नोएडा में खराब हुई प्रवासी मजदूरों की बस, ट्रैफिक पुलिस ने मदद कर रवाना किया

जिम्मेदारीः नोएडा में खराब हुई प्रवासी मजदूरों की बस, ट्रैफिक पुलिस ने मदद कर रवाना किया

नोएडा में खराब हुई प्रवासी मजदूरों की बस, ट्रैफिक पुलिस ने मदद कर रवाना किया

Tricity Today | खाना वितरित करते पुलिस कर्मी

  • दिल्ली से सवारियों को लेकर निजी ऑपरेटर की एक बस बुधवार की देर रात बिहार के लिए रवाना हुई थी
  • नोएडा सेक्टर-16A फिल्म सिटी के पास बस में तकनीकी खामी आ गई और बस वहीं ठहर गई
  • मुसाफिरों में 15 से 20 बच्चे 10 साल के थे
  • ऑपरेटर को कॉल कर दूसरी बस का इंतजाम कराया गया
  • भारी संख्या में यूजर्स ने नोएडा पुलिस की तारीफ की
नागरिकों की सुरक्षा और सेवा को समर्पित गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने गुरुवार की सुबह एक और मिसाल पेश की। दिल्ली से सवारियों को लेकर निजी ऑपरेटर की एक बस बुधवार की देर रात बिहार के लिए रवाना हुई थी। लेकिन नोएडा सेक्टर-16A फिल्म सिटी के पास बस में तकनीकी खामी आ गई और बस वहीं ठहर गई। लॉकडाउन की वजह से पलायन कर रहे प्रवासी मजदूर बस में सवार थे। उनके साथ छोटे बच्चों और महिलाओं की संख्या ज्यादा थी। गुरुवार की सुबह नोएडा ट्रैफिक पुलिस के इंस्पेक्टर आशुतोष कुमार सिंह और उनकी टीम मौके से गुजर रही थी। उन्होंने मुसाफिरों को परेशान हालत में देखा, तो तुरंत उनके खाने-पीने का इंतजाम कराया। ऑपरेटर से दूसरी बस का बंदोबस्त कराया। तब मुसाफिर बिहार के लिए रवाना हुए। 

बिहार जा रही बस हुई खराब
इंस्पेक्टर आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार की सुबह वह अपनी टीम के साथ नोएडा सेक्टर-16 A फिल्म सिटी के पास से गुजर रहे थे। टीम में उनके साथ टीएसआई जयेंद्र गंगवार, हेड कांस्टेबल योगेश कुमार और कांस्टेबल राजीव बालियान मौजूद थे। उन्होंने बताया कि वे फिल्म सिटी के पास पहुंचे थे। तभी उन्हें सड़क पर खड़ी एक बस दिखाई दी। वहां बड़ी संख्या में मुसाफिर भी चहलकदमी कर रहे थे। वे बेहद परेशान लग रहे थे। पूछताछ में पता चला कि वे सभी दिल्ली से बुधवार की देर रात बिहार के लिए निकले थे। लेकिन यहां पहुंचते-पहुंचते बस में तकनीकी खामी आ गई। इस वजह से सभी लोग यहां फंस गए हैं। 

खाने-पीने और बस का इंतजाम कराया
इंस्पेक्टर आशुतोष ने बताया कि पीछे से बिहार के लिए दूसरी बसें भी आ रही थीं। लेकिन उनमें इतनी बड़ी संख्या में यात्रियों को बैठाने की जगह नहीं थी। पलायन के चलते बसें पहले से ही भरकर आ रही हैं। उन्होंने बताया कि उनकी टीम ने मुसाफिरों की परेशानी को समझते हुए उनके खाने-पीने का इंतजाम कराया। खाने के बंद पैकेट मंगाए गए और सभी यात्रियों को वितरित किया गया। मुसाफिरों में 15 से 20 बच्चे 10 साल के थे। सभी भूखे-प्यासे बेहाल हो रहे थे। खाने और नमकीन-बिस्किट के पैकेट से उन्हें बेहद राहत मिली। उन्होंने बताया कि ऑपरेटर को कॉल कर दूसरी बस का इंतजाम कराया गया। दोपहर करीब 12:30 बजे सारे यात्री नई बस में बैठकर गंतव्य के लिए रवाना हुए। यात्रियों ने पुलिसकर्मियों को धन्यवाद दिया और बिहार के लिए प्रस्थान किया। 

सोशल मीडिया ने सराहा
नोएडा पुलिस ने इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। सैकड़ों की संख्या में यूजर्स ने नोएडा पुलिस की तारीफ की और इस सेवाभाव के लिए धन्यवाद दिया। लोगों का कहना है कि पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह की अगुवाई में गौतमबुद्ध नगर पुलिस सेवा-सुरक्षा और समर्पण की मिशाल पेश कर रही है। जिले में पुलिसिंग व्यवस्था में जबरदस्त सुधार हुआ है। खास तौर पर पुलिस और पब्लिक के बीच की खाई मिटती नजर आ रही है। शहर की तंग गलियों से लेकर यमुना एक्सप्रेसवे (Yamuna Expressway) तक गौतमबुद्ध नगर पुलिस हर जगह मदद के लिए तत्पर रहती है। पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह ने भी टीम की तारीफ कर हौसला बढ़ाया है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.