6.90 लाख वोटर करेंगे नए विधायक का चुनाव, जानिए क्या है इस सीट का इतिहास

नोएडा विधानसभा चुनाव 2022 : 6.90 लाख वोटर करेंगे नए विधायक का चुनाव, जानिए क्या है इस सीट का इतिहास

6.90 लाख वोटर करेंगे नए विधायक का चुनाव, जानिए क्या है इस सीट का इतिहास

Tricity Today | नोएडा विधानसभा चुनाव

Noida Election 2022 : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की घोषणा हो गई है। उत्तर प्रदेश का हाईटेक शहर और सबसे महत्वपूर्ण जिला गौतमबुद्ध नगर में 10 फरवरी 2022 को विधानसभा चुनाव होगा। हम बात करते हैं सबसे पहले नोएडा विधानसभा की तो नोएडा विधानसभा में इस बार 6,90,231 वोटर अपना नया विधायक चुनेंगे। चुनाव होने के पूरे एक महीने बाद 10 मार्च को नोएडा के नए विधायक की घोषणा होगी। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर नोएडा की तस्वीर साफ होती नजर आ रही है। 

पंकज सिंह है मौजूदा विधायक
भारतीय जनता पार्टी मौजूदा विधायक पंकज सिंह को मैदान में एक बार फिर उतारेगी। पंकज सिंह भारतीय जनता पार्टी के बड़ा युवा चेहरा के रूप में जाने जाते हैं। पंकज सिंह नोएडा के विधायक होने के अलावा उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष भी हैं, इसके अलावा उनको युवा मोर्चा की जिम्मेदारी मिली है। अब अगर बात करें 2017 विधानसभा चुनाव की तो 2017 विधानसभा चुनाव में पंकज सिंह 1,04,016 वोटों से जीते थे। वहीं, दूसरे स्थान पर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी सुनील चौधरी 58,401 सीटों पर सिमट गए और तीसरे नंबर पर बहुजन समाज पार्टी के रविकांत मिश्रा को 27,365 वोट प्राप्त हुए थे। अब रविकांत मिश्रा भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए हैं।

डॉ. महेश शर्मा बने पहले विधायक 
नोएडा विधानसभा में सबसे पहला चुनाव 2012 में हुआ था। मौजूदा सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा नोएडा विधानसभा 2012 में सबसे पहले विधायक चुने गए। डॉ. महेश शर्मा ने बहुजन समाज पार्टी के ओम दत्त शर्मा को 27,676 वोटों से हराया था। उसके बाद डॉ. महेश शर्मा ने 2014 में लोकसभा चुनाव लड़ा और वो जीतकर लोकसभा चले गए, उसके बाद नोएडा की विधायक विमला बाथम बनीं। दूसरा चुनाव नोएडा में 2017 में हुआ। 2017 में नोएडा के विधायक पंकज सिंह बने। नोएडा पर अभी तक भारतीय जनता पार्टी का ही कब्जा है। पहले बहुजन समाज पार्टी और फिर समाजवादी पार्टी को हराकर भारतीय जनता पार्टी ने जीत हासिल की।

कितने पुरुष और महिला वोटर
नोएडा में इस बार 6,90,231 वोटर हैं। यह वोटर ही नोएडा विधानसभा चुनाव 2022 में अपना नया विधायक चुनेंगे। इनमें 3,91,460 पुरूष वोटर और 2,98,764 महिला वोटर है। बाकी 7 थर्ड जेंडर वोटर है। इस बार नोएडा में 149 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। जहां पर टोटल 998 बूथ केंद्र है। नोएडा में 3 जोनल मजिस्ट्रेट और 4 सेक्टर मजिस्ट्रेट है। 

21 जनवरी तक होगा नामांकन दाखिल
यूपी विधानसभा चुनाव की तारीख घोषित हो गई है। पहले चरण में ही नोएडा विधानसभा का चुनाव होगा। विधानसभा चुनाव को लेकर 14 जनवरी को अधिसूचना शुरू होगी। 21 जनवरी तक प्रत्याशी अपना नामांकन दाखिल कर सकता है। 24 जनवरी तक नामांकन दाखिल करने वाले उम्मीदवार की जांच होगी। 25 नवंबर से ही उम्मीदवार अपना नामांकन वापस ले सकता है और नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 27 जनवरी 2022 है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.