भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एके शर्मा की अगवानी में एक मंच पर आए शहर के सभी संगठन, बताई बड़ी वजह

स्वागत : भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एके शर्मा की अगवानी में एक मंच पर आए शहर के सभी संगठन, बताई बड़ी वजह

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एके शर्मा की अगवानी में एक मंच पर आए शहर के सभी संगठन, बताई बड़ी वजह

Tricity Today | निकाय, संघ, आरडब्लूए और एओए आपसी मतभेद भुलाकर एके शर्मा के अगवानी के लिए एक मंच पर मौजूद

Gautam Buddh Nagar : भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने के बाद अपने पहले नोएडा दौरे पर आए उत्तर प्रदेश बीजेपी के उपाध्यक्ष अरविंद कुमार शर्मा का शहर में जोरदार स्वागत हुआ। शहर के सभी निवासी निकाय, संघ, आरडब्लूए और एओए रविवार, 12 सितंबर को आपसी मतभेद भुलाकर उनकी अगवानी के लिए एक मंच पर मौजूद हुए। एके शर्मा अपने तीन दिवसीय पश्चिमी यूपी के दौरे पर हैं। इसके तहत उनका आज गौतमबुद्ध नगर में आगमन हुआ था। अरविंद कुमार शर्मा गुजरात कैडर के आईएएस अधिकारी रहे हैं। हाल ही में भारतीय जनता पार्टी ने उन्हें यूपी में बड़ी जिम्मेदारी देते हुए विधान परिषद का सदस्य चुना था। वह दादरी विधानसभा के मतदाता हैं और नोएडा को अपना दूसरा घर मानते हैं। 

गौतमबुद्ध नगर के सभी निवासी समूहों ने पहली बार एक साथ आने की पहल की है। क्योंकि नोएडा के निवासियों को उम्मीद है कि एके शर्मा वर्षों से लंबित समस्याओं को हल कराएंगे। नोएडा को यूपी की 'त्रिवेणी' कहते हुए एके शर्मा ने कहा, नोएडा एक औद्योगिक टाउनशिप है, जिसने कई गुना प्रगति की है। न केवल एनसीआर में, बल्कि पूरे देश में लोगों के रहने के लिए यह सबसे पसंदीदा शहर है। जैसे-जैसे निवासियों की संख्या बढ़ी, वैसे-वैसे उनकी समस्याएं भी बढ़ीं। हालांकि, भारतीय जनता पार्टी निवासियों की सभी समस्याओं का समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार हवाई अड्डों से लेकर राजमार्गों तक, औद्योगिक गलियारों, रैपिड रेल और कई अन्य मेगा परियोजनाओं को यथाशीघ्र पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आगे कहा, नोएडा पहले से ही एक स्मार्ट प्लग-एन-प्ले शहर है। यहां बुनियादी ढांचे को इस तरह से विकसित किया गया है कि उद्यमी एवं निवासी सहज महसूस करें। आम आदमी की कोई भी समस्या मेरी निजी समस्या है। इसलिए मैं खुद जनप्रतिनिधियों से मिल रहा हूं। मौके पर मौजूद प्रतिनिधियों ने एके शर्मा का गुलदस्ता देकर स्वागत किया। 

इस मौके पर फोनरवा (FONRWA) के अध्यक्ष योगेन्द्र शर्मा का धन्यवाद देते हुए भाजपा उपाध्यक्ष ने कहा, शहर के सबसे बड़े आरडब्ल्यूए संघों में से एक यह संस्था जिले के लिए आशा की किरण है। फोना (FONAA) के अध्यक्ष संदीप चौहान ने कहा, नोएडा अपनी अनूठी समस्याओं और मांगों के साथ लगातार बढ़ता हुआ शहर है। एके शर्मा जैसे नेता मिलना सौभाग्य की बात है। वो हमारी समस्याओं को समझते हैं और इनका हल कराने के लिए प्रयासरत हैं। हाईराइज सोसाइटी का प्रतिनिधित्व करने वाली संस्था नोफा (NOFAA) के अध्यक्ष राजीव सिंह ने कहा, हमें उम्मीद है कि नौकरशाही और अर्थव्यवस्था में उनकी विशेषज्ञता हमारे काम आएगी और नोएडा के लोगों की सभी समस्याओं का हल निकलेगा। 

एके शर्मा के स्वागत कार्यक्रम में फोनरवा, नोफा, फोना, डीडीआरडब्ल्यूए और हैंडलूम हैंडीक्राफ्ट एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन सहित सभी प्रमुख निवासी निकायों ने भाग लिया। जिले में लगभग 16 लाख पंजीकृत मतदाता है। जबकि निवासियों की कुल संख्या बहुत अधिक है। क्योंकि नोएडा में अस्थायी प्रवासी आबादी भी बहुत है। कार्यक्रम में फोनरवा के अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा, डीडीआरडब्ल्यू के अध्यक्ष एनपी सिंह, फोना के अध्यक्ष संदीप सिंह चौहान, नोफा के अध्यक्ष राजीव सिंह, हथकरघा हस्तशिल्प निर्यातक संघ के अध्यक्ष सीपी शर्मा,  फोना के सचिव मृदुल भाटिया और फोनरवा के कोषाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्रा रहे। कार्यक्रम के मुख्य आयोजक रोहित त्यागी थे।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.