शहर के 33 मंदिरों और नारी निकेतन को जोड़ा, जानिए आखिर हो क्या रहा है

नोएडा अथॉरिटी की खास पहल : शहर के 33 मंदिरों और नारी निकेतन को जोड़ा, जानिए आखिर हो क्या रहा है

शहर के 33 मंदिरों और नारी निकेतन को जोड़ा, जानिए आखिर हो क्या रहा है

Tricity Today | अथॉरिटी रोजाना इकठ्ठा होने वाले फूलों से खाद और अगरबत्ती बनवा रही है।

  • मंदिरों के फूलों से नारी निकेतन में बन रहीं अगरबत्ती
  • शहर के 33 मंदिरों से निकले कूड़े से कम्पोस्ट खाद बन रही
  • मंदिरों से कूड़ा कलेक्शन के लिए बनाई है अलग व्यवस्था
  • सेक्टर-34 नारी निकेतन के पास कलेक्शन सेंटर बनाया
     
Noida News : नोएडा विकास प्राधिकरण ने एक खास पहल शुरू की है। शहर के 33 मंदिरों और नारी निकेतन को जोड़ दिया है। इस प्रोजेक्ट की बदौलत नारी निकेतन की निवासियों को काम मिल गया है। दूसरी तरफ शहर के मंदिरों से रोजाना भारी मात्रा में निकलने वाले फूल, फल, पत्ते और दूसरी सामग्री का सदुपयोग हो रहा है। यह सब कूड़े में नहीं फेंका जा रहा है। नोएडा अथॉरिटी रोजाना इकठ्ठा होने वाले फूलों से खाद और अगरबत्ती बनवा रही है। इसके लिए शहर के 33 मंदिरों से रोजाना प्राधिकरण की गाड़ी फूल लेकर नारी निकेतन जाती है।

शहर के 33 मंदिरों से कूड़ा उठाने की अलग व्यवस्था शुरू
नोएडा अथॉरिटी के प्रधान महाप्रबंधक राजीव त्यागी ने बताया कि शहर के मंदिरों में चढ़ाए जाने वाले फूलों को अगले दिन कहां रखा जाए? अब यह समस्या खत्म हो गई है। मंदिर परिसरों की सफाई से निकलने वाला कूड़ा 'डोर टू डोर' कूड़ा कलेक्शन करने जाने वाली गाड़ियों को नहीं दिया जा रहा है। शहर के सभी मंदिरों में चढ़ाए जाने वाले फूल और दूसरी सामग्री का कलेक्शन अलग से करवाया जा रहा है। इसके लिए प्राधिकरण ने शहर के 33 मंदिरों के लिए एक अलग से गाड़ी रिजर्व कर दी है।

नारी निकेतन के पास अलग केंद्र बनाया
राजीव त्यागी ने बताया, "यह गाड़ी चढ़ाए गए फूल और अन्य सामग्री लेकर सेक्टर-34 में नारी निकेतन के पास जाती है। नारी निकेतन की निवासी इन फूलों से अगरबत्ती बना रही हैं। कचरे से कम्पोस्ट खाद बनाने का काम शुरू हो चुका है। यहां बनने वाली अगरबत्तियां और खाद बाजार में बेचे जाएंगे। इससे होने वाली आय महिलाओं पर खर्च की जाएगी। नारी निकेतन के विकास पर उपयोग की जाएगी। महिलाओं को काम मिल गया है। वह व्यस्त और खुश हैं।"

शहर में गाय का दूध बेचेगी अथॉरिटी
आपको बता दें कि नोएडा शहर के निवासियों के लिए अथॉरिटी गाय का दूध बेचना शुरू करेगी। प्राधिकरण की मुख्य कार्यपालक अधिकारी रितु माहेश्वरी ने मंगलवार को जन स्वास्थ्य विभाग के कामकाज की समीक्षा के दौरान यह जानकारी दी। बैठक में सेक्टर-135 और सेक्टर-14ए की गौशाला को आत्मनिर्भर बनाने पर विचार किया गया। सीईओ ने आदेश दिया कि गायों का दूध शहर के लोगों को मुहैया करवाया जाए। इसके लिए मॉडल विकसित किया जाए। यह काम अगले एक महीने में पूरा किया जाए।

पराग और मदर डेयरी की तर्ज पर डेवलप होगी योजना
नोएडा के सेक्टर-135 में अथॉरिटी का गौवंश-आश्रय स्थल है। पिछले दिनों वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने गौशाला का दौरा किया था। अव्यवस्थाएं मिलने पर नाराजगी जाहिर की थी। जिसके बाद रितु महेश्वरी गौशाला को लेकर सक्रिय हैं। पिछले दिनों उन्होंने खुद गौशाला का दौरा किया। अव्यवस्था के लिए जिम्मेदार तीन अफसरों पर कार्रवाई की थी। अब महेश्वरी चाहती हैं कि यह गौशाला आत्मनिर्भर बने। स्वस्थ और प्रजनन लायक गायों पर विशेष ध्यान दिया जाए। इनको दुग्ध उत्पादन के लिए तैयार किया जा रहा है। प्राधिकरण से मिली जानकारी के मुताबिक गौशाला में दुग्ध उत्पादन और डिस्ट्रीब्यूशन का मॉडल तैयार करने के लिए पराग या मदर डेयरी का सहयोग लिया जाएगा। शहर में कुछ केंद्र बनाकर इस गौशाला का दूध लोगों को दिया जाएगा।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.