विकास दुबे नोएडा में पृथला गोल चक्कर पर ऑटो में बैठा था, पुलिस के पहुंचने से पहले फिर फुर्र

विकास दुबे नोएडा में पृथला गोल चक्कर पर ऑटो में बैठा था, पुलिस के पहुंचने से पहले फिर फुर्र

विकास दुबे नोएडा में पृथला गोल चक्कर पर ऑटो में बैठा था, पुलिस के पहुंचने से पहले फिर फुर्र

Tricity Today | विकास दुबे

विकास दुबे दिल्ली-एनसीआर में घूम रहा है। वह कभी फरीदाबाद पुलिस और कभी नोएडा पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ है। बुधवार को दिनभर गौतम बुध नगर पुलिस ग्रेटर नोएडा डिस्ट्रिक्ट कोर्ट और फिर नोएडा फिल्म सिटी में खाक छानती रही। इधर देर रात पता चला कि विकास दुबे नोएडा में पृथला गोल चक्कर पर एक ऑटो में बैठा देखा गया है। एक युवक ने पुलिस को फोन करके यह जानकारी दी थी। जानकारी मिलने के तुरंत बाद पुलिस आनन-फानन में पृथला गोल चक्कर पहुंची, लेकिन तब तक विकास दुबे वहां से रफूचक्कर हो चुका था। पुलिस ने युवक से खासी पूछताछ की है। 

नोएडा के डीसीपी सेंट्रल हरिश्चंद्र ने बताया कि एक युवक ने फोन करके जानकारी दी थी कि ऑटो में उसके साथ विकास दुबे बैठा हुआ था। विकास दुबे ने उससे कॉल करने के लिए फोन मांगा था। उसने फोन देने से इंकार कर दिया। इसके बाद विकास दुबे ऑटो से उतर कर चला गया। युवक ने तुरंत पुलिस को फोन किया और जानकारी दी कि उसने विकास दुबे को देखा है। वह अभी उसके साथ फोटो में बैठा हुआ था। डीसीपी हरिश्चंद्र का कहना है कि अभी यह पुख्ता तौर पर नहीं कहा जा सकता है कि युवक ने जिस व्यक्ति को देखा था वह विकास था या नहीं। युवक से पूछताछ की जा रही है।

बुधवार को उत्तर प्रदेश समेत पूरे दिल्ली एनसीआर में विकास दुबे से जुड़ा घटनाक्रम बहुत तेजी से चला। सबसे पहले सुबह हमीरपुर में यूपी एसटीएफ और विकास दुबे के सबसे नजदीकी और उसके भतीजे अमर दुबे के साथ मुठभेड़ हुई। जिसमें अमर दुबे मारा गया। कुछ घंटे बाद ही विकास दुबे के एक और गुर्गे की मुठभेड़ कानपुर में पुलिस से हुई। उसे भी गोली लगी और हैलट अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। दोपहर में उत्तर प्रदेश सरकार ने विकास दुबे के सिर पर 5 लाख रुपये के इनाम की घोषणा कर दी। फरीदाबाद पुलिस ने विकास दुबे के 3 गुर्गों को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की। 

दोपहर में सूचना मिली कि विकास दुबे गौतम बुध नगर जिला न्यायालय में सरेंडर कर सकता है। जिसके बाद भारी पुलिस फोर्स पूरे न्यायालय परिसर में तैनात कर दिया गया। न्यायालय में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सघन तलाशी ली गई। मास्क हटाकर लोगों के चेहरे देखे गए। शाम होते-होते नई सूचना आई कि विकास दुबे नोएडा फिल्म सिटी में किसी न्यूज़ चैनल के दफ्तर पहुंच रहा है। स्टूडियो में लाइव शो के दौरान में सरेंडर करना चाहता है। इसके बाद भारी पुलिस फोर्स फिल्म सिटी में तैनात कर दिया गया। रात करीब 10:00 बजे तक पुलिस फिल्म सिटी में जमी रही। इसके बाद पृथला गोल चक्कर पर विकास दुबे के दिखाई देने की सूचना मिली।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.