श्रीकांत त्यागी के पक्ष में बवाल करने वाले भी भाजपा नेता निकले, गाजियाबाद से आए थे

Shrikant Tyagi : श्रीकांत त्यागी के पक्ष में बवाल करने वाले भी भाजपा नेता निकले, गाजियाबाद से आए थे

श्रीकांत त्यागी के पक्ष में बवाल करने वाले भी भाजपा नेता निकले, गाजियाबाद से आए थे

Tricity Today | लोकेंद्र त्यागी

Noida News : नोएडा की ओमैक्स ग्रैंड हाउसिंग सोसायटी में तथाकथित भाजपा नेता श्रीकांत त्यागी की गुंडागर्दी का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। रविवार की रात करीब 8:00 बजे 15-20 लड़के ओमेक्स ग्रैंड हाउसिंग सोसाइटी में घुस गए। इन लोगों ने बवाल किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने 6 युवकों को गिरफ्तार कर लिया। बाकी मौके से फरार हो गए हैं। बड़ी बात यह है कि पकड़े गए युवकों में भारतीय जनता पार्टी के नेता शामिल हैं। इनके वीडियो सोशल मीडिया पर आने के तुरंत बाद लोगों ने भाजपा के बड़े-बड़े नेताओं के साथ उनके फोटो भी साझा करने शुरू कर दिए हैं। मिली जानकारी के मुताबिक यह सारे युवक गाजियाबाद से आए थे। इनमें कुछ भाजपा के अनुसांगिक संगठनों में पदाधिकारी भी हैं। सोसाइटी में घुसे श्रीकांत त्यागी के समर्थन के बाद भीड़ एकत्रित हो गई। इस भीड़ में पकड़ा गया युवक भाजपा नेता बताया जा रहा है। जिसका नाम लोकेंद्र त्यागी है। यह गाजियाबाद में रहता है। सोशल मीडिया पर लोकेंद्र त्यागी की फोटो लोग भाजपा नेता के साथ साझा कर रहे हैं। बागपत सांसद सतपाल सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल, प्रदेश उपमुख्यमंत्री स्वतंत्र देव सिंह, राज्यसभा सांसद कांता कर्दम, गाजियाबाद सांसद वीके सिंह तमाम बड़े नेताओं के साथ लोकेंद्र त्यागी की तस्वीर वायरल हो रही है।

रविवार की रात फिर सोसाइटी को गए डॉक्टर महेश शर्मा
अब रविवार की रात एक बार फिर ओमेक्स ग्रैंड हाउसिंग सोसायटी में श्रीकांत त्यागी समर्थक युवकों ने बवाल काटा है। जिसके बाद डॉक्टर महेश शर्मा सोसाइटी में पहुंचे हैं। सांसद को सोसाइटी की आक्रोशित भीड़ ने घेर लिया। इस पर उन्होंने राज्य के अपर मुख्य सचिव (गृह) अवनीश कुमार अवस्थी को फोन मिलाया। सांसद ने उनसे कहा, "आप पता लगाइए सोसाइटी में 15 लड़के कैसे घुस आए? यहां पुलिस मौजूद नहीं थी। निवासियों ने बुलाया तो भी पुलिस नहीं आई। मैंने सोसाइटी में पहुंचकर ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर लव कुमार को फोन किया। उसके बाद यहां पुलिस आई है। आप इस सबके बारे में पुलिस कमिश्नर से पूछिए।" सांसद यहीं नहीं रुके। उन्होंने आगे कहा, "मुझे यह कहते हुए शर्म महसूस हो रही है कि यहां हमारी सरकार है।"

जिले में आज भी हाई अलर्ट जारी
पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह ने बताया कि श्रीकांत त्यागी को गिरफ्तार करने के लिए 8 टीमों का गठन किया गया है। जिले में आवागमन करने वाले हर वाहन की गंभीरता से जांच की जा रही है। पूरी जांच के बिना कोई भी व्यक्ति ना तो जिले में एंट्री कर पाएगा और ना ही जिले से बाहर जा पाएगा। पिछले 2 दिनों से जिले में हाई अलर्ट जारी है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.