पर्थला गोल चक्कर पर बन रहे सिगनेचर ब्रिज का 70 प्रतिशत कार्य हुआ पूरा, अहमदाबाद से स्टील आना हुआ शुरू, इस महीने से शुरू होगी यात्रा

अच्छी खबर : पर्थला गोल चक्कर पर बन रहे सिगनेचर ब्रिज का 70 प्रतिशत कार्य हुआ पूरा, अहमदाबाद से स्टील आना हुआ शुरू, इस महीने से शुरू होगी यात्रा

पर्थला गोल चक्कर पर बन रहे सिगनेचर ब्रिज का 70 प्रतिशत कार्य हुआ पूरा, अहमदाबाद से स्टील आना हुआ शुरू, इस महीने से शुरू होगी यात्रा

Tricity Today | Symbolic Photo

Noida News : अब जल्द ही ग्रेटर नोएडा वेस्ट के किसान चौक की ओर से आने-जाने वाले यात्रियों का सफर आसान होगा। पर्थला गोल चक्कर पर सिग्नेचर ब्रिज की तर्ज पर बन रहे फ्लाईओवर का कार्य बड़ी ही तेजी के साथ आगे बढ़ रहा है। अब यहां पर अहमदाबाद से स्टील आना शुरू हो गया है। स्टील को जोड़कर गर्डर खड़ा किया जाएगा। यहां पर यह अलग-अलग हिस्सों में स्टील आएगा और जिसके बाद उन्हें यहां जोड़कर खड़ा किया जाएगा। प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि इसके काम को जुलाई अंत तक पूरा कर अगस्त में इसे वाहनों के लिए शुरू कर दिया जाएगा। यह लोगों के लिए बेहद ही लाभदायक होगा। ब्रिज को 220 गर्डर, 3 पिलर और 28 केबल पर तैयार किया जा रहा है। ब्रिज के बन जाने से आसपास के कई सेक्टर वासियों का सफर आसान हो जाएगा। 

इतना कार्य हुआ पूरा 
सिगनेचर ब्रिज की तर्ज पर बनाए जा रहे हैं इस ब्रिज को सेक्टर-72 बाबा बालक नाथ मंदिर से ग्रेटर नोएडा वेस्ट के किसान चौक की ओर आने-जाने के लिए बनाया जा रहा है। इसको 6 लेन का बनाया जा रहा है और इसकी लंबाई 697 मीटर होगी। इस ब्रिज को बनाने में 80 करोड़ 54 लाख रुपए की लागत आएगी। इसके बनने से आसपास के कई सेक्टरों और ग्रेटर नोएडा वेस्ट जाने वाले यात्रियों को आसानी होगी। इस फ्लाईओवर का 70 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। मास्टर प्लान रोड नंबर-3 पर यह फ्लाईओवर बनाया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल पाइप, पाइप कैंप, पियर और पियर कैंप का काम पूरा हो चुका है। इसी के साथ किसान चौक की ओर से रैंप बनाने का कार्य भी लगभग पूरा हो गया है। अब सेक्टर-72 बाबा बालक नाथ मंदिर की ओर से रैंप बनाने का कार्य किया जा रहा है। 

पेड़ों को शिफ्ट करने का कार्य किया जा रहा है 
सिग्नेचर ब्रिज के कार्य को बेहद ही तेजी के साथ किया जा रहा है। जिसके लिए ब्रिज के निर्माण में आड़े आ रहे पेड़ों को शिफ्ट करने की तैयारी की जा रही है। फिलहाल गर्डर लगाने के काम को तेजी से किया जा रहा है। जिसके लिए अहमदाबाद से स्टील मंगाया गया है जो कि आना शुरू हो गया है। अहमदाबाद से यहां पर अलग-अलग हिस्सों में स्टील आएगा। जिन्हें यहां पर जोड़कर खड़ा किया जाएगा। जल्द ही इसे लोगों के लिए शुरू कर दिया जाएगा। इस फ्लाईओवर के शुरू होने लोग कम समय में लंबी दूरी तय कर सकेंगे। 

3 में से 2 पिलर बनकर करके तैयार 
नोएडा प्राधिकरण के वरिष्ठ प्रबंधक मुकेश वैश्य ने बताया कि पर्थला गोल चक्कर पर सिग्नेचर ब्रिज के तर्ज पर बन रहे फ्लाईओवर का कार्य तेजी से किया जा रहा है। अब यहां पर स्टील को जोड़कर गर्डर का स्ट्रक्चर बनाया जाएगा। यहां पर इनको नट बोल्ट से कसकर खड़ा किया जाएगा। इस ब्रिज को 3 पिलर, 220 गर्डर पर खड़ा किया जाएगा और 28 केबल के जरिए यह ब्रिज लटका नजर आएगा। उन्होंने बताया कि फिलहाल 3 में से 2 पिरल का काम पूरा हो चुका है। बीच वाले पिरल की ऊंचाई 49 मीटर की है। जिसका सिर्फ 3 मीटर का हिस्सा बचा हुआ है। बाकी दोनों पिरलों को जमीन से 8 मीटर की ऊंचाई पर बनाया गया है। 

इन सेक्टर वासियों को होगा फायदा 
पर्थला गोल चक्कर पर सिग्नेचर ब्रिज की तर्ज पर बन रहे फ्लाईओवर के बनने से सेक्टर 51, 52, 61, 70, 71, 72, 73, 74, 75, 76, 77, 78, 79, 121, 122 और किसान चौक की ओर से आने-जाने वालों का सफर आसान हो जाएगा। इसी के साथ दिल्ली से गाजियाबाद और हापुड़ की ओर से आने-जाने वाले लोगों को भी राहत मिलेगी। इस ब्रिज के शुरू हो जाने से वाहन चालकों को जाम में फसना नहीं पड़ेगा। जिससे उनकी समय की बचत होगी और सफर भी बेहद आसान हो जाएगा।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.