ग्रेटर नोएडा वेस्ट: महिला और बच्चे की मौत के मामले में आया ट्विस्ट, नाना ने लगाया हत्या का आरोप

ग्रेटर नोएडा वेस्ट: महिला और बच्चे की मौत के मामले में आया ट्विस्ट, नाना ने लगाया हत्या का आरोप

ग्रेटर नोएडा वेस्ट: महिला और बच्चे की मौत के मामले में आया ट्विस्ट, नाना ने लगाया हत्या का आरोप

Tricity Today |

ग्रेटर नोएडा वेस्ट सुपरटेक इकोविलेज वन हाउसिंग सोसाइटी में शनिवार की सुबह एक महिला और उसका मासूम बच्चा 17वीं मंजिल से गिर गए थे। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मामले को पुलिस अभी तक आत्महत्या करार दे रही थी। अब इस मामले में नया मोड़ आ गया है। महिला के परिजनों ने ससुराल वालों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। बिसरख कोतवाली पुलिस को बाकायदा लिखित शिकायत देकर एफआईआर दर्ज करने और कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

ग्रेनो वेस्ट में स्थित इको विलेज वन हाउसिंग सोसाइटी में शनिवार की सुबह एक महिला ने अपने 3 साल के मासूम बेटे के साथ 17वीं मंजिल से कूदकर जान दे दी। शोर सुनकर मौके पर सोसाइटी के सुरक्षा गार्ड के अलावा काफी संख्या में लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। जिन्होंने सूचना पुलिस को दी। पुलिस की जांच में इस बात का पता लगा है कि मृतका महिला ने अपनी ननंद से हुए विवाद के बाद यह आत्मघाती कदम उठाया है। महिला के खुदकुशी करने से पहले ननंद पर गर्म तेल उड़ेलने की बात भी सामने आई है। हालांकि, देर शाम महिला के पिता ने ससुरालियों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाते हुए बिसरख थाने में तहरीर दी है। पुलिस जांच कर रही है।

पुलिस ने बताया कि जिला संभल के रहने वाले निशांत त्यागी की शादी वर्ष 2015 में जिला गाजियाबाद के विजय नगर निवासी मुनिराज त्यागी की पुत्री प्रियंका त्यागी के साथ हुई थी। वह पिछले काफी समय से अपनी पत्नी और साढ़े 3 साल के बेटे प्रियांश के साथ ग्रेटर नोएडा वेस्ट की इको विलेज वन सोसाइटी में रहते हैं। निशांत त्यागी के साथ ही बीए प्रथम वर्ष की छात्रा उनकी बहन भी उनके पास रहती है। 

पुलिस ने बताया कि शनिवार को निशांत त्यागी अपने पिता को लेने के लिए सम्भल गए थे। पुलिस के मुताबिक शनिवार की सुबह प्रियंका ने अपने बेटे के साथ 17वीं मंजिल से नीचे छलांग लगा दी। जिससे उसकी और उसके बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। 

सेंट्रल जोन के अपर उपायुक्त अंकुर अग्रवाल ने बताया कि महिला और उसके बेटे की सोसाइटी से गिरकर मौत की सूचना पर टीम को मौके पर भेजा गया था। पुलिस ने महिला के परिजनों को सूचना दी। प्रियंका के पिता मुनिराज त्यागी ने ससुरालियों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और छत से फेंकने का आरोप लगाते हुए बिसरख थाने में तहरीर दी है। इस तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत करा कर जांच शुरू कर दी गई है।

ननंद और भाभी में झगड़ा हुआ

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृतका प्रियंका त्यागी का अपनी ननद से किसी बात पर विवाद हो गया था। जिसके बाद यह पूरी घटना हुई है। ननंद पर गर्म तेल उड़ेलने की बात कह रहे हैं। बताया जा रहा है कि शनिवार को जब प्रियंका और उसकी ननंद के बीच विवाद हुआ तो उसने ननंद पर खोलता हुआ गरम तेल उड़ेल दिया। इसके बाद अपने बेटे के साथ 17वीं मंजिल से छलांग लगा दी। घायल नंद को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.