गौतमबुद्ध नगर में भाजपा नेताओं ने मनाया पीएम नरेंद्र मोदी का जन्मदिन, शुरू किया ये खास अभियान

PM Modi Birthday : गौतमबुद्ध नगर में भाजपा नेताओं ने मनाया पीएम नरेंद्र मोदी का जन्मदिन, शुरू किया ये खास अभियान

गौतमबुद्ध नगर में भाजपा नेताओं ने मनाया पीएम नरेंद्र मोदी का जन्मदिन, शुरू किया ये खास अभियान

Google Image | सेवा समर्पण अभियान

Noida News : देश के लोकप्रिय नेता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आज, 17 सितंबर को 71वां जन्मदिन है। भारतीय जनता पार्टी के नेता और कार्यकर्ता पूरे देश में अलग-अलग तरह से उनका जन्मदिन मना रहे हैं। नोएडा में भी भाजपा के जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने आज सेवा समर्पण अभियान की शुरुआत की। पार्टी ने सामाजिक सरोकारों और समाज सेवा के साथ पीएम के जन्मदिन को मनाया। सांसद डॉ महेश शर्मा, पार्टी के वेस्ट यूपी के क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल और नोएडा के विधायक पंकज सिंह समेत सभी वरिष्ठ पदाधिकारी और बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं ने सेवा समर्पण अभियान के तहत जगह-जगह सेवा कार्य किया। 

सबसे पहले फल वितरण का कार्यक्रम शुरू हुआ। इसके तहत सांसद डॉक्टर महेश शर्मा ने सरकारी अस्पताल सेक्टर-30 में मरीज़ों को वार्ड में जा कर फल वितरित किए। सेक्टर-110 के भंगेल सामुदयिक स्वास्थ्य केंद्र में नोएडा के विधायक पंकज सिंह और मनोज गुप्ता ने मरीज़ों को फल बांटा। बाद में सांसद डॉ महेश शर्मा ने सेक्टर-115 के सोरखा में स्थित गुरुकुल वृद्धाश्रम में फल वितरण किए। यह कार्यक्रम भाजपा के ओबीसी मोर्चा और अनुसूचित जाति मोर्चा ने संयुक्त रूप से किया। 

सांसद डॉक्टर महेश शर्मा ने पीएम को बधाई देते हुए कहा, राष्ट्र को निरंतर नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए हमारे देश के लोकप्रिय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। राष्ट्रनिर्माण के लिए समर्पित उनका जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। इसीलिए इस सेवा समर्पण अभियान के माध्यम से हमें भी सेवा कार्यों में पूरी निष्ठा के साथ अपना दायित्व निभाना चाहिए।  

बाद में सेक्ट-51 में स्थित आनंदी फार्म हाउस में प्रधानमंत्री के 71वें जन्मदिन पर 71 जवानों और 71 किसानों का सम्मान किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अथिति के रूप में क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल रहे। उनके साथ विधायक पंकज सिंह, राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नगर, क्षेत्रीय किसान मोर्चा अध्यक्ष तेजा गुर्जर, महानगर अध्यक्ष मनोज गुप्ता, नोएडा प्रभारी बसंत त्यागी, किसान मोर्चा राष्ट्रीय सदस्य बृजपाल चौहान, प्रदेश किसान मोर्चा मीडिया प्रभारी अमित त्यागी आदि मौजूद रहे। ये कार्यक्रम भाजपा किसान मोर्चा ने आयोजित किया।

इस मौक़े पर पंकज सिंह ने प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने कहा, आज यशस्वी प्रधानमंत्री अपने निर्णय लेने की क्षमता, कल्पनाशीलता और दूरदृष्टि के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने भारत को एक ‘आत्मनिर्भर भारत’ का स्वरूप देने का जो संकल्प लिया है, वह उनके विज़न और प्रबल इच्छाशक्ति का प्रतीक है। हम सभी को उनके विज़न को पूर्ण करने में अपना हर सम्भव सहयोग देना चाहिए। किसानों के सम्मान समारोह पर उन्होंने कहा, हमारे देश किसानों का देश है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विज़न में देश के किसान सबसे ऊपर है। उनके विकास के लिए सरकार तात्पर्य है। 

क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल ने कहा, एक समय था जब हमारे बॉर्डर पर दुश्मन अटैक करता था। दिल्ली में बैठी सरकार सोचती रह जाती थी। हमारे कई जवान शहीद हो जाते थे। पर आज नरेंद्र मोदी की सरकार में दुश्मन के सोचने से पहले हम जवाब दे देते हैं। ऐसे मज़बूत नेतृत्व, दृढ़-इच्छाशक्ति और कल्याणकारी नीतियों वाले प्रधानमंत्री को हम सब मिल कर जन्मदिन पर बधाई देते हैं। 

इन सभी कार्यक्रमों में मनोज गुप्ता, ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष उमेश यादव, अनुसूचित जाति मोर्चा अध्यक्ष इंद्रजीत जाटव, किसान मोर्चा अध्यक्ष ओमवीर आवना, मंडल अध्यक्ष राम मेहर कौशिक, गोपाल गौर, उमेश त्यागी, योगेन्द्र चौधरी महेश अवाना, मनीष शर्मा, गिरिजा सिंह, तन्मय शंकर, मनोज चौहान, रवि यादव, प्रमोद बहल, चमन अवाना, राम निवास यादव, मुक्तानंद शर्मा, गणेश जाटव, लोकेश यादव, विक्रम सिंह, शारदा चतुर्वेदी, पुष्पा भट्ट, शिवानी शारदा, मनमोहन चौहान, नवाब चौधरी, भगत भाटी, अजय गौतम आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.