नोएडा में बिलावल भुट्टो के खिलाफ भाजपा का प्रदर्शन, खूब लगाए मुर्दाबाद के नारे

विरोध : नोएडा में बिलावल भुट्टो के खिलाफ भाजपा का प्रदर्शन, खूब लगाए मुर्दाबाद के नारे

नोएडा में बिलावल भुट्टो के खिलाफ भाजपा का प्रदर्शन, खूब लगाए मुर्दाबाद के नारे

Google Image | bilaval Bhutto

Noida : हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी ने एक विवादित बयान दिया है। जिसका विरोध करने के लिए शनिवार की दोपहर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने नोएडा में जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा के महानगर अध्यक्ष मनोज गुप्ता के नेतृत्व में लोग जिलाधिकारी आवास के बाहर एकत्र हुए। बिलावल भुट्टो के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। 'बिलावल भुट्टो' मुर्दाबाद के नारे खूब लगाए। भाजपा ने जिलाधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा है।

नोएडा भाजपा के अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने कहा, "पाकिस्तानी विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो के बयान को लेकर सभी भाजपा कार्यकर्ता आक्रोशित हैं। जिसके कारण नोएडा भाजपा के सभी कार्यकर्ता आज डीएम चौराहा सेक्टर-19 पर बिलावल भुट्टो के ख़िलाफ़ प्रदर्शन करने आए। हमने डीएम साहब को ज्ञापन सौंपा है।" मनोज गुप्ता ने आगे कहा, "बिलावल भुट्टो ने भारत के प्रधानमंत्री पर नहीं बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक पर हमला किया है। पूरी भारतीय जनता पार्टी पाकिस्तानी विदेश मंत्री का विरोध करती है। बिलावल भुट्टो ने अंतरराष्ट्रीय कूटनीति, कायदों और प्रोटोकॉल का उल्लंघन किया है। इसके लिए अंतरराष्ट्रीय समुदाय को बिलावल भुट्टो के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।"

आपको बता दें कि बिलावल भुट्टो पाकिस्तान की पूर्व प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो और पूर्व राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी के बेटे हैं। इसी साल पाकिस्तान में इमरान खान सरकार का पतन होने के बाद पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के भाई शाहबाज शरीफ की अगुवाई में गठबंधन की सरकार अस्तित्व में आई है। जिसमें बिलावल भुट्टो विदेश मंत्री बने हैं। बिलावल भुट्टो पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के चेयरमैन हैं और लरकाना से पाकिस्तानी नेशनल असेंबली के सदस्य हैं।

बिलावल भुट्टो के बयान का देशभर में विरोध किया जा रहा है। शनिवार की सुबह पूरे उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी और उसके अनुसांगिक संगठनों ने जिला मुख्यालयों पर जोरदार प्रदर्शन किए हैं। इसी सिलसिले में मेरठ कलेक्ट्रेट पर भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा ने बिलावल भुट्टो के खिलाफ मार्च निकाला। फिर जिलाधिकारी कार्यालय के सामने एकत्र होकर जोरदार प्रदर्शन किया है। गाजियाबाद, बुलंदशहर, अलीगढ़, आगरा, सहारनपुर और मथुरा से भी भाजपा के प्रदर्शनों की जानकारी मिल रही हैं। दूसरी ओर मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने भी बिलावल भुट्टो के बयान की कड़ी निंदा की है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.