गृहमंत्री अमित शाह आज आएंगे नोएडा, डॉ.महेश शर्मा के लिए मांगेंगे वोट

लोकसभा चुनाव 2024 : गृहमंत्री अमित शाह आज आएंगे नोएडा, डॉ.महेश शर्मा के लिए मांगेंगे वोट

गृहमंत्री अमित शाह आज आएंगे नोएडा, डॉ.महेश शर्मा के लिए मांगेंगे वोट

Tricity Today | गृहमंत्री अमित शाह और डॉ.महेश शर्मा

Noida News : भारत के गृहमंत्री अमित शाह आज शनिवार को नोएडा आ रहे हैं। अमित शाह नोएडा में भाजपा उम्मीदवार डॉक्टर महेश शर्मा के लिए वोट मांगेंगे। करीब एक से डेढ़ घंटे तक अमित शाह नोएडा में रहेंगे। उनका कार्यक्रम जारी हो चुका है। अमित शाह के आने की खबर मिलने के बाद भारतीय जनता पार्टी के सभी नेता तैयारी में लग गए हैं। नोएडा भाजपा अध्यक्ष पिछले एक सप्ताह से अमित शाह के आने की तैयारी कर रहे थे। 

ऊपर से नीचे तक सभी ने झोंकी ताकत
भारतीय जनता पार्टी ने एक बार फिर डॉक्टर महेश शर्मा पर विश्वास जताते हुए गौतमबुद्ध नगर से उम्मीदवार बनाया है। डॉ.महेश शर्मा चौथी बार सांसद पद का चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा हाईकमान चाहती है कि डॉक्टर महेश शर्मा रिकॉर्ड मतों से जीत हासिल करें। इसके लिए ऊपर से नीचे तक सभी नेताओं ने ताकत झोंक दी है। 

बृजेश पाठक और जयंत चौधरी ने भी मांगे वोट
पहले योगी आदित्यनाथ ग्रेटर नोएडा आए थे। उसके बाद उत्तर प्रदेश की डिप्टी सीएम बृजेश पाठक भी आ चुके हैं। कुछ दिनों पहले विपक्ष में रहे राष्ट्रीय लोक दल के नेता और अध्यक्ष जयंत चौधरी ने भी डॉक्टर महेश शर्मा के लिए गौतमबुद्ध नगर लोकसभा में वोट मांगने का काम किया है। अब शनिवार को अमित शाह डॉक्टर महेश शर्मा के लिए वोट मांगने आ रहे हैं। उसके बाद राजनाथ सिंह भी आ सकते हैं, इसको लेकर जिले में चर्चा चल रही है।

चौथी बार मैदान में डॉ.महेश शर्मा
डॉ.महेश शर्मा ने पहली बार वर्ष 2009 में चुनाव लड़ा था। उस चुनाव में उनको हार का सामना करना पड़ा था। भाजपा से डॉक्टर महेश शर्मा और बसपा से सुरेंद्र सिंह नागर के बीच कांटे की टक्कर हुई थी, जिसमें सुरेंद्र सिंह नागर सांसद बन गए थे। उसके बाद वर्ष 2014 में हुए लोकसभा चुनाव में डॉक्टर महेश शर्मा ने जीत हासिल की। उन्होंने समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार नरेंद्र भाटी को हरा दिया था। नरेंद्र भाटी अब भाजपा में हैं और एमएलसी हैं। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की टिकट पर डॉ.महेश शर्मा का मुकाबला बहुजन समाज पार्टी के उम्मीदवार सतवीर गुर्जर से हुआ। जिसमें डॉक्टर महेश शर्मा को 8,30,812 वोट मिले। जबकि, सतवीर गुर्जर को 4,93,890 वोट मिले थे। महेश शर्मा ने बड़ी जीत हासिल की थी। अब चौथी बार डॉ.महेश शर्मा सांसद का चुनाव लड़ेंगे।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.