BREAKING: ग्रेटर नोएडा वेस्ट में 2 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित मिले

BREAKING: ग्रेटर नोएडा वेस्ट में 2 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित मिले

BREAKING: ग्रेटर नोएडा वेस्ट में 2 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित मिले

Tricity Today | प्रतीकात्मक फोटो

गौतम बुद्ध नगर में कोरोना वायरस लगातार पांव पसारता जा रहा है। रविवार की शाम ग्रेटर नोएडा वेस्ट में कोरोना वायरस से संक्रमित दो और लोग मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग ने दोनों को ग्रेटर नोएडा के राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती कर दिया है और उनका उपचार शुरू हो गया है। अब गौतमबुद्ध नगर में संक्रमित लोगों की संख्या 8 तक पहुंच चुकी है। इनमें से 7 लोगों का उपचार ग्रेटर नोएडा के राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान में किया जा रहा है। जबकि, सबसे पहले संक्रमित हुए व्यक्ति का दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में इलाज चल रहा है। वह व्यक्ति दिल्ली का ही निवासी है। उसका एक घर नोएडा में भी है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय ने बताया कि ये दोनों संक्रमित लोग ग्रेटर नोएडा वेस्ट में सेक्टर दो के निवासी हैं। दोनों करीब एक महीना पहले विदेश से लौटकर आए थे। दोनों में कोरोना वायरस के लक्षण दिखने पर टेस्ट करवाया गया था। रविवार को वायरोलॉजी लैब ने इन दोनों की रिपोर्ट भेजी हैं। जिनमें दोनों को कोरोना वायरस से संक्रमित बताया गया है। 

गौतमबुद्ध नगर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ अनुराग भार्गव ने रविवार की शाम जारी दैनिक रिपोर्ट में बताया है कि अब गौतमबुद्ध नगर में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 8 हो गई है। वहीं शनिवार की देर रात तक यह संख्या 7 थी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी की ओर से बताया गया है कि अब तक गौतमबुद्ध नगर में 1105 लोग विदेश यात्रा करके वापस लौट चुके हैं। इनमें से 1052 लोगों को तलाश कर संपर्क कर लिया गया है।

सीएमओ ने बताया कि इनमें से 361 लोग ऐसे हैं, जो 28 दिन पहले हमारे जिले में आए थे। अब जिले में 1657 लोगों पर निगरानी रखी जा रही है। अब तक 297 लोगों के सैंपल लेकर कोरोना वायरस की जांच के लिए भेजे गए हैं। इनमें से आठ केस पॉजिटिव आ चुके हैं। 221 लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव आई है और 69 लोगों की रिपोर्ट अभी आनी बाकी है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ अनुराग भार्गव ने बताया कि गौतमबुद्ध यूनिवर्सिटी के एससी एसटी हॉस्टल में बनाए गए क्वॉरेंटाइन वार्ड में 36 लोगों को भर्ती किया गया है। नोएडा के चाइल्ड हॉस्पिटल में 3 लोगों को भर्ती कराया गया है। सेक्टर 39 के जिला अस्पताल में 88 लोगों को भर्ती करवाया गया है और ग्रेटर नोएडा के राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान में 7 लोगों का इलाज किया जा रहा है।

इस तरह गौतमबुद्ध नगर में 134 लोगों को कोरोना वायरस से पीड़ित मानकर क्वॉरेंटाइन किया गया है और इलाज किया जा रहा है।

(हम संक्रमित लोगों के नाम और पते उनकी निजता को दृष्टिगत रखते हुए प्रकाशित नहीं कर रहे हैं। आपसे अनुरोध है कि पैनिक नहीं हों और धैर्य के साथ रहें। अपना और अपने परिवार का बचाव ही आपका सबसे बड़ा योगदान है। tricitytoday.com)

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.