ग्रेटर नोएडा एक और हत्या से थर्राया, शेर सिंह का चाकू से गोदकर कत्ल

ग्रेटर नोएडा एक और हत्या से थर्राया, शेर सिंह का चाकू से गोदकर कत्ल

ग्रेटर नोएडा एक और हत्या से थर्राया, शेर सिंह का चाकू से गोदकर कत्ल

Tricity Today | Sher Singh

ग्रेटर नोएडा में मंगलवार की शाम एक और जघन्य हत्या को अंजाम दिया गया है। दादरी कस्बे में एक युवक को चाकू से गोदकर मौत के घाट उतार दिया गया। हत्या किस कारण की गई है, अभी जानकारी सामने नहीं आई है। गंभीर रूप से घायल हुए युवक को लोग अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस हत्या के बाद से दादरी कस्बे में तनाव व्याप्त है। एहतियात के तौर पर पुलिस तैनात कर दी गई है। दूसरी ओर सूचना मिलने के बाद ग्रेटर नोएडा के डीसीपी और दादरी के एसीपी मौका ए वारदात पर पहुंचे हैं।

मिली जानकारी के मुताबिक दादरी कोतवाली क्षेत्र के गांव चिटहरा का रहने वाला युवक शेर सिंह उर्फ शेरू मंगलवार की दोपहर किसी काम से दादरी के नई आबादी मोहल्ले में गया था। वहां किसी बात को लेकर कुछ लोगों से उसका विवाद हो गया। शेर सिंह के ऊपर चाकू से हमला कर दिया गया। शेर सिंह को पेट, कमर, चेहरे और छाती में कई जगहों पर चाकू मारे गए हैं। मिली जानकारी के मुताबिक शेर सिंह बुरी तरह गंभीर होकर रास्ते पर गिर पड़ा। लोगों ने इस बारे में पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और उसे उठाकर अस्पताल में भर्ती किया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया है। 

पुलिस ने बताया कि शेर सिंह दादरी कोतवाली क्षेत्र के गांव चिटहरा का रहने वाला था। उसके पिता श्योराज सिंह भाटी दिल्ली पुलिस में सब इंस्पेक्टर थे। वह कई साल पहले रिटायर हो चुके हैं। अब परिवार की जिम्मेदारी शेर सिंह ही संभाल रहा था। वारदात के बाद से दादरी कस्बे में तनाव व्याप्त है। हालात नियंत्रण में हैं। पुलिस ने कस्बे में फोर्स तैनात किया है। ग्रेटर नोएडा के डीसीपी और दादरी के एसीपी सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे। लोगों से पूछताछ की है। कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया गया है। मिली जानकारी के मुताबिक हत्यारोपी वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए हैं। पुलिस गिरफ्तारी के लिए छापामारी कर रही है। 

आपको बता दें कि पिछले कई दिनों से लगातार गौतमबुद्ध नगर में हत्याएं हो रही हैं। रविवार की रात दादरी में ही नेशनल हाईवे पर एक कैब चालक की हत्या करके शव को फेंक दिया गया था। सोमवार की देर रात ग्रेटर नोएडा वेस्ट की अजनारा ली गार्डन हाउसिंग सोसाइटी में दो प्रॉपर्टी डीलरों पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। दोनों लोगों की हत्या कर दी गई है। अब मंगलवार की दोपहर दादरी में एक और हत्या हुई है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.