गौतमबुद्ध नगर स्वास्थ्य विभाग के 6 कर्मचारियों का तबादला, विरोध में धरने पर बैठे

BREAKING: गौतमबुद्ध नगर स्वास्थ्य विभाग के 6 कर्मचारियों का तबादला, विरोध में धरने पर बैठे

गौतमबुद्ध नगर स्वास्थ्य विभाग के 6 कर्मचारियों का तबादला, विरोध में धरने पर बैठे

Tricity Today | प्रदर्शन करते कर्मचारी

गौतमबुद्ध नगर स्वास्थ्य विभाग के 6 कर्मचारियों का तबादला हो गया है। इसको लेकर आज मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय पर कर्मचारियों और उनके साथियों ने प्रदर्शन किया। इस वजह से आज पूरे दिन के लिए विभाग के सारे काम ठप पड़ गए हैं। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों की मांग है कि सभी ट्रांसफर तत्काल प्रभाव से रोके जाएं। सटॉफ का कहना है कि जब तक सभी ट्रांसफर रोके नहीं जाएंगे, वे प्रदर्शन करते रहेंगे। इससे विभाग का काम प्रभावित रहेगा। 

गौतमबुद्ध नगर मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में तैनात वरिष्ठ सहायक दीपक ने बताया कि उनका और पांच अन्य लोगों का तबादला कर दिया गया है। ट्रांसफर से पहले विभाग ने जरूरी नियमों की अवहेलना की है। इसमें गंभीर बीमारी को भी नजरअंदाज किया गया है। पूरे प्रदेश में सैकड़ों लोग हैं, जिनका ट्रांसफर कर दिया गया है। हमारी मांग है कि सरकार सभी तबादलों पर रोक लगाए। प्रदर्शन की वजह से आज मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय में कामकाज प्रभावित हुआ है।


अन्य जनपदों में सुगबुगाहट
उधर राज्य सरकार का कहना है कि ट्रांसफर में पारदर्शिता बरती गई है। इसका पूरी तरह पालन होगा। एक भी व्यक्ति का तबादला नहीं रोका जाएगा। इस वजह से इस मामले के लंबे खिंचने के आसार दिखाई दे रहे हैं। गौतमबुद्ध नगर के अलावा राज्य के कई जिला मुख्यालयों पर कर्मचारियों में प्रदर्शन की सुगबुगाहट है। आगामी दिनों में बड़े स्तर पर ट्रांसफर को रोकने के लिए धरने का सहारा लिया जा सकता है।

1552 कर्मचारियों का तबादला
आगामी विधानसभा चुनाव से ठीक पहले उत्तर प्रदेश चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग में 1552 कर्मचारियों और बाबुओं के तबादले हो चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा है। कोई नहीं जानता कब उसके तबादले की सूचना आ जाए। जानकारी के मुताबिक अब तक योगी सरकार ने प्रधान सहायक से प्रशासनिक अधिकारी, वरिष्ठ सहायक से प्रधान सहायक, कनिष्ठ सहायक से वरिष्ठ सहायक तथा चतुर्थ श्रेणी से कनिष्ठ सहायक पद पर पदोन्नत हुए 568 कर्मी एवं लिपिक संवर्ग के 984 कर्मचारियों के तबादले किए हैं।

बाबुओं को खल रहा
चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग में इतने ट्रांसफर की वजह से भूचाल आ गया है। यूपी के अब तक के इतिहास में एक साथ इतने कर्मचारियों के तबादले कभी नहीं हुए। योगी सरकार में तबादला नीति का पालन कराने में चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग अव्वल रहा है। वर्षों से ज़िलों में जमे हुए कर्मचारियों को सरकार का यह फैसला हज़म नहीं हो रहा है। हर जिले में मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय के बाबुओं को यह फैसला नागवार गुजरा है। इतने बड़े पैमाने पर फेरबदल और मनचाही तैनाती से दूरी बाबुओं को नहीं भा रही है। इसके चलते इस तबादला सूची को राजनैतिक रंग दिया जा रहा है। 

नहीं बदलेगा फैसला
यूपी के स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह ट्रांसफर पॉलिसी का पालन करवाने पर डटे हुए हैं। उनका कहना है कि स्वास्थ्य विभाग मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मजबूत इच्छाशक्ति के अनुरूप कार्य कर रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ऐसे कड़े फ़ैसले लेने के सख्त आदेश दिए हैं। इससे स्वास्थ्य विभाग में फैले भ्रष्टाचार पर लगाम लग सकेगी। इसी क्रम में प्रदेश के सभी बाबुओं के तबादले किए गए हैं। कुछ अफसर और बाबू ट्रांसफर रुकवाने के लिए दम लगा रहे हैं, लेकिन सरकार 1552 तबादलों में से अपना एक भी निर्णय बदलने को तैयार नहीं है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.