बृजेश का शव पहुंचा सिवान, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

Garden Galleria Murder Case Breaking : बृजेश का शव पहुंचा सिवान, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

बृजेश का शव पहुंचा सिवान, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

Tricity Today | बृजेश के परिजन

Noida News : नोएडा गार्डन गैलरिया मॉल के 'लॉस्ट लेमन' रेस्टोरेंट बार में सोमवार की देर रात आईटी प्रोफेशनल बृजेश राय की हत्या कर दी गई। वह बिहार के सिवान जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र में हसनपुरा गांव के रहने वाले थे। उनका शव गांव में पहुंच गया है। जहां उसका आज अंतिम संस्कार किया जाएगा। इस खबर के बाद गांव में मातम छाया हुआ है। अपने बेटे की मौत की खबर सुनने के बाद मां का रो-रोकर बुरा हाल है। दो भाई और एक बहन में सबसे छोटा बृजेश था। बड़ा भाई बेंगलुरु में इंजीनियर है। पिता श्रीकांत राय रिटायर्ड इंजीनियर हैं। पुलिस ने इस मामले में गार्डन गैलेरिया के लॉस्ट लेमन्स बार के 7 कर्मचारियों को गिरफ्तार कर गुरुवार की दोपहर अदालत में पेश किया है। न्यायालय ने सभी को जेल भेज दिया है।
सोमवार की रात माता-पिता से अंतिम बार बृजेश ने बात की
पूरे हसनपुरा गांव में मातम का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि सोमवार की रात आखिरी बार बृजेश ने अपने माता-पिता से बात की थी। गर्मी की छुट्टी में परिवार सहित गांव आने की बात बृजेश ने मां से कही थी लेकिन देर रात फोन की घंटी बजी तो बेटे की मौत की खबर सुनकर मां अचेत हो गई। बृजेश का शव बुधवार की दोपहर 2 बजे गांव में पहुंच चुका है। इस घटना की सूचना के बाद आसपास के गांवों के लोग भी बृजेश के घर पहुंच रहे हैं। अंतिम संस्कार गांव में ही होगा। राय के पोस्टमार्टम के बाद परिवार वाले नोएडा से शव को लेकर सिवान के लिए मंगलवार देर शाम निकल गए थे। गांव वालों का कहना है कि बृजेश काफी होनहार और मिलनसार था। उसकी यादें गांव में हमेशा रहेंगी।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट एक्सपर्ट ऑपिनियन के लिए भेजी गई
बृजेश कुमार के शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट मंगलवार की शाम नोएडा पुलिस को मिल गई थी। जिसमें पता चला है कि बृजेश कुमार के सिर, पेट और शरीर के कई अंदरूनी हिस्सों में गंभीर चोट लगी हैं। पेट और छाती में आंतरिक रक्तस्राव भी हुए हैं। जिससे प्रतीत होता है कि उनको बुरी तरह लात-घूसों से पीटा गया। उनके सिर पर कोई भारी चीज मारी गई, जो मौत की वजह बनी है। इस पर एडीसीपी रणविजय सिंह ने कहा, "पोस्टमार्टम रिपोर्ट का हम लोगों ने बारीकी से अध्ययन किया है। इन्वेस्टिगेशन और चार्जशीट में बेहतर तथ्य शामिल करने के लिए पीएमआर एक्सपर्ट ऑपिनियन के लिए विशेषज्ञों को भेजी गई है।"

क्या है पूरा घटनाक्रम
नोएडा की एक कंपनी में काम करने वाले बृजेश कुमार सोमवार की रात अपने छह सहकर्मियों के साथ गार्डन गैलरिया मॉल के 'लॉस्ट लेमन' रेस्टोरेंट बार में पार्टी करने गए थे। वहां बिल को लेकर इन लोगों का रेस्टोरेंट स्टाफ से विवाद हो गया। जिसमें बार के बाउंसरों ने सारे लोगों को बुरी तरह पीटा। बृजेश कुमार की इतनी ज्यादा पिटाई कर दी गई कि उनकी मौत हो गई। इसके बाद बार का स्टाफ फरार हो गया। बृजेश के दोस्त उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बृजेश कुमार करीब 4 महीने अपने परिवार के साथ नोएडा शिफ्ट हुए थे। वह शहर की अम्रपाली प्रिंसली एस्टेट हाउसिंग सोसाइटी में रह रहे थे। उनकी पत्नी डीपीएस नोएडा में टीचर हैं।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.