VIDEO: कौन हैं ये गुंडे, जिन्हें नहीं कानून का खौफ

VIDEO: कौन हैं ये गुंडे, जिन्हें नहीं कानून का खौफ

VIDEO: कौन हैं ये गुंडे, जिन्हें नहीं कानून का खौफ

Tricity Today | कौन हैं ये गुंडे, जिन्हें नहीं कानून का खौफ

ग्रेटर नोएडा में मंगलवार की शाम ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस वे पर 8 युवकों ने बेखौफ गुंडागर्दी की है। आलम यह कि ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे पर बीचों-बीच रॉन्ग साइड कार खड़ी की। उसके बाद टोल कलेक्टर को सड़क पर गिराकर बेरहमी से पीटा। इतना ही नहीं पूरे स्टाफ को धमकी दी कि अगर भविष्य में फिर कभी टोल मांगने की कोशिश की तो अंजाम इससे भी बुरा होगा। टोल मैनेजर की ओर से दादरी कोतवाली पुलिस को शिकायत दी गई है। जिस पर पुलिस ने अब तक एफआईआरदर्ज नहीं की है। हालांकि, अफसरों का कहना है कि मामले में कार्रवाई की जाएगी। अब सवाल यही उठता है कि आखिर इन गुंडों ने किसकी शह पर ऐसी वारदात को अंजाम दिया है और उनके मन में कानून का खौफ क्यों नहीं है।

 

भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस वे पर ग्रेटर नोएडा में मंगलवार की शाम जमकर गुंडागर्दी की गई है। ग्रेटर नोएडा के बील अकबरपुर गांव के पास टोल प्लाजा है। टोल मैनेजर जितेंद्र सिंह ने बताया कि मंगलवार की शाम एक काले रंग की स्कार्पियो कार में सवार होकर युवक आए थे। टोल कलेक्टर ने उनसे टोल मांगा तो खुद को लोकल बताने लगे। टोल कलेक्टर ने आईडी मांगी। इन लोगों ने आईडी नहीं दी और टोल गेट तोड़कर चले गए। बमुश्किल 10 मिनट बाद यह लोग वापस आए। रोंग साइड आकर टोल बूथ पर कार लगा दी। जिससे ट्रैफिक भी बाधित हो गया। दो युवक स्कूटी पर भी आए। 8 युवकों ने मिलकर टोल कलेक्टर को बूथ से बाहर खींचा। सड़क पर गिरा कर बुरी तरह पीटा। 

जितेंद्र सिंह का कहना है , टोल कलेक्टर लहूलुहान हो गया। उसकी छाती, कमर और सिर में गंभीर चोट आई हैं। टोल कलेक्टर को अस्पताल में भर्ती किया गया है। मैनेजर जितेंद्र कुमार सिंह का कहना है कि यह कोई पहली वारदात नहीं है। यहां आए दिन यह गुंडागर्दी होती है। पुलिस से शिकायत की जाती है लेकिन पुलिस मामले को रफा-दफा कर देती है। जिसकी वजह से गुंडे बदमाशों का मन बढ़ा हुआ है। 

दूसरी ओर टोल कलेक्टर का इलाज कर रहे डॉक्टर का कहना है, उसे छाती, कमर और सर में चोट आई हैं। घायल को काफी परेशानी हो रही है। उसका एक्स-रे किया गया है। एमआरआई और सीटी स्कैन के लिए लिखा गया है। टोल मैनेजर जितेंद्र सिंह का कहना है कि मंगलवार की शाम ही दादरी कोतवाली पुलिस को इस घटना के बारे में शिकायत दे दी गई थी। जिस पर अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। दूसरी ओर ग्रेटर नोएडा के एडिशनल डीसीपी विशाल पांडे का कहना है घटना संज्ञान में आई है। टोल कर्मचारियों की ओर से शिकायत दी गई है। मामले में कार्यवाही की जाएगी। 

आपको बता दें कि इस पूरी वारदात का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसे देखकर लोग सिर्फ एक ही सवाल कर रहे हैं, आखिर यह गुंडे कौन हैं और इन्हें कानून का खौफ क्यों नहीं है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.