सितंबर तक तैयार हो जाएगा एडवांट अंडरपास, सीईओ ऋतु महेश्वरी ने निर्माण का जायजा लिया

खुशखबरी : सितंबर तक तैयार हो जाएगा एडवांट अंडरपास, सीईओ ऋतु महेश्वरी ने निर्माण का जायजा लिया

सितंबर तक तैयार हो जाएगा एडवांट अंडरपास, सीईओ ऋतु महेश्वरी ने निर्माण का जायजा लिया

Tricity Today | सीईओ ऋतु महेश्वरी ने निर्माण का जायजा लिया

Noida News : नोएडा सेक्टर-142 से सेक्टर-168 को जोड़ने वाला एडवांट अंडरपास इस साल सितंबर तक बनकर तैयार हो जाएगा। इसके बाद वाहन चालकों को एक्सप्रेस-वे के दूसरे क्षेत्र में जाने के लिए लंबा चक्कर नहीं काटना पड़ेगा। गाड़ियां अंडरपास के जरिए जल्दी और सीधे गंतव्य तक जा सकेंगी। एक्सप्रेसवे पर महामाया फ्लाईओवर से 10.2 किलोमीटर दूरी पर सेक्टर-142 में स्थित एडवांट बिल्डिंग के सामने अंडरपास का काम चल रहा है। 



नोएडा प्राधिकरण (Noida Authority) की मुख्य कार्यपालक अधिकारी ऋतु महेश्वरी (Ritu Maheshwari IAS) ने गुरुवार को इसके निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रसन्नता जाहिर करते हुए कहा कि इस प्रोजेक्ट का 25 फीसदी काम पूरा कर लिया गया है। शेष निर्माण कार्यों को भी निर्धारित समय सितंबर, 2021 तक पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद इसे आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। 

बताते चलें कि सेक्टर-142 से सेक्टर-168 को जोड़ने वाला यह अंडरपास ट्रैफिक के लिहाज से बेहद अहम है। फिलहाल इन दोनों सेक्टर में जाने वाले वाहनों को लंबा चक्कर काटना पड़ता है। पर इसके निर्माण के बाद वाहन सीधे सेक्टर-168 की तरफ जा सकेंगे। इस अंडरपास के दोनों तरफ 300 मीटर की अप्रोच रोड भी होगी। चार लेन के इस अंडरपास के एक सिरे पर सेक्टर-142 और दूसरे छोर पर सेक्टर-168 है। इसके पास मेट्रो की लाइन है और मेट्रो स्टेशन भी नजदीक है। इसके बनने के बाद एक्सप्रेस-वे के दोनों तरफ के सेक्टर और गांव इससे जुड़ जाएंगे। अभी इन क्षेत्रों में रह रहे लोगों को इधर से उधर जाने के लिए लम्बा चक्कर लगाना पड़ता है। अंडरपास छोटे हैं। जिससे पीक ऑवर्स में ट्रैफिक जाम लग जाता है। 

साइट पर पहुंची अधिकारी ने निर्माण कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से इस संबंध में जानकारी हासिल की। उनके साथ प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। सीईओ ने इसे बनाने वाली कंपनी के पदाधिकारियों से भी वार्ता की। उन्हें काम में तेजी लाने के लिए कहा। अधिकारी ने बताया कि अंडरपास तय समय में बनकर तैयार हो जाएगा। सितंबर-अक्टूबर तक इसे आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। प्राधिकरण का मकसद शहर के लोगों को सुविधाएं मुहैया कराना है। अंडरपास खुलने के बाद लोग सीधे सेक्टर-168 की तरफ जा सकेंगे। उन्हें लंबा चक्कर की जरूरत नहीं पड़ेगी।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.