मुंबई के सेठ का 70 लाख कैश चोरी कर सहारनपुर ले जा रहा युवक ग्रेटर नोएडा वेस्ट में गिरफ्तार, बड़ा खुलासा हुआ

मुंबई के सेठ का 70 लाख कैश चोरी कर सहारनपुर ले जा रहा युवक ग्रेटर नोएडा वेस्ट में गिरफ्तार, बड़ा खुलासा हुआ

मुंबई के सेठ का 70 लाख कैश चोरी कर सहारनपुर ले जा रहा युवक ग्रेटर नोएडा वेस्ट में गिरफ्तार, बड़ा खुलासा हुआ

Tricity Today | नकदी के साथ गिरफ्तार आरोपी

ग्रेटर नोएडा वेस्ट में बिसरख थाना पुलिस ने गुरुवार को एक कार से 69.18 लाख रुपये बरामद किए हैं। कार में सवार एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है। इस व्यक्ति ने पूछताछ में बताया है कि उसने यह रकम मुंबई के नाला सुपारा में रहने वाले एक सेठ के घर से चुराई थी। भारी मात्रा में बरामद नकदी आरोपी कार में रखकर मुंबई से अपने घर सहारनपुर लेजा रहा था। लेकिन ग्रेटर नोएडा वेस्ट में स्थित गौर सिटी के पास ही पुलिस ने आरोपी को दबोचा लिया।

नोएडा के डीसीपी सेंट्रल हरीश चंदर ने बताया कि गुरुवार को मुखबिर से सूचना मिली कि एक कार में भारी मात्रा में नकदी ले जाई जा रही है। बिसरख थाना प्रभारी मुनीष चौहान की टीम ने गौर सिटी गोल चक्कर के समीप से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से 69 लाख 18 हजार रुपये और एक कार बरामद की गई है। आरोपी की पहचान गुलनवाज उर्फ आरिफ निवासी इमाम कालोनी, सहारनपुर उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। 

पुलिस ने बताया कि आरोपी गुलनवाज ने मुंबई से कार सहित रकम लाने के लिए दो चालकों को हायर किया था। लेकिन दोनों चालकों को रकम के बारे में नहीं पता था। मौके से पकड़े गए दोनों चालक गिरीराज शर्मा व रवि नायर को पुलिस ने पूछताछ के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। भारी मात्रा में बरामद नकदी कितनी है यह पता करने के लिए पुलिस को नोट गिनने वाली मशीन मंगानी पड़ी। सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में फोरेंसिक टीम की मौजूदगी में रकम गिनी गई जो कि 69 लाख 18 हजार रुपये पाई गई।

डीसीपी ने बताया कि आरोपी गुलनवाज और उसका भाई शाहनवाज दोनों चोरी में बराबर के हिस्सेदार है। रकम चुराने के लिए गुलनवाज हवाई जहाज से मुंबई गया था। वहां सेठ के घर चोरी करने के बाद रकम को कार से सहारनपुर लेकर जा जा रहा था।
बिसरख पुलिस ने इस मामले में मुंबई पुलिस से संपर्क किया है। जानकारी करने पर पता चला है कि गुलनवाज का भाई मुंबई के नाला सुपारा में एक सेठ के घर काम करता है। हालांकि, सेठ की तरफ से चोरी की सूचना मुंबई पुलिस को नहीं दी गई है। रकम पकड़ी जाने के बाद इस राज से पर्दा उठा है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.