नोएडा में शुरू हुआ चंद्रो तोमर शूटिंग रेंज, धीरेंद्र सिंह बोले- हर एक महिला अपने में देखेगी शूटर दादी

गर्व की बात : नोएडा में शुरू हुआ चंद्रो तोमर शूटिंग रेंज, धीरेंद्र सिंह बोले- हर एक महिला अपने में देखेगी शूटर दादी

नोएडा में शुरू हुआ चंद्रो तोमर शूटिंग रेंज, धीरेंद्र सिंह बोले- हर एक महिला अपने में देखेगी शूटर दादी

Tricity Today | चंद्रो तोमर शूटिंग रेंज की शुरुआत हुई

Noida News : आज नोएडा में चंद्रो तोमर शूटिंग रेंज की शुरुआत हुई है। शूटर दादी के नाम से मशहूर चंद्रो तोमर को नोएडा का शूटिंग रेंज समर्पित किया गया है। करीब 20 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले इस शूटिंग रेंज का नाम चंद्रो तोमर शूटिंग रेंज दिया गया, जिसकी आज शुरुआत हो गई है।

धीरेंद्र सिंह ने की थी मांग
करीब 7 महीने पहले गौतमबुद्ध नगर जेवर से भाजपा विधायक धीरेंद्र सिंह ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एक पत्र लिखा था। जिस पत्र में धीरेंद्र सिंह ने नोएडा में बनने वाले नोएडा शूटिंग रेंज का नाम हटाकर चंद्रो तोमर शूटिंग रेंज रखने की मांग की थी। धीरेंद्र सिंह की इस मांग पर योगी आदित्यनाथ ने सहमति जताते हुए 22 जून 2021 को धीरेंद्र सिंह की इस मांग पर मुहर लगा दी गई थी। धीरेंद्र सिंह ने योगी आदित्यनाथ से कहा था कि यह चंद्रो तोमर को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

60 साल के बाद किया ऐतिहासिक कार्य
धीरेंद्र सिंह ने इस दौरान कहा, "चंद्रो तोमर नारी सशक्तिकरण की अप्रतिम प्रतीक रही थीं। चंद्रो तोमर ने जब निशानेबाजी को अपनाया, तब उनकी उम्र 60 वर्ष से अधिक थी, लेकिन इसके बाद भी उन्होंने कई राष्ट्रीय प्रतियोगिताएं जीती। पहले महिलाएं अपने घरों से बाहर निकल नहीं पाती थीं, लेकिन अब इसमें बदलाव आया है। अब हर क्षेत्र में महिलाओं ने अपनी सफलता के झंडे भी गाड़े हैं, जिसके चलते महिलाएं हर क्षेत्र में सफलता के नए-नए मापदंड स्थापित कर रही हैं। इसलिए वे मजबूत हौसलों के साथ आगे बढ़ें।"

चंद्रो तोमर के जज्बे को सलाम
धीरेंद्र सिंह ने उनके जज्बे को सलाम करते हुए कहा, "स्वर्गीय दादी चंद्रो तोमर इसकी जीती जागती उदाहरण है कि उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आयोजित कई प्रतियोगिताओं में भाग लिया और देश और प्रदेश का नाम रोशन किया। चंद्रो तोमर देश की हर एक नारी शक्ति के लिए प्रेरणा बनकर उभरी है। भले ही इस दुनिया में चंद्रो तोमर ना हो, लेकिन हर एक निशानेबाज के दिल में वह हमेशा जिंदा रहेंगी।"

कौन है शूटर दादी चंद्रो तोमर
दादी चंद्रो तोमर बागपत की रहने वाली थीं। वह दुनिया की सबसे उम्रदराज निशानेबाज थीं। इसी साल 30 अप्रैल को कोरोना वायरस से उनका निधन हो गया था। मेरठ के एक अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। मगर वह कोरोना वायरस को नहीं हरा सकीं। 21 जून को ही विधायक ने मुख्यमंत्री को लिखे अपने खत में शूटिंग रेंज को दादी चंद्रो तोमर के नाम पर रखे जाने की मांग की थी। उन्होंने कहा था कि ऐसा करके महिला सशक्तिकरण को बल दिया जा सकेगा। सही मायने में यह उन्हें श्रद्धांजलि होगी। इस फैसले से उनके नाम को अमरत्व मिलेगा। हमारी आने वाली पीढ़ी उन्हें याद करेगी।

एक साथ 66 शूटर हिस्सा ले सकेंगे
सेक्टर-21ए में बना शूटिंग रेंज में एक साथ 66 शूटर हिस्सा ले सकेंगे। नोएडा प्राधिकरण ने 4,450 वर्ग मीटर में करीब 20 करोड़ रुपए की लागत से इसको बनाया था। इसमें सिविल के कामकाज की 14 और 6 करोड़ बिजली विभाग की लागत आई थी। इसका शुभारंभ 25 जनवरी 2021 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया था। इसमें 700 लोगों के बैठने की व्यवस्था है। यहां पर कोच, जज रूम के अलावा कॉन्फ्रेंस रूम सहित कई सुविधाएं हैं। इसका शुभारंभ होने के बाद इसमें यूपी स्टेट राइफल एसोसिएशन की ओर से मार्च महीने में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। तब तक इसके संचालन के लिए एजेंसी का चयन नहीं हो सका था। अब नोएडा प्राधिकरण ने एजेंसी का चयन कर लिया है। इसका जिम्मा मानव रचना एजेंसी को सौंपा है।

इस शूटिंग रेंज में तीन श्रेणी के शूटिंग स्टेशन बनाए - 
              वर्ग                        स्टेशन
  1. 10 मीटर                    33
  2. 25 मीटर                    16
  3. 50 मीटर                    17

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.