आरएसएस के प्राथमिक वर्ग में 106 स्वयंसेवकों ने ली शिक्षा, मुख्य वक्ता ने दी ये सीख

गौतमबुद्ध नगर : आरएसएस के प्राथमिक वर्ग में 106 स्वयंसेवकों ने ली शिक्षा, मुख्य वक्ता ने दी ये सीख

आरएसएस के प्राथमिक वर्ग में 106 स्वयंसेवकों ने ली शिक्षा, मुख्य वक्ता ने दी ये सीख

Tricity Today | स्वयंसेवक संघ

Gautam Buddh Nagar : गौतमबुद्ध नगर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का सात दिवसीय प्राथमिक शिक्षा वर्ग 2021 का समापन हो गया है। 16 अक्टूबर से प्राथमिक शिक्षा वर्ग का यह कार्यक्रम शुरू हुआ था। आज समापन के मौके पर मुख्य वक्ता के तौर पर विद्या भारती के प्रांत संगठन मंत्री तपन कुमार ने स्वयंसेवकों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भारत का भविष्य युवा वर्ग के हाथों में है। आज का युवा जागरूक और सजग है। युवा वर्ग अपने भविष्य के साथ-साथ देश के लिए अपने कर्तव्यों का भी निर्वाहन करे, ये आवश्यक है। 

बताते चलें कि राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ, गौतमबुद्ध नगर का सात दिवसीय प्राथमिक शिक्षा वर्ग 2021 संत किशोरी शरण विद्या मंदिर सेक्टर-158, नोएडा में चल रहा था। इस वर्ग में 106 शिक्षार्थियों ने सात दिवसीय शिक्षण प्राप्त किया। वर्ग का समापन मुख्य वक्ता विद्या भारती के बौद्धिक प्रांत संगठन मंत्री तपन जी के संबोधन से आज समाप्त हुआ। इस प्रशिक्षण वर्ग में स्वयं सेवकों के व्यक्तित्व का निर्माण किया जाता है। ताकि वे स्वयं की इच्छा से बिना किसी भेदभाव के एक अच्छे समाज के निर्माण में अपनी भूमिका का निर्वहन कर सकें। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ का प्राथमिक शिक्षा वर्ग का कार्यक्रम बीते 16 अक्टूबर से शुरू हुआ था। 

वर्ग में प्रतिदिन संघ स्थान पर प्रार्थना के बाद शारीरिक शिक्षा, व्यायाम, खेल, बौद्धिक के साथ-साथ स्वयं सेवकों का व्यक्तित्व, कृतित्व, नेतृत्व, समझदारी, समर्पण का भाव व देश भक्ति की भावना की बात बताई गयी। यही नहीं, छोटे से लेकर बड़े विषय पर चिंतन करना, अपना कर्तव्य समझना, यह बताया गया। पूरी दुनिया के लोग हिन्दुत्व की ओर आकृष्ट हो रहे हैं और हिंदुत्व के मूल को स्वीकार कर रहे हैं। क्योंकि हिन्दू का अर्थ है हीनता से दूर रहने वाला। संघ सम्पूर्ण समाज के मंगल की कामना करता है। हिन्दू समाज ही है जो अपने संस्कृति को हमेशा संजो कर रखता है। 

संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार ने कहा था कि संघ के स्वयंसेवक एक बीज की तरह होते हैं। जिस तरह से एक बीज को वृक्ष बनने के लिए स्व के अस्तित्व को समाप्त करना पड़ता है, उसी तरह से स्वयं सेवक सम्पूर्ण समाज का चिंतन करता है। अपनी कर्मठता, अनुशासन व सकारात्मक सोच से एक नए समाज का निर्माण करता है। कार्यक्रम के अध्यक्ष सेवानिवृत आईएएस शंकर अग्रवाल ने शारीरिक, बौद्धिक प्रदर्शन की प्रशंसा की। विभाग, जिला और नगर कार्यकारिणी के कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में समापन कार्यक्रम का सफल आयोजन हुआ।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.