नोएडा प्राधिकरण पर प्रदर्शन करने पहुंचे 1000 किसानों पर मुकदमा दर्ज, सुखवीर पहलवान और अनिल यादव समेत 50 नामजद

बड़ी खबर : नोएडा प्राधिकरण पर प्रदर्शन करने पहुंचे 1000 किसानों पर मुकदमा दर्ज, सुखवीर पहलवान और अनिल यादव समेत 50 नामजद

नोएडा प्राधिकरण पर प्रदर्शन करने पहुंचे 1000 किसानों पर मुकदमा दर्ज, सुखवीर पहलवान और अनिल यादव समेत 50 नामजद

Tricity Today | किसानों ने बैरिकेडिंग तोड़कर कार्यालय में घुसने का प्रयास किया

Noida News : नोएडा प्राधिकरण (Noida Authority) के खिलाफ पिछले 27 दिन से प्रदर्शन कर रहे किसानों ने सोमवार को जमकर हंगामा किया। किसानों ने बैरिकेडिंग तोड़कर कार्यालय में घुसने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई। इस पर कार्रवाई करते हुए नोएडा सेक्टर-20 थाना पुलिस ने 50 लोगों को नामजद किया है। जबकि 1000 से अधिक लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इन सभी पर धारा 144 का उल्लंघन, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और सरकारी कार्य में बाधा डालने समेत तमाम गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ है।

81 गांवों के किसान कर रहे प्रदर्शन
बताते चलें कि नोएडा प्राधिकरण से अपनी चार अहम मांगों को लेकर 81 गांवों के हजारों किसान 1 सितंबर से लगातार विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं। सोमवार को भी किसान नोएडा प्राधिकरण कार्यालय पहुंचने की फिराक में थे। किसानों के हुजूम ने बैरिकेडिंग हटाकर अंदर पहुंचने का प्रयास किया। पुलिस बलों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। माहौल तनावपूर्ण रहा। इसके चलते प्राधिकरण का कामकाज प्रभावित हुआ। इसके बाद अथॉरिटी के एक जेई ने सेक्टर-20 थाना पुलिस में तहरीर दी। जिस पर मुकदमा दर्ज हुआ है। 

50 नेता नामजद हुए
इसमें 50 लोगों को नामजद किया गया है। जबकि 1000 से अधिक लोगों को आरोपी बनाया गया है। आंदोलन का नेतृत्व कर रहे भारतीय किसान परिषद के अध्यक्ष सुखवीर पहलवान और कांग्रेस के नेता अनिल यादव को नामजद बनाया गया है। नोएडा के एडीसीपी रणविजय सिंह ने बताया, हमें प्राधिकरण के कर्मचारी की तहरीर मिली है। उसके आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।

किसानों ने मुख्य मार्ग पर जमकर नारेबाजी की। पुलिस के साथ धक्का-मुक्की हुई। तीखी नोकझोंक हुई। किसानों ने विकास प्राधिकरण और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की है। किसानों का कहना है कि जब तक उनकी सारी मांगे पूरी नहीं होंगी, यह आंदोलन जारी रहेगा। दूसरी ओर सुरक्षा इंतजामों को पुख्ता करते हुए पुलिस कमिश्नरेट ने नोएडा अथॉरिटी को चारों ओर से घेर रखा है। बड़ी संख्या में पुलिस और पीएसी को तैनात किया गया है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.