गौतमबुद्ध नगर में हत्या और रेप की घटनाओं के विरोध में 16 सितम्बर को कलेक्ट्रेट पर हल्ला बोल

गौतमबुद्ध नगर में हत्या और रेप की घटनाओं के विरोध में 16 सितम्बर को कलेक्ट्रेट पर हल्ला बोल

गौतमबुद्ध नगर में हत्या और रेप की घटनाओं के विरोध में 16 सितम्बर को कलेक्ट्रेट पर हल्ला बोल

Social Media | Kripa Ram Sharma

गौतमबुद्ध नगर में लगातार हत्या और रेप की घटनाओं के विरोध में एक बार फिर 16 सितंबर को हल्ला बोल होगा। इस बार जिले के तमाम सामाजिक संगठन एक साथ मिलकर जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन करेंगे। इसके लिए सामाजिक संगठनों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस विरोध प्रदर्शन का संयोजन समाजसेवी और कांग्रेस के पूर्व महानगर अध्यक्ष कृपाराम शर्मा कर रहे हैं।

पंडित कृपाराम शर्मा ने बताया कि गौतमबुद्ध नगर में अपराध और अपराधी हावी हैं। नोएडा शहर से लेकर देहात तक हत्या और रेप जैसी जघन्य घटनाएं हो रही हैं। जिसके चलते गौतमबुद्ध नगर के आम जनमानस में दहशत व्याप्त है। पुलिस ग्रेटर नोएडा वेस्ट में गौरव चंदेल हत्याकांड का खुलासा नहीं कर पाई। गौरव चंदेल के हत्यारोपी को मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार किया, तब गौतमबुद्ध नगर पुलिस को इसके बारे में जानकारी मिली। अब नोएडा में बीटेक के छात्र अक्षय कालरा की लुटेरों ने हत्या कर दी। ग्रेटर नोएडा में रोजाना हत्याएं और रेप हो रहे हैं।

कृपाराम शर्मा ने कहा, दादरी में कैब ड्राइवर को मारकर नेशनल हाईवे पर फेंक दिया गया। चिटहरा गांव के निवासी युवक शेर सिंह भाटी की हत्या भरे बाजार कर दी गई। उस मामले में पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस का विरोध करने पर लोगों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। यह पूरी तरह तानाशाही का माहौल है। ग्रेटर नोएडा के दनकौर इलाके में प्रदीप अत्री युवक की हत्या कर दी गई। उस मामले में अब तक हत्यारोपी फरार चल रहा है।

पंडित कृपाराम शर्मा ने कहा, गौतमबुद्ध नगर में अराजकता हावी है। इन सब जघन्य हत्याकांड के खिलाफ 16 सितंबर को शहर के सभी सामाजिक संगठन मिलकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। ग्रेटर नोएडा में कलेक्ट्रेट पर लोग न्याय की मांग करेंगे। इस आयोजन के लिए सभी वर्ग के लोगों को आमंत्रित किया गया है। राष्ट्रीय ब्राह्मण महासंघ के अध्यक्ष प्रमोद शर्मा ने कहा इस विरोध प्रदर्शन में पूरे जिले के लोगों को एकत्र किया जाएगा। सभी बिरादरी और समाज के लोगों की ओर से अपराध के खिलाफ आवाज उठाई जाएगी।

शेर सिंह भाटी हत्याकांड के विरोध में चिटहरा गांव में महापंचायत का आयोजन करने वाले एडवोकेट श्याम सिंह भाटी का कहना है कि गौतमबुद्ध नगर जिले में अराजकता का माहौल हावी है। एक तरफ आम आदमी को अपराधी निशाना बना रहे हैं, दूसरी ओर पुलिस का अत्याचार झेलना पड़ रहा है। आम आदमी को अपनी जान और इज्जत बचाने मुश्किल हो गई है। 16 सितंबर को जिला मुख्यालय पर होने वाले धरना-प्रदर्शन में शहर की सभी आरडब्लूए, अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन और तमाम दूसरे सामाजिक संगठनों को आमंत्रित किया गया है। सभी राजनीतिक दल और धार्मिक संगठन भी इस विरोध-प्रदर्शन में शामिल होंगे।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.