुरा के लिए यात्रा पास जारी करवाने का कष्ट करें। मेरी मां की तबीयत ठीक नहीं है। मेरे पिताजी के पास अपना वाहन उपलब्ध है।" इस ट्वीट के जवाब में पंकज सिंह की ओर से 14 मई की शाम 7:03 पर जवाब लिखा गया है, "यह प्रकरण संज्ञान में लाने के लिए धन्यवाद। मैं आश्वस्त करूंगा कि हर संभव मदद की जाएगी। कृपया अपना कांटेक्ट नंबर मुझे डायरेक्ट मैसेज कर दें।"

नोएडा जिला अस्पताल ने दिल्ली रेफर कर दिया है लेकिन कैसे जाएं

14 मई, सुबह 10:19 बजे

अजय प्रजापति नाम के ट्विटर यूजर ने पंकज सिंह को लिखा, "महोदय प्रार्थी किसी गंभीर बीमारी से ग्रस्त है। जिसके कारण उन्हें बहुत समस्या हो रही है। उन्हें जिला अस्पताल से दिल्ली रेफर किया गया है और वहां से इलाज करवाया जाना है। प्रार्थी को आने-जाने में समस्या हो रही है। कृपया हेल्प करें।" यूज़र ने किसी अपने जानने वाले व्यक्ति के लिए यह सहायता मांगी। ट्वीट में ई-पास के लिए किए गए आवेदन का स्क्रीनशॉट भी अटैच किया गया है। इस पर पंकज सिंह की ओर से 14 मई की शाम 6:48 पर प्रत्युत्तर दिया गया। अजय जी, प्रार्थी का पास बनवा दिया गया है। प्रभु से प्रार्थना करता हूं कि जल्द से जल्द स्वस्थ हों।

मेरे दादा फरीदाबाद मेट्रो अस्पताल में हैं और मैं नोएडा में फंसा हूं

14 मई, सुबह 9:49 बजे

लोकेश कुमार झा ने गौतम गौतम बुद्ध नगर के जिलाधिकारी और पंकज सिंह को संयुक्त रूप से टैग करते हुए ट्वीट किया। लोकेश कुमार झा के दादा बीमार हैं। उसने लिखा, "मेरे दादा फरीदाबाद के मेट्रो अस्पताल में एडमिट हैं। उनकी सिचुएशन क्रिटिकल है और वह एमआईसीयू में हैं। मैं फरीदाबाद मेट्रो हॉस्पिटल जाना चाहता हूं और अभी नोएडा के सेक्टर-22 में हूं। दया करके मेरी सहायता कीजिए।" पंकज सिंह ने लोकेश कुमार झा को शाम 6:36 बजे जवाब दिया, "आपका पास जारी हो चुका है। दिए गए यूआरएल पर क्लिक करके डाउनलोड कर सकते हैं। मैं आपके दादा के स्वस्थ होने की कामना करता हूं। आप उनका ख्याल रखिए।"

 

दृष्टि दिव्यांग के पास खाने के लिए कुछ नहीं है, कुछ भेजिए

14 मई, सुबह 9:33 बजे

चेतन नाम के ट्विटर यूजर ने लिखा, "कृपया मदद कीजिए। विजय बहादुर जिनका मोबाइल नंबर यहां लिखा है। वह देख नहीं सकते हैं, दिव्यांग हैं। उन्हें राशन की तत्काल आवश्यकता है। वह सूरजपुर-दादरी रोड पर भंगेल इंटर कॉलेज के पास रहते हैं।" इस पर थोड़ी देर बाद ही पंकज सिंह की ओर से जवाब लिखा गया, चेतन जी राशन उपलब्ध करा दिया गया है।

ससुर की मेरठ में मौत हो गई है, गाजियाबाद से जाने का इंतजाम कीजिए

14 मई, सुबह 10:39 बजे

कुमार अन्नू जो पेशे से इंजीनियर किसान और उद्यमी है। मूल रूप से बिजनौर के रहने वाले हैं। अभी गाजियाबाद में रह रहे हैं। उन्होंने लिखा, "आदरणीय पंकज सिंह जी मेरे मित्र के ससुर का आज मेरठ में देहांत हो गया है। मेरे मित्र को गाजियाबाद से मेरठ जाना है लेकिन पास अभी तक नहीं मिल पाया है। दुख की इस घड़ी में मदद करें।" कुमार अनु ने ट्विटर में ई-पास का रेफरेंस नंबर दिया है। इस ट्वीट पर पंकज सिंह की ओर से 3:21 बजे जवाब दिया गया, "अनु जी, आपके मित्र का पास बनवा दिया गया है। मैं दुख की इस घड़ी में परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं।"

पिताजी नोएडा में फंस गए हैं, बीमार हैं और घर जाने को आतुर हैं

13 मई, रात 7:46 बजे

अभिषेक आनंद ने ट्वीट किया। उन्होंने इस ट्वीट में भारतीय जनता पार्टी के विभाग एवं प्रकल्प प्रभारी अरविंद मेनन और पंकज सिंह को टैग किया है। लिखा है, "आदरणीय अरविंद मेनन जी और पंकज सिंह जी मेरे पिताजी लॉकडाउन से पहले नोएडा आए थे। तब से यहां फंसे हुए हैं। वह डायबिटीज के पेशेंट हैं और अपने पैतृक घर जाना चाहते हैं। नोएडा से देवरिया के लिए पास बनवाने में परेशानी आ रही है। कृपया मदद करें।" इस पर पंकज सिंह की ओर से 14 मई की दोपहर 12:05 पर जवाब दिया गया। लिखा, "अरविंद मैनन जी, अभिषेक जी का पास बनवा दिया गया है। अपना और परिवार का ख्याल रखें।"

भाई को सांप ने काट लिया है, वह मर गया है, मुझे बलिया जाना है

13 मई, शाम 5:54 बजे

ग्रेटर नोएडा वेस्ट में रहने वाले प्रभात दुबे ने एक ट्वीट किया। जिसमें उन्होंने समाचार पत्र की कटिंग और पास बनवाने के लिए आवेदक महिला का आधार कार्ड टैग किया है। प्रभात उपाध्याय ने ट्वीट में महिला की ओर से लिखा है, "मेरा नाम लक्ष्मी शर्मा है। मैं नोएडा एक्सटेंशन की निराला एस्पायर हाउसिंग सोसाइटी में रहती हूं। मेरे भाई की सांप काटने के कारण मृत्यु हो गई है। सोमवार को मेरा भाई अकेला था। मुझे अपने घर बलिया उत्तर प्रदेश जाना है। मेरी मदद की जाए।" इस पर पंकज सिंह की ओर से प्रभात दुबे को प्रत्युत्तर दिया गया है। पंकज सिंह ने लिखा, "प्रभात जी, लक्ष्मी जी का पास बनवा दिया गया है। मैं दुख की इस घड़ी में लक्ष्मी जी के परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं।"

 

"पूरी कोशिश रहती है कि लोगों को समय पर मदद मिल जाए। कई बार ट्वीट के जरिए मिलने वाली सूचनाएं अधूरी होती हैं। ऐसे में कई बार जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचने में समय लग जाता है। संपर्क होने के पश्चात और पूरी जानकारी मिलते ही तत्काल मदद पहुंचाने की कोशिश की जाती है। अब जब लॉकडाउन लागू है तो किसी के पास सीधे नहीं जाया जा सकता है। ऐसे में ट्विटर लोगों की परेशानियों को समझने और उनका निराकरण करने में महत्वपूर्ण साबित हो रहा है। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी ज्यादा से ज्यादा लोगों तक मदद पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। हम लोग चाहते हैं कि टि्वटर, फेसबुक, व्हाट्सएप और फोन कॉल के जरिए मदद मांगने वाले प्रत्येक व्यक्ति को हर संभव सहायता दी जा सके।

पंकज सिंह, विधायक, नोएडा

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.