नोएडा: दो साल के मासूम का अपहरण, 1 घंटे में पुलिस ने बरामद किया

नोएडा: दो साल के मासूम का अपहरण, 1 घंटे में पुलिस ने बरामद किया

नोएडा: दो साल के मासूम का अपहरण, 1 घंटे में पुलिस ने बरामद किया

Noida Police | बरामद बच्चा और उसका पिता

नोएडा में मंगलवार को सरफाबाद गांव से घर के बाहर खेल रहे 2 साल के मासूम बच्चे का अपहरण कर लिया गया। अपहर्ताओं ने मासूम के पिता को फोन करके बच्चे को जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद अपहरण की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस ने चारों तरफ चेकिंग अभियान चलाया। करीब एक घंटे में पुलिस ने बच्चे को बरामद करने में कामयाबी हासिल कर ली। 

बच्चे को नोएडा के सेक्टर-72 के पास बरामद किया गया है। तब जाकर नोएडा पुलिस ने राहत की सांस ली। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक अपहरण में शामिल लोग मौके से फरार हो गए हैं। पुलिस की टीम आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है। इलाके में लगे तमाम सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी निकलवाई गई हैं।

फोन करके पिता को कहा- बच्चे को मार रहे हैं
पुलिस के मुताबिक सेक्टर-73 सरफाबाद निवासी संदीप यादव का दो वर्षीय बेटा अद्दू उर्फ अद्विक मंगलवार की सुबह घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान अज्ञात लोगों ने अद्विक का अपहरण कर लिया। अपहरण के कुछ देर बाद बदमाशों ने उसके पिता को फोन किया। उनसे कहा कि वह अद्विक की हत्या करने वाला है। फोन करने वाले ने खुद का नाम सुल्तान बताया। इस पर संदीप ने फोन करने वाले से कहा कि वह इसकी सूचना पुलिस को दे रहा है। इसके बाद बदमाशों ने फोन काट दिया।

सेक्टर-72 मेट्रो स्टेशन के पास छोड़ा बच्चा
दोबारा बदमाशों के नंबर पर फोन किया तो उसका नंबर स्विच ऑफ आया। इसके बाद संदीप यादव ने तुरंत अपने भाई को सूचना दी और उसके भाई ने डायल-112 को इस घटना की जानकारी दी। अपहरण की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। तमाम अधिकारी छानबीन में जुट गए। बच्चे के घर पुलिस की टीम पहुंची और बच्चे की तलाश शुरू की।अपहरण की सूचना सभी थानों को दी गई। पुलिस की टीम सक्रिय हो गई। बच्चे की तलाश करने लगी। पुलिस के एक्टिव होने की भनक लगते ही अपहरण करने वाले बदमाशों ने बच्चे को सेक्टर-72 मेट्रो स्टेशन के पास छोड़ दिया। 

कंस्ट्रक्शन साइट के इंजीनियर ने कॉल करके पुलिस को बताया
तभी एक कंस्ट्रक्शन साइट पर काम करने वाले दो इंजीनियर सेक्टर-72 मेट्रो स्टेशन के पास से गुजर रहे थे। इंजीनियर ने बच्चे को अकेला देखा। इंजीनियर ने बच्चे के लावारिश यहां खड़े होने की सूचना पुलिस को दी। तत्काल पुलिस सेक्टर-72 मेट्रो स्टेशन पहुंची और इंजीनियरों से बच्चे को ले लिया। इसके बाद बच्चे के माता-पिता को बुलाया गया। बच्चा मिलने के बाद परिवार के लोग उससे लिपट कर रोने लगे। पुलिस ने भी राहत की सांस ली। लिखाई-पढ़ाई के बाद बच्चा परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.