7X सोसायटीज के बीच धूमधाम से मन रहा छठ पर्व, इस संस्था ने किए इंतजाम

नोएडा : 7X सोसायटीज के बीच धूमधाम से मन रहा छठ पर्व, इस संस्था ने किए इंतजाम

7X सोसायटीज के बीच धूमधाम से मन रहा छठ पर्व, इस संस्था ने किए इंतजाम

Tricity Today | 7X सोसायटीज के बीच धूमधाम से मन रहा छठ पर्व

  • - छठव्रतियों ने खरना की पूजा कर परिवार के सुख-समृद्धि की कामना की
  • - सेक्टर-75 के सेंट्रल पार्क में प्रवासी महासंघ ने छठघाट तैयार करवाया है
Noida News : शहर की सेवन एक्स हाउसिंग सोसाइटीज के बीच छठ महापर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। अखिल भारतीय प्रवासी महासंघ ने सेक्टर-75 में एक कृत्रिम तालाब बनवाया है। महासंघ और सूर्यदेव पूजा समिति नोएडा के अध्यक्ष मुन्ना कुमार शर्मा ने बताया है कि सूर्योपासना के महान पर्व छठ की तैयारियां नोएडा के कई सेक्टरों में जोरों से चल रही हैं। भगवान सूर्य को अर्घ्य देने के लिए सेक्टर-75 की गोल्फ सिटी और पंचशील प्रतिष्ठा के बीच स्थित पार्क में छठ घाट बनाया गया है। घाट के निकट सूर्यपिंड पूर्ण रूप से निर्मित हो चुका है।

मुन्ना कुमार शर्मा ने बताया कि घाट में स्वच्छ जल और प्रकाश की उत्तम व्यवस्था की जा रही है। समिति की ओर से कार सेवा का आयोजन करके छठ घाट और पार्क को पूर्ण रूप से साफ-सुथरा किया गया है। रविवार को श्री सूर्यदेव पूजा समिति के तत्वावधान में सेक्टर-75 के सेंट्रल पार्क में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया जा रहा है। सायं 6 बजे से आयोजित कार्यक्रम में प्रसिद्ध गायिका क्षमा पांडेय, प्रीति प्रकाश, पिंकी मंडल और गायक देवेश कुंदन सहित कई कलाकार प्रस्तुतियां देंगे।

मुन्ना कुमार शर्मा ने बताया कि छठ आयोजन में हिंदी, भोजपुरी, मैथिली, मगही, अंगिका और पंजाबी सहित कई लोक भाषाओं में लोकगीतों का भव्य प्रस्तुतिकरण किया जाएगा। अखिल भारतीय प्रवासी महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बताया कि सूर्योपासना के महान छठ पर्व के दूसरे दिन कार्तिक शुक्ल पंचमी को छठ व्रतियों ने अपने-अपने घरों में खरना की पूजा की है। स्नान करके छठ व्रतियों ने सबसे पहले रोटी, चना दाल, चावल का पिट्ठा, चावल और गुड़ की खीर आदि का प्रसाद बनाया। फिर उन्होंने सिंदूर, पान, कसेली, लौंग, कपूर और प्रसाद के साथ भगवान सूर्य और षष्ठी देवी की पूजा की। पूजा के उपरांत छठ व्रतियों ने प्रसाद ग्रहण किया और अपने परिवार के सदस्यों और पड़ोसियों को प्रसाद खिलाया है। प्रसाद ग्रहण करने के उपरांत छठ व्रतियों का 36 घन्टे का निर्जला व्रत शुरू हो गया है। अब छठ व्रती 36 घन्टे तक अन्न और जल ग्रहण नहीं करेंगे।

रविवार को कार्तिक शुक्ल षष्ठी के सायं काल अस्तांचलगामी भगवान सूर्य को जल से अर्घ्य दिया जाएगा। 31 अक्टूबर को कार्तिक शुक्ल सप्तमी के प्रातः काल उदीयमान भगवान सूर्य को दूध और जल से अर्घ्य दिया जाएगा।अर्घ्य के उपरांत छठ व्रती छठ घाट के निकट बने सूर्य पिंडों के पास बैठकर भगवान भास्कर की पूजा करेंगी। अर्घ्य और पूजा के उपरांत छठ व्रतियों का 36 घन्टे का निर्जला व्रत समाप्त हो जाएगा। उनके पारण के बाद चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन हो जाएगा।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.