मऊ से मैहर जा रही वैन और ट्रक की टक्कर में चार की मौत, पांच गंभीर रूप से घायल

कोहरे का कहर : मऊ से मैहर जा रही वैन और ट्रक की टक्कर में चार की मौत, पांच गंभीर रूप से घायल

मऊ से मैहर जा रही वैन और ट्रक की टक्कर में चार की मौत, पांच गंभीर रूप से घायल

Google Image | प्रतीकात्मक फोटो

देश के अलग-अलग इलाकों में कोहरे और शीतलहर का कहर जारी है। इसकी वजह से पिछले दिनों में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या में भारी इजाफा हुआ है। बुधवार की रात मध्य प्रदेश के छतरपुर के करीब राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक ट्रक और वैन की टक्कर में 4 लोगों की मौत हो गई। जबकि, पांच अन्य को गंभीर चोटें आई हैं। हादसा छतरपुर जिला मुख्यालय से करीब 16 किलोमीटर दूर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बसरी गांव के पास हुआ। कोहरे की वजह से ट्रक और वैन की आमने-सामने से जोरदार टक्कर हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए भेज दिया। 

बमीठा पुलिस थाने के प्रभारी निरीक्षक हेमंत नायक ने गुरुवार को घटना के बारे में मीडिया को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वैन में सवार लोग उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के रानीपुर से मध्य प्रदेश के मैहर जा रहे थे। आमने-सामने की टक्कर इतनी जोरदार थी कि, हादसे में तीन लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। एक व्यक्ति ने उपचार के दौरान छतरपुर जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पर तीन की हालत नाजुक थी। इसलिए उन्हें झांसी मेडिकल कॉलेज में भेजा गया है। 

मृतकों में तीन लोगों की पहचान आकाश रायकवार (21 वर्ष), कृष्णकांत रायकवार (24 वर्ष) और धीरेंद्र आर्य (20 वर्ष) के रुप में की गयी है। फिलहाल यह पता नहीं चल सका है कि ये लोग मैहर किस प्रयोजन से जा रहे थे। पुलिस ने परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है। पुलिस मामले में आगे की जानकारी जुटा रही है। पुलिस कयास लगा रही है कि वैन में सवार लोग मैहर मां शारदा के दर्शन के लिए जा रहे थे। मैंहर स्थित मां शारदा का मंदिर विश्व प्रसिद्ध है। हर साल यहां करोड़ों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.