नोएडा में 35 हजार लोगों के टीकाकरण का महाअभियान जारी, केंद्रों पर भारी भीड़ जुटी

बड़ी खबर : नोएडा में 35 हजार लोगों के टीकाकरण का महाअभियान जारी, केंद्रों पर भारी भीड़ जुटी

नोएडा में 35 हजार लोगों के टीकाकरण का महाअभियान जारी, केंद्रों पर भारी भीड़ जुटी

Tricity Today | मेगा वैक्सीनेशन अभियान

Gautam Buddh Nagar :  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) के जन्मदिन के मौके पर आज गौतमबुद्ध नगर प्रशासन ने 35 हजार लोगों को कोरोना वायरस की वैक्सीन देने का प्लान बनाया है। इसके लिए जिले में करीब 115 स्थायी-अस्थायी सेंटर बनाए गए हैं। आज सुबह से ही युद्ध स्तर पर टीकाकरण अभियान किया जा रहा है। नोएडा के सभी सरकारी टीकाकरण केंद्रों और जिला अस्पताल के वैक्सीनेशन सेंटर पर लंबी लाइनें लगी है। लोग अपने बारी का इंतजार कर रहे हैं। कुछ निवासी प्रशासन के इंतजाम से खुश हैं। जबकि कुछ ज्यादा देर लगने की वजह से प्रशासन पर आरोप लगा रहे हैं।

बताते चलें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर आज देश के कई राज्यों में मेगा वैक्सीनेशन अभियान चल रहा है। उत्तर प्रदेश सरकार ने भी सूबे में आज 35 लाख निवासियों को कोरोना वायरस वैक्सीन देने का लक्ष्य रखा है। सभी 75 जिलों में बड़े स्तर पर टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। गौतमबुद्ध नगर में भी 35 हजार निवासियों को वैक्सीन दी जाएगी। जिला स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन पहले से ही इसकी तैयारियों में जुटा था। अभियान को सफल बनाने के लिए पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन का स्टॉक रखा गया है।

अफसरों का कहना है कि जिला अस्पताल समेत जनपद के सभी सरकारी वैक्सीनेशन सेंटर पर टीके की पर्याप्त डोज उपलब्ध है। साथ ही  नए काउंटर बनाए गए हैं। ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को खुराक दी जा सके। नोएडा के जिला अस्पताल में आज सुबह से ही वैक्सीन लगवाने के लिए हजारों की संख्या में लोग लाइनों में लगे हैं। कमोवेश यही हाल जनपद के सभी प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर भी है। हालांकि भारी भीड़ की वजह से सोशल डिस्टेंसिंग के नियम का पूरी तरह पालन नहीं हो पा रहा है।

जानकारी के मुताबिक स्थाई केंद्रों पर स्लॉट बुक करने वाले लोगों का ही टीकाकरण किया जा रहा है। जबकि अस्थाई वैक्सीनेशन सेंटर पर वॉक इन के तहत टीका लगाया जा रहा है। सभी लोगों को अपने साथ आधार कार्ड लाना जरूरी है। अफसरों ने बताया कि 115 केंद्रों में से 70 से ज्यादा अस्थाई केंद्र हैं। यह मेगा अभियान सिर्फ आज चलेगा। इसके लिए शहर के ज्यादातर स्कूलों, बारात घर और सामुदायिक भवन को सेंटर बनाया गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ सुनील कुमार शर्मा का कहना है कि आज 35 हजार लोगों को वैक्सीन की डोज दी जाएगी। हमने इसकी तैयारी की है। यह संख्या निर्धारित लक्ष्य से बढ़ सकती है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.