BIG NEWS : यमुना प्राधिकरण की फिल्म सिटी का नाम होगा इन्फोटेनमेंट सिटी, जानिए क्यों हुआ बदलाव

BIG NEWS : यमुना प्राधिकरण की फिल्म सिटी का नाम होगा इन्फोटेनमेंट सिटी, जानिए क्यों हुआ बदलाव

BIG NEWS : यमुना प्राधिकरण की फिल्म सिटी का नाम होगा इन्फोटेनमेंट सिटी, जानिए क्यों हुआ बदलाव

Tricity Today | यमुना प्राधिकरण की फिल्म सिटी का नाम होगा इन्फोटेनमेंट सिटी

इसी सप्ताह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देश की सबसे खूबसूरत फिल्म सिटी यमुना एक्सप्रेस वे पर बनाने का ऐलान किया है। इस फिल्म सिटी का नाम इन्फोटेनमेंट सिटी होगा। इसके लिए कवायद तेज हो गई है। रविवार को अपर मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी और मुख्यमंत्री के विशेष कार्याधिकारी संजीव सिंह ने यमुना एक्सप्रेस वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ.अरुण वीर सिंह के साथ फिल्म सिटी की साइट का दौरा किया। प्रस्तावित इन्फोटेनमेंट सिटी के सेक्टर की लोकेशन देखी। 

राज्य के अपर मुख्य सचिव (गृह) अवनीश कुमार अवस्थी ने बताया, यीडा सिटी में बनने वाली फिल्म सिटी का नाम इंफोटेनमेंट सिटी होगा। फिल्म सिटी का विस्तृत प्रस्ताव यमुना प्राधिकरण अगले 10 दिनों में शासन को भेजेगा। डीपीआर बनवाने के लिए सलाहकार एजेंसी का चयन कर लिया गया है। अपर मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी व मुख्यमंत्री के संजीव सिंह रविवार सुबह करीब पौने नौ बजे यमुना प्राधिकरण के सेक्टर-21 पहुंचे। प्राधिकरण की ओर से सीईओ डॉ.अरुणवीर सिंह और ओएसडी शैलेंद्र भाटिया साथ में साइट पर पहुंचे थे। 

अवनीश अवस्थी को साइट बहुत पसंद आई

अधिकारियों ने फिल्म सिटी की साइट का मौका मुआयना किया। अवनीश अवस्थी ने सेक्टर-21 की लोकेशन को बेहतर माना है। अवस्थी ने कहा कि फिल्म सिटी की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) बनवाई जाए। इन्फोटेनमेंट सिटी यमुना प्राधिकरण को ही बनानी है, इसलिए वह डीपीआर पर काम करें। हालांकि, शासन स्तर पर एक सलाहकार नियुक्त करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। सीईओ ने बताया कि डीपीआर बनाने के लिए अर्नेस्ट एंड यंग को सलाहकार नियुक्त किया गया है। यह एजेंसी डीपीआर बनाएगी।

डिजिटल का जमाना है तो नाम इन्फोटेनमेंट सिटी होगा

यमुना प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ.अरुणवीर सिंह ने बताया कि शासन ने इस फिल्म सिटी का नाम इंफोटेनमेंट सिटी रखा है। ताकि फिल्मों के अलावा इससे जुड़े अन्य काम भी हो सकें। इसमें सीरियल से लेकर फिल्म तक की शूटिंग होगी। इसके सारे इंतजाम किए जाएंगे। यह सिटी एक हजार एकड़ में बसाई जाएगी। सीईओ ने कहा कि यह वक्त डिजिटल का है। लिहाजा इस प्रोजेक्ट का नाम केवल फिल्म सिटी रखना उचित नहीं समझा गया है। सभी विधाओं को संयुक्त रूप से जोड़कर इसका नाम इन्फोटेनमेंट सिटी रखा है। यहां इनफार्मेशन टेक्नोलॉजी और इंटरटेनमेंट का संयुक्त रूप देखने के लिए मिलेगा।

फिल्म निर्माता और निर्देशक नितिन देसाई के सुझाव भी शामिल होंगे

डॉ.अरुणवीर सिंह ने बताया कि प्राधिकरण आगामी 10 दिनों में सरकार को विस्तृत प्रस्ताव भेज देगा। इस प्रस्ताव बनाते समय प्रदेश सरकार की फिल्म नीति को ध्यान में रखा जाएगा। इसके अलावा फिल्मकारों की तरफ से फिल्म निर्माता-निर्देशक नितिन देसाई इंफोटेनमेंट सिटी का प्रस्ताव तैयार कर रहे हैं। कुछ बिंदु उन्होंने भेजे हैं। उन्होंने स्टूडियो, विशेष स्टूडियो, शूटिंग की विभिन्न जरूरतों को बताया है। प्रस्ताव में इन बिंदुओं को भी शामिल किया जाएगा।

शासन ने परियोजना के लिए तीन विकल्प पर काम किया है 

इंफोटेनमेंट सिटी बसाने के लिए तीन विकल्पों पर विचार हो रहा है। पहला पीपीपी मॉडल है। इसमें किसी कंपनी से करार होगा। जमीन सरकार देगी और विकास का काम कंपनी का होगा। दूसरा विकल्प यह है कि सरकार सब्सिडी दे और यमुना प्राधिकरण विकास करे। तीसरा विकल्प यह है कि यमुना प्राधिकरण इस सिटी को खुद विकसित करे और भूखंड बेचे।

इंफोटेनमेंट सिटी में सीरियल और फिल्मों की शूटिंग के स्टूडियो और विशेष स्टूडियो, एनीमेशन, वेब सीरीज, कार्टून फिल्म, डाक्यूमेंट्री, डिजिटल मीडिया आदि के लिए सभी जरूरी सुविधाएं दी जाएंगी। इसीलिए इसका नाम इंफोटेनमेंट सिटी रखा गया है।

यह गतिविधियां भी यहां संचालित होंगी

  1. फिल्म प्रोडक्शन
  2. स्टूडियो
  3. आउटडोर लोकेशन
  4. स्पेशल इफेक्ट स्टूडियो 
  5. होटल
  6. क्लब हाउस
  7. गांव
  8. वर्कशॉप
  9. टूरिस्ट एंड इंटरटेनमेंट
  10. फिल्म यूर्निवसिटी
  11. शॉपिंग कांप्लेक्स
  12. फूड कोर्ट
  13. एम्यूजमेंट पार्क
  14. कन्वेंशन सेंटर
  15. फ़िल्म म्यूजियम
  16. कॉमन पार्किंग

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.