Noida News : नोएडा की ओमेक्स ग्रैंड सोसाइटी में महिला से बदसलूकी करने वाले श्रीकांत त्यागी पर नोएडा पुलिस लगातार शिकंजा कस रही है। उसके साथ रहने वाले 4 लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया। उनसे पूछताछ की जा रही है। नोएडा पुलिस ने उसकी चार कारें सीज की हैं। तीन कारें मोटर व्हीकल एक्ट के नियमों का उल्लंघन करने पर सीज की गई हैं। एक कार पर प्रदेश सरकार के राजकीय चिन्ह का गलत प्रयोग किया गया है। मिली जानकारी के मुताबिक इस कार पर एमएलए लिखा यूपी विधानसभा का स्टिकर लगा हुआ है। पुलिस ने इस पर अलग से एफआईआर दर्ज़ की गई है। नोएडा के एडिशनल डीसीपी (लॉ एन्ड आर्डर) रणविजय सिंह ने यह जानकारी दी है।
गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने श्रीकांत को सुरक्षा नहीं मिली
एडीसीपी कुमार रणविजय सिंह ने कहा, "गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने श्रीकांत त्यागी को कोई सुरक्षा मुहैया नहीं करवाई है। उसके खिलाफ कार्रवाई चल रही है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार करने के लिए दबिश दी हैं। उसके घर से तीन कारें सीज की गई हैं। मोटर व्हीकल एक्ट के नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों को जब्त कर लिया गया है। एक कार पर उत्तर प्रदेश सरकार का राजकीय चिन्ह लगा मिला है। यह पूरी तरह राजकीय चिन्ह का दुरुपयोग है। इस मामले में भी उसके खिलाफ अलग से मुकदमा दर्ज किया गया है। गौतमबुद्ध नगर पुलिस श्रीकांत त्यागी को गिरफ्तार करने के लिए भरसक प्रयास कर रही है। उसकी तलाश में दिल्ली-एनसीआर, वेस्टर्न यूपी और कई दूसरे राज्यों में दबिश दी गई हैं। पुलिस कमिश्नरेट के अफसरों की निगरानी में कई टीमों का गठन किया गया है।"
घटना को लेकर वैश्य समाज में गुस्सा
सेक्टर-93बी में स्थित ओमेक्स ग्रैंड हाउसिंग सोसाइटी में एक वैश्य समाज की महिला के साथ तथाकथित भाजपा नेता श्रीकांत त्यागी ने बदतमीजी और मारपीट की। इस मामले के बाद वैश्य समाज के लोगों में तथाकथित भाजपा नेता श्रीकांत त्यागी के खिलाफ भारी रोष है। उन्होंने शनिवार को सेंट्रल नोएडा के पुलिस उपायुक्त को ज्ञापन देते हुए मांग की है कि ऐसे अपराधी व्यक्ति के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। सेंट्रल नोएडा डीसीपी ने नोएडा वैश्य संगठन को आश्वासन दिया है कि श्रीकांत त्यागी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश देना शुरू कर दिया है।