गौरव चंदेल के परिवार को सरकार ने दी आर्थिक मदद, ये मांगे भी मानीं गईं

गौरव चंदेल के परिवार को सरकार ने दी आर्थिक मदद, ये मांगे भी मानीं गईं

गौरव चंदेल के परिवार को सरकार ने दी आर्थिक मदद, ये मांगे भी मानीं गईं

Tricity Today | गौरव चंदेल की पत्नी को 20 लाख का चेक सौंपते डीएम बीएन सिंह

Greater Noida West: गौर सिटी के निवासी गौरव चंदेल के परिवार को उत्तर प्रदेश सरकार ने आर्थिक मदद दे दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सीएम विवेकाधीन कोष से ₹20 लाख की आर्थिक मदद इस परिवार को दी है। बीते सोमवार की रात गौरव चंदेल की नोएडा में सेक्टर-123 के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद इस परिवार ने आर्थिक संकट की बात कही थी।

मेरठ के मंडलायुक्त अनीता मेश्राम और पुलिस महानिरीक्षक आलोक कुमार सिंह 3 दिन पहले गौरव चंदेल के परिवार से मिलने आए थे। दोनों अधिकारियों से मुलाकात के दौरान गौरव चंदेल की पत्नी प्रीति चंदेल ने बताया था कि उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा है। दरअसल, परिवार की आजीविका और जीवन यापन करने के लिए गौरव चंदेल अकेले कमाने वाले सदस्य थे। इस पर मंडलायुक्त ने उनकी मांग को सरकार तक पहुंचाने का भरोसा दिया था।

साथ ही जेवर के विधायक ठाकुर धीरेंद्र सिंह, दादरी के विधायक तेजपाल सिंह नागर, सांसद डॉ महेश शर्मा, विधायक पंकज सिंह और भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर ने भी परिवार को आर्थिक मदद देने के लिए मुख्यमंत्री को पत्र भेजे थे। रविवार की शाम आईजी आलोक कुमार सिंह और गौतमबुद्ध नगर के जिलाधिकारी बीएन सिंह गौरव चंदेल के घर पहुंचे और शासन की ओर से भेजा गया ₹20 लाख का चेक प्रीति चंदेल को दिया है।

प्रीति चंदेल की दूसरी मांग भी सरकार ने मंजूर कर ली हैं। आईजी ने उन्हें बताया है कि चाहेंगी तो उन्हें नौकरी दिलवा दी जाएगी। इसके अलावा गौरव चंदेल के परिवार की सुरक्षा के लिए 2 पुलिसकर्मी तैनात कर दिए गए हैं। आईजी ने प्रीति चंदेल को अब तक पुलिस की ओर से हत्यारों को पकड़ने के लिए किए गए काम की पूरी जानकारी भी दी है। आईजी ने प्रीति चंदेल को भरोसा दिलाया है कि केवल उत्तर प्रदेश पुलिस ही नहीं पड़ोसी राज्यों की पुलिस भी अपराधियों को पकड़ने के लिए काम कर रही है। आईजी ने अपील की है कि वह पुलिस को सहयोग करें । पुलिस हर संभव प्रयास करके उन्हें सुरक्षा और गौरव चंदेल के हत्यारों को गिरफ्तार करेगी।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.