राम मंदिर निर्माण के लिए धन संग्रह जुलूस के दौरान हिंसा, पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे, एक की मौत

BIG NEWS : राम मंदिर निर्माण के लिए धन संग्रह जुलूस के दौरान हिंसा, पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे, एक की मौत

राम मंदिर निर्माण के लिए धन संग्रह जुलूस के दौरान हिंसा, पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे, एक की मौत

Google Image | प्रतीकात्मक फोटो

अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए किए जा रहे धन संग्रह से जुड़ी एक रैली में एक व्यक्ति की जान चली गई। जबकि, अन्य तीन गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। मामला गुजरात के कच्छ जिले का है। रविवार को एक संगठन ने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए धनराशि इकट्ठा करने के लिए कच्छ जिले के किडाना गांव में एक रैली का आयोजन किया था। इसी दौरान दो समुदायों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते-देखते विवाद हिंसक हो गया। इसमें एक व्यक्ति की जान चली गई और तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। दोनों समुदायों के लोगों को मौके से खदेड़ दिया गया। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। 

पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि उसकी हत्या किसने और क्यों की। कच्छ (पूर्वी) के पुलिस अधीक्षक मयूर पाटिल ने घटना के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह झड़प रविवार शाम को किडाना गांव में हुई। गांधीधाम (बी-डिविजन) पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि रविवार शाम को गांव में उत्तर प्रदेश के अयोध्या में मंदिर निर्माण के लिए चंदा जमा करने के उद्देश्य से जुलूस निकाला जा रहा था। उसी दौरान दो समूहों के लोगों में झड़प हो गई। उन्होंने एक-दूसरे पर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। इस दौरान उपद्रवियों ने कुछ वाहनों को आग के हवाले भी कर दिया। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे। तब जाकर उपद्रवी मौके से भागे।

घटना में तीन लोग घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कर उनका इलाज किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक मयूर पाटिल ने बताया कि गांव के बाहरी इलाके में एक ऑटो रिक्शा पर एक समूह के लोगों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। अधिकारी ने बताया कि, '' गांव के बाहरी इलाके में कुछ अज्ञात लोगों ने एक व्यक्ति की हत्या कर दी। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है। यह घटना झड़प वाली जगह से करीब 200 मीटर की दूरी पर हुई है। हम यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि व्यक्ति की हत्या किसने और क्यों की।

मृतक झारखंड का रहने वाला था और वह काम के बाद एक ऑटो रिक्शा से लौट रहा था। इसी दौरान अज्ञात लोगों ने धारदार हथियारों से वाहन पर हमला कर दिया। ऑटो रिक्शा में सवार अन्य यात्री भाग कर अपनी जान बचाने में सफल रहे। पर मृतक को किसी ने चाकू मार दिया और वह भाग नहीं सका। इससे उसकी मौत हो गई। पुलिस पता लगा रही है कि मृतक को चाकू किसने और क्यों मारी। पुलिस ने अलग-अलग तीन प्राथमिकी दर्ज की है। दो प्राथमिकी एक-दूसरे के साथ झड़प करने वाले दोनों पक्षों ने दर्ज कराई हैं। तीसरी प्राथमिकी अज्ञात हत्यारों के खिलाफ लिखी गई है। पुलिस ने घटना के सिलसिले में कुछ संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। जल्दी ही पुलिस असली अपराधियों तक पहुंच जाएगी।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.