तीन साल बाद छाया न्यू ईयर पार्टीज का खुमार, देखिए Photos

नोएडा के मॉल युवाओं से खचाखच भरे हैं : तीन साल बाद छाया न्यू ईयर पार्टीज का खुमार, देखिए Photos

तीन साल बाद छाया न्यू ईयर पार्टीज का खुमार, देखिए Photos

Tricity Today | तीन साल बाद छाया न्यू ईयर पार्टीज का खुमार

Noida News : साल 2023 का इस्तकबाल करने के लिए शहर के युवाओं में भरपूर जोश है। दरअसल, पिछले 3 साल बाद न्यू ईयर पार्टीज शहर में हो रही हैं। दो साल पूरी तरह कोरोनावायरस के कारण फैली महामारी की भेंट चढ़ गए। इस बार नोएडा, ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के मॉल खचाखच भरे हुए हैं। पब, बार, होटल, रेस्टोरेंट और डिस्को में पांव धरने की जगह नहीं है।
होटलों की कई साल बाद आई बहार
शहर के तमाम होटल और मॉल पिछले 3 वर्षों से मंदी की मार में हैं। हालत का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि नोएडा और ग्रेटर नोएडा में कई रेस्टोरेंट और बार बंद हो गए। इस साल कोरोनावायरस के संक्रमण से मुक्ति मिली तो भरपूर जोश के साथ होटल इंडस्ट्री पटरी पर वापस लौटने की कोशिश कर रही है। नए साल के जश्न को भुनाने के लिए शहर के होटल, रेस्टोरेंट और मॉल ने कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी है।

युवाओं की भीड़ जश्न मनाने उमड़ी
हॉस्पिटैलिटी इंडस्ट्री ने तैयारी की है तो दूसरी तरफ युवाओं में भी भरपूर जोश है। शहर के तमाम डिस्को, पब और बार पूरी तरह भरे हुए हैं। अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि जगह नहीं मिलने के कारण बड़ी संख्या में युवक और युवतियां नोएडा के मॉल्स के बाहर भीड़ लगाकर खड़े हुए हैं। सारे वैन्यू खचाखच भरे हैं। जगह नहीं होने के कारण एंट्री मिलना मुश्किल हो गया है। मिली जानकारी के मुताबिक तमाम युवक और युवतियां एंट्री हासिल करने के लिए बड़ी-बड़ी सिफारिश लगा रहे हैं।
शहर की सड़कों पर भी भारी भीड़
रात 8:00 बजे से शहर की सड़कों पर हैवी ट्रैफिक है। कई जगहों पर तो जाम जैसे हालात बने हुए हैं। शहर का यातायात संभालने के लिए गौतमबुद्ध नगर यातायात पुलिस चप्पे-चप्पे पर मौजूद है। दरअसल, रात 8:00 से 12:00 तक शहर के मॉल्स ने पार्टियां ऑर्गेनाइज की हैं। इस बार न्यू ईयर वीकेंड पर है। नए साल का पहला दिन भी रविवार से शुरू हो रहा है। जिसके चलते लंबी छुट्टियां हैं। कामकाज पूरी तरह बंद होने की वजह से भीड़ ज्यादा बढ़ गई है।
पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक बंदोबस्त किए
गौतमबुद्ध नगर पुलिस को इस बार नए साल के जश्न में सामान्य से ज्यादा गतिविधियां और भीड़ होने का पहले से अंदाजा था। लिहाजा, पुख्ता तैयारियां की गई हैं। तीनों जोन के डीसीपी, एडिशनल डीसीपी, एसीपी, थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी सड़कों पर हैं। कमांडो यूनिट्स को शहर में जगह-जगह तैनात किया गया है। खुद पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह शहर में लगातार दौरा कर रही हैं। पुलिस ने हुड़दंग मचाने वालों को सख्त चेतावनी दी है। ऐसे असामाजिक तत्वों से सख्ती से निपटा जाएगा।

लोगों को घर और अस्पताल पहुंचाने के भी इंतजाम
शराब के नशे में कोई अप्रिय घटना ना हो, इससे बचाव के भी पुख्ता बंदोबस्त किए गए हैं। शराब की वजह से कोई दुर्घटना हो तो लोगों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई है। नशे की हालत में सड़कों पर मिलने वाले लोगों को उनके घर पहुंचाने के इंतजाम भी पुलिस ने किए गए हैं।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.